कैमूर में सिवों वितरणी की सफाई के नाम पर खानापूर्ति, बारिश में फिर जलजमाव का सता रहा डर
वितरणी साफ करने के बाद छोड दी गयी बेहाया की झाडियां | Prabhat Khabar Network
Kaimur News : भभुआ में सीवों वितरणी की सफाई के नाम पर विभाग द्वारा की गई खानापूर्ति से ग्रामीण परेशान हैं. गंदगी और झाड़ियों के कारण घरों में पानी घुसने का डर बना हुआ है.
Kaimur News : पहड़ियां दायें नहर से निकलकर जिला मुख्यालय से गुजर रही बदहाल सिवों वितरणी की सफाई के नाम पर विभाग की ओर से खानापूर्ति किये जाने का आरोप ग्रामीणों ने लगाया है. ग्रामीणों का कहना है कि वितरणी में अब भी बेहाया की झाड़ियां और गाद जमा है. ऐसे में यदि दोबारा भारी बारिश हुई, तो सड़क से लेकर आसपास के घरों में पानी घुसने की समस्या फिर उत्पन्न हो सकती है.
आपके शहर में
शहरवासियों के लिए रिसता जख्म बन रही वितरणी
जिला मुख्यालय के पश्चिमी इलाके से गुजर रही सिवों वितरणी अब आसपास के लोगों के लिए परेशानी का कारण बनती जा रही है. वितरणी के दोनों किनारों पर सड़क से सटे घरों में रहने वाले वार्ड संख्या छह और सात के लोग बदबू, जलजमाव और कीड़े-मकोड़ों की समस्या से परेशान हैं. ग्रामीणों का कहना है कि लंबे समय से वितरणी की समुचित सफाई नहीं होने के कारण परेशानी बनी हुई है.
भारी बारिश के बाद घरों में घुसने लगा था पानी
पिछले सप्ताह हुई भारी बारिश के बाद वितरणी के जाम होने से पानी की निकासी बाधित हो गयी थी. इसके कारण सड़क पर जलजमाव के साथ आसपास के लोगों के घरों में भी पानी घुसने लगा था. जहरीले कीड़ों के घरों में प्रवेश करने की आशंका से लोग रात में भी परेशान रहे.
खबर प्रकाशित होने के बाद सफाई शुरू कराने का दिया था आश्वासन
मामला प्रभात खबर तक पहुंचने के बाद अखबार में इस समस्या को प्रमुखता से प्रकाशित किया गया था. इसके बाद सोन उच्च स्तरीय नहर के कार्यपालक अभियंता ने सफाई कार्य शुरू कराने की बात कही थी. ग्रामीणों का आरोप है कि इसके बाद भी वितरणी की पूरी तरह सफाई नहीं करायी गयी.
50-60 मीटर सफाई के बाद कर्मी गायब होने का आरोप
वार्ड संख्या सात निवासी रणजीत प्रताप सिंह ने बताया कि नहर विभाग की ओर से कभी भी वितरणी की ठीक से सफाई नहीं करायी जाती है. सफाई के नाम पर सिर्फ कोरम पूरा किया जाता है. उन्होंने आरोप लगाया कि पिछले सप्ताह बारिश के दौरान मामला सामने आने के बाद वार्ड संख्या छह और सात में करीब 50-60 मीटर हिस्से की सफाई कर सफाईकर्मी चले गये. फिलहाल बारिश कम होने से थोड़ी राहत है, लेकिन बारिश बढ़ने पर फिर परेशानी शुरू हो सकती है.
Also Read : सासाराम में पटेल सेवा संघ की स्मारिका के प्रकाशन की तैयारी, कोर कमिटी की बैठक में बनी रूपरेखा
फोटो खिंचवाने के बाद चले जाने का लगाया आरोप
वार्ड संख्या छह निवासी बनारसी सिंह ने आरोप लगाया कि सफाईकर्मी सफाई करने के बजाय फोटो खिंचवाने के लिए आये थे. उन्होंने बताया कि आसकरण मंदिर से थोड़ी दूर तक सफाई करने के बाद कर्मी चले गये. उनका कहना है कि लोग केवल घरों में पानी घुसने से ही परेशान नहीं हैं, बल्कि गंदे पानी के साथ जहरीले कीड़े भी घरों में प्रवेश कर जाते हैं.
Also Read : सासाराम में कार्यपालक सहायकों ने संगठन मजबूती और समस्याओं के समाधान पर किया मंथन
प्रोटेक्शन वॉल नहीं होने से बच्चों की सुरक्षा को लेकर चिंता
बनारसी सिंह ने बताया कि वितरणी में प्रोटेक्शन वॉल नहीं होने के कारण छोटे बच्चों की सुरक्षा को लेकर भी हमेशा चिंता बनी रहती है. उनका कहना है कि यदि कोई बच्चा वितरणी में गिर गया, तो बेहाया की घनी झाड़ियों के बीच उसे तलाशना बेहद मुश्किल हो सकता है.
कार्यपालक अभियंता बोले- दो दिन कराया गया सफाई का काम
ग्रामीणों के आरोप के बाद सोन नहर के कार्यपालक अभियंता अखिलेश कुमार से सफाई कार्य के संबंध में जानकारी ली गयी. उन्होंने बताया कि दो दिन तक सफाई का काम कराया गया था. साथ ही कहा कि विभाग को केवल इसी स्थान पर काम नहीं करना है, बल्कि केनाल के अन्य हिस्सों को भी देखना है. उन्होंने इस संबंध में विस्तृत जानकारी के लिए कार्यालय आकर बात करने की बात कही.
Also Read : किसानों के सामने एमएसपी, मनरेगा और कॉरपोरेटीकरण बड़ी चुनौती: एआईकेएमएस
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए