कैमूर: राखी खरीदने निकलीं महिलाएं बनीं उचक्कों का शिकार, पर्स से चेन-अंगूठी समेत 19 हजार रुपये उड़ाये
फोटो.थाने में आवेदन देते पीड़ित | Prabhat Khabar Network
भभुआ के एकता और पटेल चौक पर राखी की खरीदारी करने आई महिलाओं के पर्स से उचक्कों ने सोने के गहने और नकदी उड़ा ली। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
Kaimur News : रक्षाबंधन को लेकर बाजार में खरीदारी के लिए निकली महिलाओं को उचक्कों ने अपना निशाना बना लिया. गुरुवार को भभुआ शहर के अलग-अलग स्थानों पर पर्स से सोने के गहने और नकदी चोरी होने की दो घटनाएं सामने आयी हैं. एकता चौक पर महिला के पर्स से सोने की चेन, अंगूठी और 9500 रुपये गायब कर दिये गये, जबकि जेपी चौक और पटेल चौक के बीच एक युवती के पर्स से सोने की चेन और अंगूठी उड़ा ली गयी.
आपके शहर में
राखी खरीदते समय पर्स से चेन-अंगूठी और 9500 रुपये गायब
थाना क्षेत्र के गोड़हन गांव निवासी रवि साह ने नगर थाने में आवेदन देकर बताया कि वह गुरुवार दोपहर करीब चार बजे अपनी पत्नी रीना देवी के साथ एकता चौक पर राखी खरीदने गये थे. खरीदारी के दौरान उचक्कों ने उनकी पत्नी के पर्स से सोने की चेन, अंगूठी और 9500 रुपये निकाल लिये. राखी खरीदने के बाद जब रीना देवी ने भुगतान के लिए पर्स में हाथ डाला, तो उसमें रखे रुपये और दोनों गहने गायब मिले.
जेपी-पटेल चौक के बीच युवती के पर्स से 14 ग्राम सोने के गहने गायब
दूसरी घटना जेपी चौक और पटेल चौक के बीच की है. शहर के हवाई अड्डा क्षेत्र निवासी इंदु कुमारी, पिता नरसिंह सिंह, ने पुलिस को बताया कि वह गुरुवार दोपहर राखी खरीदने के लिए बाजार गयी थीं. राखी खरीदकर करीब 2:27 बजे घर लौटने के दौरान किसी ने उनके पर्स से 12 ग्राम की सोने की चेन और करीब दो ग्राम की सोने की अंगूठी निकाल ली.
दोनों मामलों में एफआईआर, उचक्कों की तलाश में पुलिस
दोनों घटनाओं के बाद पीड़ित महिलाओं ने नगर थाने में आवेदन देकर कार्रवाई की गुहार लगायी. थानाध्यक्ष मुकेश कुमार ने दोनों मामलों में प्राथमिकी दर्ज कर ली है. पुलिस बाजार और घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की मदद से उचक्कों की पहचान और उनके सुराग लगाने में जुटी है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए