कैमूर में महिलाओं की सुरक्षा को पिंक स्कूटी से होगी पुलिसिंग, स्कूल-कॉलेजों के आसपास बढ़ेगी गश्त

Updated:
विज्ञापन

फोटो.3. कन्या विद्यालय दुर्गावती परिसर से पिंक स्कूटी अभियान प्रारंभ करती पुलिस | Prabhat Khabar Network

दुर्गावती में महिलाओं और छात्राओं की सुरक्षा के लिए पुलिस ने पिंक स्कूटी गश्ती अभियान शुरू किया। जानें इस नई पहल और हेल्पलाइन नंबरों के बारे में।

विज्ञापन

Kaimur News : महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा को लेकर दुर्गावती पुलिस ने शुक्रवार से नई पहल शुरू की. सरकार की ओर से उपलब्ध करायी गयी पिंक स्कूटी से गश्ती अभियान का शुभारंभ स्थानीय मुख्यालय बाजार स्थित कन्या विद्यालय परिसर से किया गया. थानाध्यक्ष गिरीश कुमार के नेतृत्व में महिला एवं पुरुष पुलिसकर्मियों की टीम ने अभियान की शुरुआत की.

आपके शहर में

विज्ञापन

स्कूलों के आसपास नियमित होगी पिंक स्कूटी से गश्त

पिंक स्कूटी के माध्यम से बाजार सहित आसपास के प्रमुख इलाकों में नियमित गश्ती की जायेगी. खासकर विद्यालयों में पठन-पाठन के समय स्कूल और कोचिंग संस्थानों के आसपास पुलिस की मौजूदगी बढ़ायी जायेगी. अभियान के दौरान महिलाओं और छात्राओं की सुरक्षा के साथ मनचलों पर नजर रखने को प्राथमिकता दी जायेगी.

पुलिस दीदी टीम करेगी संवेदनशील स्थानों की निगरानी

अभियान के तहत पुलिस दीदी टीम संवेदनशील स्थानों पर नियमित गश्त और निगरानी करेगी. छात्राओं को किसी भी तरह की परेशानी होने पर तत्काल पुलिस से संपर्क करने के लिए प्रेरित किया गया. पुलिस की इस पहल से छात्राओं और महिलाओं को सार्वजनिक स्थानों पर सुरक्षित माहौल मिलने की उम्मीद जगी है.

छेड़छाड़ से लेकर साइबर अपराध तक की दी जानकारी

अभियान के दौरान स्कूल और कोचिंग संस्थानों में जागरूकता कार्यक्रम भी आयोजित किये गये. विद्यार्थियों को महिला अपराध, छेड़छाड़, पीछा करने और साइबर अपराध से बचाव के उपायों की जानकारी दी गयी. छात्राओं को अनजान लिंक पर क्लिक नहीं करने और साइबर अपराध होने पर तत्काल शिकायत दर्ज कराने की अपील की गयी.

181 से 1930 तक हेल्पलाइन की दी जानकारी

पुलिस ने छात्राओं को महिला हेल्पलाइन 181, चाइल्ड हेल्पलाइन 1098, पुलिस आपातकालीन सेवा 112 और साइबर क्राइम हेल्पलाइन 1930 के बारे में जानकारी दी. किसी भी आपात स्थिति या परेशानी में इन नंबरों पर सहायता लेने के लिए जागरूक किया गया.

सुरक्षित माहौल के साथ यातायात नियमों की भी दी सीख

पुलिस के अनुसार अभियान का उद्देश्य महिलाओं और बालिकाओं के प्रति सम्मान की भावना विकसित करने के साथ सुरक्षित वातावरण तैयार करना है. अभियान के दौरान छात्र-छात्राओं को यातायात नियमों का पालन करने के लिए भी जागरूक किया गया.

लोगों में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर बढ़ी उम्मीद

पिंक स्कूटी से गश्ती अभियान शुरू होने के बाद स्थानीय लोगों में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर उम्मीद जगी है. लोगों का मानना है कि पिंक स्कूटी से पुलिस की त्वरित और प्रभावी गश्ती बढ़ेगी तथा छात्राओं और महिलाओं को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी.


विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन