बंगाल से शराब की बड़ी खेप लेकर निकले थे तस्कर, कटिहार में पिकअप से 780 लीटर बरामद, दो तस्कर गिरफ्तार
गिरफ्तार तस्कर मौजूद पुलिस पदाधिकारी एवं बल | Prabhat Khabar Network
बलिया बेलौन पुलिस ने गुप्त सूचना पर कार्रवाई करते हुए 780 लीटर विदेशी शराब के साथ दो तस्करों को गिरफ्तार किया है. यह खेप बंगाल से पूर्णिया ले जाई जा रही थी. पुलिस ने मामले में आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है.
कटिहार : एसपी के निर्देश पर अवैध शराब के खिलाफ चलाये जा रहे अभियान के तहत बलिया बेलौन पुलिस को बड़ी सफलता मिली है. पुलिस ने एक पिकअप वाहन से 780 लीटर विदेशी शराब बरामद की है. मौके से चालक समेत दो आरोपितों को गिरफ्तार किया गया है.
गुप्त सूचना पर पुलिस ने चलाया चेकिंग अभियान
पुलिस के अनुसार बलिया बेलौन थानाध्यक्ष को गुप्त सूचना मिली थी कि बंगाल की ओर से एक पिकअप वाहन में शराब की बड़ी खेप लायी जा रही है. वाहन के पंचगाछी-सालमारी-झौआ मुख्य मार्ग से होकर गुजरने की सूचना पर थानाध्यक्ष के नेतृत्व में पुलिस टीम ने सालमारी-झौआ मुख्य मार्ग पर वाहन जांच अभियान शुरू किया.
इसी दौरान बंगाल की ओर से एक पिकअप वाहन आता दिखाई दिया. पुलिस ने वाहन को रुकने का इशारा किया. वाहन रुकने के बाद पुलिस टीम ने उसकी तलाशी ली.
तलाशी में मिली 780 लीटर विदेशी शराब
वाहन की तलाशी के दौरान पुलिस को बड़ी मात्रा में विदेशी शराब मिली. पुलिस ने कुल 780 लीटर विदेशी शराब बरामद की. शराब मिलने के बाद पुलिस ने पिकअप चालक समेत दोनों आरोपितों को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया और वाहन को जब्त कर लिया.
बंगाल से पूर्णिया ले जाने की थी तैयारी
पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपित बंगाल से शराब की खेप लेकर कटिहार के रास्ते पूर्णिया जाने की फिराक में थे. गिरफ्तार आरोपितों की पहचान दीपक कुमार मंडल (30 वर्ष), पिता महादेव मंडल, भवानी नगर वार्ड नंबर-2, थाना बौसी, जिला अररिया और सुकाड़ी (20 वर्ष), पिता मोहसिन, तमौट वार्ड नंबर-7, थाना डगरूआ, जिला पूर्णिया के रूप में हुई है.
उत्पाद अधिनियम के तहत केस दर्ज
पुलिस ने दोनों आरोपितों के खिलाफ बलिया बेलौन थाना में उत्पाद अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है. पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है. शराब की खेप कहां से लायी गयी थी और इसे किसे पहुंचाया जाना था, इस संबंध में भी जानकारी जुटायी जा रही है.
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए