तेज रफ्तार जुगाड़ गाड़ी की टक्कर से होम्योपैथिक चिकित्सक की मौत

Edited by RAJKISHOR K
Updated:
विज्ञापन

कचना थाना क्षेत्र के करणपुर हनुमान चौक पर मंगलवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई. हादसे के बाद क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई.

विज्ञापन

– इकलौते बेटे को खोकर परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़

कटिहार के बारसोई से रिपोर्ट,

बारसोई प्रखंड के कचना थाना क्षेत्र के करणपुर हनुमान चौक पर मंगलवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई. हादसे के बाद क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई. लोगों ने तेज रफ्तार जुगाड़ गाड़ियों पर सख्त कार्रवाई की मांग उठाई है. जानकारी के अनुसार बिहार से लकड़ी लादकर पश्चिम बंगाल की ओर जा रही एक तेज रफ्तार जुगाड़ गाड़ी ने सड़क किनारे खड़े युवक को जोरदार टक्कर मार दी. प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि युवक अपनी मोटरसाइकिल सड़क किनारे खड़ी कर किसी का इंतजार कर रहा था. इसी दौरान अनियंत्रित जुगाड़ गाड़ी ने उसे अपनी चपेट में ले लिया. टक्कर लगने के बाद युवक सड़क पर गिर पड़ा और वाहन का एक पहिया उसके ऊपर चढ़ गया. जिससे उसकी घटनास्थल पर ही दर्दनाक मौत हो गई. मृतक की पहचान पश्चिम बंगाल के उत्तर दिनाजपुर जिले के रायगंज थाना क्षेत्र स्थित चौधरीपाड़ा भाटोल निवासी सईदुल इस्लाम के इकलौते पुत्र रफीक चौधरी के रूप में हुई है. परिजनों ने बताया कि रफीक ने हाल ही में होम्योपैथिक डॉक्टर की डिग्री प्राप्त की थी.

दोषी के विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई की परिजनों ने की मांग

परिवार की उम्मीदों का केंद्र था. उनकी असमय मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है. मृतक के पिता सईदुल इस्लाम ने चालक की लापरवाही को हादसे का कारण बताते हुए दोषी के विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई की मांग की है. उन्होंने कहा कि उनके इकलौते बेटे को लापरवाह चालक ने उनसे हमेशा के लिए छीन लिया. घटना के बाद स्थानीय जनप्रतिनिधि जमाल अंसारी, राजकुमार दास, पंकज दास तथा ग्रामीण बताशु दास, मुस्ताक आलम और हसन चौधरी ने प्रशासन से क्षेत्र में जुगाड़ गाड़ियों के परिचालन पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने की मांग की. साथ ही करणपुर हनुमान चौक पर पुलिस बैरिकेडिंग एवं नियमित निगरानी की व्यवस्था सुनिश्चित करने की भी मांग उठाई गई. ताकि भविष्य में इस प्रकार की दुर्घटनाओं पर रोक लगाई जा सके.

दुर्घटनाग्रस्त जुगाड़ गाड़ी जब्त, फरार चालक की गिरफ्ततारी को की जा रही छापेमारी, थानाध्यक्ष

कचना थानाध्यक्ष आनंद कुमार ने बताया कि मृतक के पिता द्वारा दिए गए आवेदन को यातायात पुलिस के पास अग्रेषित कर दिया है. दुर्घटनाग्रस्त जुगाड़ गाड़ी को जब्त कर थाना परिसर में रखा गया है. फरार चालक की तलाश के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है. गौरतलब है कि बारसोई क्षेत्र में जुगाड़ गाड़ियों के परिचालन पर रोक लगाने को लेकर एसडीओ राजू कुमार पहले ही सभी थाना प्रभारियों को निर्देश जारी कर चुके हैं. इसके बावजूद सड़कों पर जुगाड़ गाड़ियों का संचालन जारी है. जिससे लगातार दुर्घटनाएं हो रही हैं. इस ताजा हादसे ने प्रशासनिक कार्रवाई की प्रभावशीलता पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं.

विज्ञापन
RAJKISHOR K

लेखक के बारे में

By RAJKISHOR K

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन