चंदवा उपस्वास्थ्य केंद्र परिसर बना तबेला, कार्रवाई की मांग
Published by : RAJKISHOR K Updated At : 13 Feb 2026 11:09 PM
चंदवा उपस्वास्थ्य केंद्र परिसर बना तबेला, कार्रवाई की मांग
कोढ़ा प्रखंड के चंदवा पंचायत स्थित हेल्थ एंड वैलनेस सेंटर परिसर में ग्रामीणों द्वारा अतिक्रमण कर मवेशियों को बांधने व जलावन, उपले जमा की जा रही है. इससे अस्पताल की स्वच्छता और व्यवस्था प्रभावित हो रही है. मरीजों व स्वास्थ्यकर्मियों को भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है. प्राप्त जानकारी के अनुसार, फसल कटाई के बाद ग्रामीण अस्पताल परिसर में ही फसल की तैयारी व भंडारण कार्य करने लगते हैं. परिसर में जगह-जगह मवेशियों को बांध दिया जाता है. जलावन सामग्री तथा उपले का ढेर लगा दिया जाता है. इससे गंदगी फैल रही है. मरीजों के इलाज में बाधा उत्पन्न हो रही है. हेल्थ एंड वैलनेस सेंटर की सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारी अमृता कुमारी ने बताया कि ग्रामीणों को कई बार समझाया गया. लेकिन उनकी बातों का कोई असर नहीं हो रहा है. उन्होंने कहा कि अस्पताल परिसर सार्वजनिक संपत्ति है. इसका उपयोग स्वास्थ्य सेवाओं के लिए होना चाहिए, न कि निजी कार्यों के लिए. इस संबंध में चिकित्सा पदाधिकारी अमित आर्य से संपर्क किए जाने पर उन्होंने कहा कि यदि सीएचओ द्वारा उन्हें लिखित सूचना दी जाती है तो संबंधित विभाग को सूचित कर आवश्यक कार्रवाई की जायेगी. स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि समय रहते इस पर रोक नहीं लगाई गई तो अस्पताल की स्वच्छता व्यवस्था और स्वास्थ्य सेवाएं बुरी तरह प्रभावित हो सकती है. ग्रामीणों व प्रशासन से इस दिशा में शीघ्र ठोस कदम उठाने की मांग की जा रही है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










