भागलपुर से जोगबनी जा रहे वाहन को ट्रक ने मारी टक्कर, चालक की मौत

भागलपुर से जोगबनी जा रहे वाहन को ट्रक ने मारी टक्कर, चालक की मौत
कोढ़ा कोढ़ा थाना क्षेत्र के एनएच 31 पर बुधवार की अहले सुबह देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में सवारी गाड़ी के चालक की मौके पर ही मौत हो गयी जबकि, कई लोग गंभीर रूप से घायल हो गये. हादसा इतना भीषण था कि टक्कर के बाद सवारी गाड़ी के परखच्चे उड़ गये और घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गयी. मृतक की पहचान अभिषेक रंजन (34 वर्ष), ग्राम टेकनी खतरा, थाना रजौन, जिला बांका निवासी के रूप में हुई. अभिषेक रंजन रोज की तरह बुधवार की सुबह करीब 3 बजे भागलपुर से सवारी गाड़ी लेकर जोगबनी जा रहा था. कोढ़ा थाना क्षेत्र में सड़क किनारे गाड़ी खड़ी कर चालक कुछ सामान खरीदने चला गया. सामान लेकर जैसे ही वह गाड़ी की स्टेयरिंग के पास पहुंचा उसी समय सामने से तेज रफ्तार में आ रहा 14 चक्का ट्रक ने सवारी गाड़ी में जोरदार टक्कर मार दी. स्थानीय ग्रामीणों के अनुसार, टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि चालक अभिषेक रंजन की घटनास्थल पर ही मौत हो गयी. जबकि, वाहन में सवार अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गये. हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गयी. बड़ी संख्या में ग्रामीण घटनास्थल पर जुट गये. लोगों ने घायलों को तुरंत इलाज के लिए भेजने की व्यवस्था की. कोढ़ा थाना अध्यक्ष सुजीत कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया. पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए कटिहार सदर अस्पताल भेज दिया. दोनों क्षतिग्रस्त वाहनों को जब्त कर थाना परिसर लाया गया है. मामले की जांच शुरू कर दी गई है. परिजनों को जैसे ही घटना की सूचना मिली. घर में मातम छा गया. मृतक के परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है. अभिषेक रंजन अपने परिवार के मुख्य कमाऊ सदस्य थे. उनके असामयिक निधन से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है. पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है. दुर्घटना के कारणों का पता लगाया जा रहा है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




