कैमूर: दुर्गावती जलाशय में सेल्फी लेने के दौरान 15 साल का रोहित तेज धार में बहा, NDRF तलाश में जुटी

Updated:
विज्ञापन

AI से बनाई गई तस्वीर

रामपुर के दुर्गावती जलाशय में सेल्फी लेने के दौरान 15 वर्षीय युवक नहर में डूबा। पुलिस और गोताखोरों की टीम युवक की तलाश में जुटी है, एनडीआरएफ को भी बुलाया गया।

विज्ञापन

Kaimur News : करमचट थाना क्षेत्र के दुर्गावती जलाशय के पास शुक्रवार को बड़ा हादसा हो गया. बाएं तट मुख्य नहर में तेज बहाव के समीप सेल्फी लेने के दौरान 15 वर्षीय किशोर का अचानक पैर फिसल गया और वह गहरे पानी में गिरकर तेज धार में बह गया. घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गयी. पुलिस ने स्थानीय गोताखोरों की मदद से उसकी तलाश शुरू करायी है, लेकिन खबर लिखे जाने तक उसका पता नहीं चल सका था.

आपके शहर में

विज्ञापन

सेल्फी लेते समय फिसला पैर, देखते ही देखते पानी में समाया

डूबे किशोर की पहचान रोहतास जिले के चेनारी थाना क्षेत्र के लोहरा गांव निवासी 15 वर्षीय रोहित कुमार, पिता महेंद्र बिंद के रूप में हुई है. बताया जाता है कि रोहित शुक्रवार दोपहर दुर्गावती जलाशय घूमने आया था. इसी दौरान वह बाएं तट मुख्य नहर में जाने वाले पानी के समीप खड़ा होकर मोबाइल से सेल्फी ले रहा था. अचानक पैर फिसलने से वह गहरे पानी में जा गिरा.

एक बार पानी के ऊपर आया, फिर तेज भंवर में फंसा

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, पानी में गिरने के बाद रोहित एक बार ऊपर आया, लेकिन तेज भंवर की चपेट में आने के बाद दोबारा बाहर नहीं निकल सका. पानी का बहाव और गहराई अधिक होने के कारण मौके पर मौजूद लोग भी उसे बचाने में सफल नहीं हो सके. घटना के बाद देखते ही देखते सैकड़ों लोगों की भीड़ जमा हो गयी.

स्थानीय गोताखोरों ने संभाला मोर्चा, पुलिस भी पहुंची

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों ने करमचट थाने की पुलिस को जानकारी दी. सूचना पर थानाध्यक्ष पंकज कुमार पासवान पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे. इसके बाद स्थानीय गोताखोरों की मदद से नहर में किशोर की तलाश शुरू करायी गयी. तेज भंवर और पानी के बहाव के कारण सर्च ऑपरेशन में काफी परेशानी आ रही है.

रोहित की तलाश के लिए NDRF को बुलाया गया

समाचार लिखे जाने तक रोहित का कोई सुराग नहीं मिल सका था. पुलिस ने एनडीआरएफ टीम को सूचना देकर बुलाया है. थानाध्यक्ष पंकज कुमार पासवान ने बताया कि एनडीआरएफ टीम के पहुंचते ही सर्च ऑपरेशन को और तेज किया जायेगा.

परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल

हादसे की सूचना मिलते ही रोहित के परिजनों में कोहराम मच गया. परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और वे उसके सकुशल मिलने की उम्मीद लगाए हुए हैं. घटना के बाद जलाशय और नहर क्षेत्र में लोगों की भीड़ जुटी हुई है.


विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन