कैमूर में घर की छत पर लगेगा सोलर पैनल, 98 हजार तक सब्सिडी; जानें आवेदन से स्थापना तक पूरी प्रक्रिया

Updated:
विज्ञापन

AI से बनाई गई तस्वीर

कैमूर में प्रधानमंत्री सूर्य घर योजना के तहत सोलर पैनल लगाने का काम तेज। 98 हजार तक अनुदान और आसान ऋण की सुविधा का लाभ उठाएं। 15 अक्टूबर तक पूरा होगा लक्ष्य।

विज्ञापन

Kaimur News : बिजली बिल में बचत के साथ घरों को सौर ऊर्जा से रोशन करने वाली प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना को कैमूर में रफ्तार देने की तैयारी तेज कर दी गयी है. जिला पदाधिकारी कुमार अनुराग ने गुरुवार शाम योजना की समीक्षा करते हुए अधिकारियों और कार्यदायी एजेंसी को निर्धारित लक्ष्य हर हाल में पूरा करने का निर्देश दिया. बैठक में सोलर पैनल स्थापना, आवेदन, नेट मीटरिंग, बैंक ऋण, सब्सिडी भुगतान और लंबित मामलों की बिंदुवार समीक्षा की गयी.

आपके शहर में

विज्ञापन

रोज 145 सोलर पैनल लगाने का लक्ष्य, 15 अक्टूबर तक पूरा करना होगा काम

डीएम ने यूएलए योजना के तहत काम कर रही जीनस पावर इंफ्रास्ट्रक्चर्स लिमिटेड को प्रतिदिन 145 सोलर पैनल अधिष्ठापन का लक्ष्य शत-प्रतिशत हासिल करने का निर्देश दिया. प्रथम चरण में 4,943 सोलर पैनल लगाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है, जिसे 15 अक्टूबर तक पूरा करने को कहा गया है. इसके लिए पर्याप्त मानव संसाधन, सामग्री और अन्य जरूरी संसाधन उपलब्ध रखने का निर्देश दिया गया, ताकि स्थापना कार्य की गति प्रभावित न हो.

रोज 125 आवेदन का लक्ष्य, घर-घर पहुंचेंगे बिजली कर्मी

घरेलू उपभोक्ताओं का अधिक से अधिक पंजीकरण कराने के लिए प्रतिदिन 125 आवेदन प्राप्त करने का लक्ष्य तय किया गया है. सहायक और कनीय विद्युत अभियंताओं को क्षेत्रवार विशेष अभियान चलाकर पात्र उपभोक्ताओं को योजना की जानकारी देने और आवेदन कराने का निर्देश दिया गया है.

300 यूनिट से अधिक बिजली खपत वाले घरों पर विशेष फोकस

योजना का लाभ अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने के लिए 300 यूनिट से अधिक बिजली खपत करने वाले घरेलू उपभोक्ताओं की सूची तैयार की जाएगी. बिजली कर्मी सूची के आधार पर संबंधित घरों में सीधे संपर्क कर योजना के फायदे बताएंगे और आवेदन प्राप्त करेंगे. जनप्रतिनिधियों से भी अपने क्षेत्रों में लोगों को योजना की जानकारी देकर लाभ लेने के लिए प्रेरित करने की अपील की गयी.

4,943 बीपीएल परिवारों को मुफ्त 1.1 किलोवाट सोलर देने का लक्ष्य

बैठक में कुटीर ज्योति (यूएलए) निःशुल्क रूफटॉप सोलर योजना की भी समीक्षा की गयी. प्रथम चरण में करीब 4,943 बीपीएल उपभोक्ताओं को मुफ्त 1.1 किलोवाट क्षमता का रूफटॉप सोलर संयंत्र उपलब्ध कराने का लक्ष्य रखा गया है. डीएम ने निर्धारित समय-सीमा में लक्ष्य पूरा करने के लिए कार्य में तेजी लाने का निर्देश दिया.

गांव से शहर तक चलेगा जागरूकता अभियान

सोलर पैनल लगाने वाली सभी अधिकृत एजेंसियों को विद्युत अभियंताओं के साथ समन्वय कर समय पर स्थापना पूरी करने को कहा गया. ग्रामीण क्षेत्रों में बीडीओ और पंचायती राज पदाधिकारियों तथा शहरी क्षेत्रों में नगर निकाय के कार्यपालक पदाधिकारी के सहयोग से योजना का व्यापक प्रचार-प्रसार कराने का निर्देश दिया गया.

98 हजार रुपये तक मिलेगी सब्सिडी

विद्युत कार्यपालक अभियंता भभुआ शशिकांत कुमार ने बताया कि घरेलू उपभोक्ताओं को सोलर पैनल स्थापना पर केंद्र और बिहार सरकार की ओर से अनुदान दिया जा रहा है. एक किलोवाट क्षमता के संयंत्र पर केंद्र से 30 हजार और राज्य से 10 हजार रुपये, यानी कुल 40 हजार रुपये तक की सहायता मिलेगी. दो किलोवाट पर कुल 80 हजार रुपये और तीन किलोवाट या उससे अधिक क्षमता पर कुल 98 हजार रुपये तक का अनुदान उपलब्ध है.

5.75 प्रतिशत ब्याज पर आसान किस्तों में ऋण

योजना के तहत लाभुकों को 5.75 प्रतिशत ब्याज दर पर आसान किस्तों में ऋण की सुविधा भी उपलब्ध करायी जा रही है. डीएम ने जिले के घरेलू उपभोक्ताओं से प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना का अधिक से अधिक लाभ उठाने की अपील की. उन्होंने कहा कि घर की छत पर सोलर पैनल लगाने से बिजली खर्च में बचत के साथ स्वच्छ ऊर्जा और पर्यावरण संरक्षण को भी बढ़ावा मिलेगा. योजना की जानकारी के लिए उपभोक्ता नजदीकी विद्युत कार्यालय से संपर्क कर सकते हैं.

Also Read : VIDEO: बिहार के छात्रों की जीत, सरकार ने मानी आंदोलनकारियों की मांगें, TRE-4 में एकल परीक्षा का ऐलान



विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन