फलका प्रखंड में अकीदत और शांति के साथ मनाया गया बकरीद का त्योहार; ईदगाहों में नमाज के बाद दी गई कुर्बानी, दुआओं में उठे हजारों हाथ

Updated:
विज्ञापन
फलका प्रखंड में अकीदत और शांति के साथ मनाया गया बकरीद का त्योहार; ईदगाहों में नमाज के बाद दी गई कुर्बानी, दुआओं में उठे हजारों हाथ

नमाज अदा करते लोग

Bakrid Eid Celebration: कटिहार के फलका प्रखंड में त्याग, समर्पण और आपसी सौहार्द का त्योहार ईद-उल-अजहा (बकरीद) बेहद शांतिपूर्ण और अकीदत के माहौल में मनाया गया. सुबह से ही मस्जिदों और ईदगाहों में अकीदतमंदों की भारी भीड़ उमड़ी, जहां सभी ने मिलकर मुल्क और दुनिया में अमन-चैन के लिए विशेष दुआएं मांगीं.

विज्ञापन

Bakrid Eid Celebration: कटिहार के फलका से अली अहमद की रिपोर्ट: कटिहार जिले के फलका प्रखंड क्षेत्र में इस्लाम धर्म का प्रमुख त्योहार ईद-उल-अजहा (बकरीद) पूरे मजहबी बशर्ते, अकीदत और आपसी भाईचारे के साथ संपन्न हुआ. इस पवित्र मौके पर अहले सुबह से ही प्रखंड के तमाम मुस्लिम बाहुल्य इलाकों में भारी उत्साह देखा गया. मुस्लिम भाइयों ने पारंपरिक रूप से सुबह स्नान कर, नए-नए लिबास पहनकर और इत्र की खुशबू महकाकर अपने नजदीकी ईदगाहों और जामा मस्जिदों का रुख किया. ईदगाहों में पंक्तिबद्ध होकर अल्लाह की बारगाह में बकरीद की विशेष नमाज अदा की गई, जिसके बाद पूरे विश्व में सुख, शांति, समृद्धि और भाईचारे के लिए सामूहिक दुआ मांगी गई.

समय-सारणी के अनुसार विभिन्न ईदगाहों में अदा की गई नमाज

प्रखंड के अलग-अलग गांवों और पंचायतों में अकीदतमंदों की सहूलियत के लिए सुबह से ही नमाज का वक्त मुकर्रर किया गया था. निर्धारित समय के अनुसार क्षेत्र की प्रमुख मस्जिदों और ईदगाहों में नमाज शांतिपूर्ण तरीके से मुकम्मल हुई:

  • सालेहपुर महेशपुर: सुबह 7:45 बजे
  • फलका बस्ती: सुबह 8:00 बजे
  • राजधानी: सुबह 8:00 बजे
  • मोरसंडा: सुबह 8:00 बजे
  • पोठिया: सुबह 8:00 बजे
  • फुलडोभी: सुबह 8:00 बजे
  • भरसिया: सुबह 8:30 बजे
  • मघेली: सुबह 8:30 बजे

जैसे ही इमाम साहब ने नमाज मुकम्मल कराई, सभी नमाजियों ने एक-दूसरे को गले मिलकर “ईद मुबारक” कहा और त्योहार की शुभकामनाएं दीं. इसके बाद सुन्नत-ए-इब्राहिमी का पालन करते हुए अल्लाह की राह में हलाल जानवरों की कुर्बानी (बलिदान) दी गई. कुर्बानी के बाद मजहबी नियमों के तहत मांस (तबर्रुक) को तीन हिस्सों में बांटकर अपने दोस्तों, रिश्तेदारों, अजीजों और विशेषकर गरीब-जरूरतमंदों के बीच वितरित किया गया.

सुरक्षा के रहे कड़े इंतजाम, डीएसपी और थानाध्यक्ष ने खुद संभाली कमान

प्रशासनिक सतर्कता: फलका प्रखंड में त्योहार को पूरी तरह शांतिपूर्ण, गरिमामयी और सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन के निर्देश पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे. संवेदनशील और मुख्य चौराहों सहित सभी ईदगाहों के बाहर पुलिस बल की तैनाती की गई थी.

क्षेत्र में विधि-व्यवस्था (कानून व्यवस्था) को चुस्त-दुरुस्त बनाए रखने के लिए कोढ़ा के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (DSP) सुनील कुमार शर्मा और फलका थानाध्यक्ष प्रहलाद यादव खुद दलबल के साथ मुस्तैद दिखे. अधिकारियों ने प्रखंड व अंचल प्रशासन के दंडाधिकारियों और कर्मियों के साथ मिलकर सभी ईदगाहों और मस्जिदों का घूम-घूमकर औचक निरीक्षण किया.

प्रशासनिक टीम ने नमाजियों को सुरक्षा का भरोसा दिलाया और शांति समिति के सदस्यों के साथ समन्वय बनाकर असामाजिक तत्वों पर पैनी नजर रखी. प्रखंड प्रशासन, पुलिस बल और स्थानीय नागरिकों के आपसी सहयोग से पूरे फलका क्षेत्र में बकरीद का त्योहार बिना किसी गतिरोध के बेहद शांति और सद्भाव के साथ संपन्न हुआ, जिसकी प्रबुद्ध नागरिकों ने सराहना की है.

विज्ञापन
दिव्यांशु प्रशांत

लेखक के बारे में

By दिव्यांशु प्रशांत

दिव्यांशु प्रशांत वर्तमान में प्रभात खबर डिजिटल में बतौर कंटेंट राइटर कार्यरत हैं। उन्होंने महात्मा गाँधी अंतर्राष्ट्रीय हिंदी विश्वविद्यालय से पत्रकारिता में परास्नातक की शिक्षा प्राप्त की है। मीडिया क्षेत्र में लगभग एक वर्ष के अनुभव के दौरान वे दैनिक जागरण में न्यूज़ राइटर और रिपोर्टर के रूप में कार्य कर चुके हैं। करियर के शुरुआती दौर में लोकसभा और विधानसभा चुनावों से जुड़े पॉलिटिकल कंटेंट राइटिंग का विशेष अनुभव प्राप्त किया। इसके अतिरिक्त उन्होंने टी. एन. बी. कॉलेज से हिंदी साहित्य में स्नातक किया है, जिसके कारण साहित्य, पठन-पाठन, लेखन और कविता-सृजन में उनकी विशेष रुचि है। सटीक, निष्पक्ष और प्रभावशाली लेखन के माध्यम से पाठकों तक विश्वसनीय जानकारी पहुँचाना उनकी पेशेवर पहचान है।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन