सदर अस्पताल में दिनदहाड़े पार्किंग में खड़ी ऑटो से बैटरी उड़ा ले गए चोर

Updated at : 12 Mar 2026 7:30 PM (IST)
विज्ञापन
सदर अस्पताल में दिनदहाड़े पार्किंग में खड़ी ऑटो से बैटरी उड़ा ले गए चोर

सदर अस्पताल में दिनदहाड़े पार्किंग में खड़ी ऑटो से बैटरी उड़ा ले गए चोर

विज्ञापन

कटिहार शहर के सदर अस्पताल परिसर में लगातार हो रही चोरी की घटनाओं ने सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं. गुरुवार को अस्पताल की पार्किंग में खड़े एक ऑटो से दिनदहाड़े बैटरी चोरी कर ली गयी. घटना के बाद पीड़ित युवक ने अस्पताल परिसर में हंगामा किया. थाने में लिखित शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की है. कदवा थाना क्षेत्र के मेहदई गांव निवासी राहुल कुमार गुरुवार की दोपहर करीब दो बजे अपनी बहन को ऑटो से लेकर सदर अस्पताल पहुंचे थे. उनकी बहन का बंध्याकरण का ऑपरेशन होना था. बहन को अस्पताल में उतारने के बाद राहुल ने ऑटो को परिसर में ही खड़ा कर दिया. इसी दौरान एक सुरक्षाकर्मी ने उन्हें वाहन को निर्धारित पार्किंग स्थल में लगाने की सलाह दी. सुरक्षाकर्मी के कहने पर राहुल अपने एक दोस्त के साथ ऑटो को अस्पताल के दूसरे गेट के पास बने पार्किंग क्षेत्र में खड़ा कर दिया. वाहनों की निगरानी के लिए सुरक्षाकर्मी भी तैनात था. बहन को भर्ती कराने के करीब आधे घंटे बाद जब राहुल ऑटो लेने पार्किंग एरिया पहुंचे तो वहां उनका वाहन नहीं मिला. ऑटो गायब देखकर राहुल व उनका दोस्त घबरा गये और आसपास मौजूद सुरक्षाकर्मियों से पूछताछ करने लगे लेकिन किसी ने संतोषजनक जवाब नहीं दिया. इसके बाद दोनों ने अस्पताल परिसर में हंगामा करना शुरू कर दिया. हंगामे की सूचना मिलते ही अन्य सुरक्षाकर्मी मौके पर पहुंचे और बताया कि अस्पताल में एक अधिकारी के आगमन को लेकर पार्किंग खाली कराई गई थी. इसलिए ऑटो को हटाकर एएनएम स्कूल के पास खड़ा कर दिया है. राहुल जब बताए गए स्थान पर पहुंचे तो उन्हें अपना ऑटो मिल गया. जब उन्होंने वाहन स्टार्ट करने की कोशिश की तो वह स्टार्ट नहीं हुआ. जांच करने पर पता चला कि ऑटो की बैटरी गायब है. किसी ने बैटरी का तार काटकर उसे चोरी कर लिया था. पीड़ित का आरोप है कि जब उसने इसकी शिकायत सुरक्षाकर्मियों से की तो उन्होंने मदद करने के बजाय उल्टा डांटकर भगा दिया. सुरक्षाकर्मियों का कहना था कि अस्पताल परिसर में साइकिल, बैटरी, मोबाइल और बाइक चोरी की घटनाएं होती रहती हैं. घटना के बाद अस्पताल परिसर में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर लोगों में आक्रोश है. लोगों ने कहा, जब अस्पताल परिसर में ही मरीजों और उनके परिजनों की संपत्ति सुरक्षित नहीं है, तो सुरक्षा कर्मियों की तैनाती का औचित्य ही क्या रह जाता है. फिलहाल पीड़ित ने थाने में आवेदन देकर कार्रवाई की मांग की है.

विज्ञापन
RAJKISHOR K

लेखक के बारे में

By RAJKISHOR K

RAJKISHOR K is a contributor at Prabhat Khabar.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन