हथवाड़ा पंचायत में जमीन विवाद को लेकर मुखिया पति पर आरोप, ग्रामीणों ने डीएम से की निष्पक्ष जांच की मांग

Updated:
विज्ञापन

जिला पदाधिकारी को आवेदन सौंपते ग्रामीण.

फलका प्रखंड की हथवाड़ा पंचायत में जमीन विवाद ने एक बार फिर तूल पकड़ लिया है. ग्रामीणों ने मुखिया पति गौतम मालाकार पर जमीन विवाद को बढ़ावा देने और सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने का गंभीर आरोप लगाया है. उन्होंने जिला पदाधिकारी से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है.

विज्ञापन

कटिहार के फलका से अली अहमद की रिपोर्ट

फलका प्रखंड की हथवाड़ा पंचायत में जमीन विवाद को लेकर एक बार फिर मामला गरमा गया है. पंचायत के कुछ ग्रामीणों ने जिला पदाधिकारी को आवेदन देकर मुखिया पति गौतम मालाकार पर जमीन विवाद को बढ़ावा देने, सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने और राजनीतिक लाभ के लिए लोगों को भड़काने का आरोप लगाया है. ग्रामीणों ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर उचित कार्रवाई की मांग की है.

आपके शहर में

विज्ञापन

एक वर्ष पुराने विवाद का भी किया जिक्र

आवेदन में कहा गया है कि करीब एक वर्ष पहले रैयती भूमि पर आदिवासी और महादलित समुदाय के लोगों को उकसाकर बांस का खूंटा गड़वाया गया था. शिकायतकर्ताओं के अनुसार उस समय प्रखंड विकास पदाधिकारी, अंचलाधिकारी और फलका थाना पुलिस के संयुक्त प्रयास से मामले को शांत कराया गया था और संबंधित भूमि को खाली कराया गया था.

फिर से भूमि पर निर्माण कराने का आरोप

ग्रामीणों राजीव रंजन झा, अनिल कुमार झा, मोहन कुमार झा, भूलन झा, विजय झा, मनोज कुमार झा, दिलीप कुमार झा, सुबोध झा समेत अन्य लोगों का आरोप है कि अब फिर हथवाड़ा और सीमावर्ती एक अन्य मौजा की खेती योग्य भूमि पर लोगों को उकसाकर रातों-रात निर्माण कराया जा रहा है.

शिकायतकर्ताओं का कहना है कि संबंधित भूमि पर पूर्व से ही उच्च न्यायालय का स्थगन आदेश (स्टे) प्रभावी है और राजस्व विभाग भी इस मामले में संज्ञान ले चुका है.

राजनीतिक लाभ के लिए लोगों को गुमराह करने का आरोप

आवेदन में आरोप लगाया गया है कि राजनीतिक लाभ के लिए जातीय वैमनस्य का माहौल बनाने का प्रयास किया जा रहा है. साथ ही पर्चा दिलाने के नाम पर लोगों से चंदा वसूले जाने का भी आरोप लगाया गया है. ग्रामीणों का दावा है कि इस मामले में अंचलाधिकारी को करीब 400 आवेदन भी दिए जा चुके हैं.

ग्रामीणों ने आशंका जताई है कि समय रहते प्रशासन ने हस्तक्षेप नहीं किया तो पंचायत में कानून-व्यवस्था और सामाजिक सौहार्द प्रभावित हो सकता है.

डीएम से निष्पक्ष जांच की मांग

ग्रामीणों ने जिला पदाधिकारी से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई करने की मांग की है.


विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन