कैमूर में बढ़ा मच्छरों का खतरा, डेंगू-मलेरिया से बचने के लिए स्वास्थ्य विभाग ने जारी की अहम सलाह
बारिश के मौसम में मच्छरों से फैलने वाली बीमारियों जैसे मलेरिया और डेंगू से बचने के लिए स्वास्थ्य विभाग ने साफ-सफाई और बचाव के जरूरी उपाय बताए हैं।
Kaimur News : बारिश के मौसम में कैमूर जिले में मच्छरों का प्रकोप तेजी से बढ़ गया है. दिन और रात दोनों समय लोग मच्छरों के आतंक से परेशान हैं. इसके साथ ही डेंगू, मलेरिया, फाइलेरिया समेत अन्य मच्छरजनित बीमारियों का खतरा भी बढ़ गया है. स्वास्थ्य विभाग ने लोगों से सतर्क रहने और बचाव के उपाय अपनाने की अपील की है.
डेंगू, मलेरिया और फाइलेरिया का बढ़ा खतरा
वेक्टर जनित रोग नियंत्रण पदाधिकारी डॉ. आर. के. चौधरी ने बताया कि मच्छरों के कारण मलेरिया, फाइलेरिया, डेंगू, जापानी इंसेफेलाइटिस, जीका वायरस, चिकनगुनिया, गैस्ट्रोएन्टराइटिस और हेपेटाइटिस-ए जैसी बीमारियां फैल सकती हैं. जिले के अधौरा समेत अधिकांश प्रखंडों और शहरी क्षेत्रों में मलेरिया, डेंगू और फाइलेरिया के मामले अधिक देखने को मिलते हैं.
मलेरिया के लक्षणों को न करें नजरअंदाज
डॉ. चौधरी ने बताया कि मलेरिया संक्रमित मादा एनोफिलीज मच्छर के काटने से होता है. इसमें कंपकंपी के साथ 103 से 105 डिग्री तक तेज बुखार आता है, जो कुछ समय बाद पसीने के साथ उतर जाता है और फिर निश्चित अंतराल पर दोबारा हो सकता है. फेल्सीपेरम (दिमागी) मलेरिया की स्थिति में तेज बुखार, फेफड़ों में सूजन, पीलिया, गुर्दे की खराबी और खून की कमी जैसी गंभीर समस्याएं हो सकती हैं.
जलजमाव हटाएं, मच्छरदानी का करें इस्तेमाल
स्वास्थ्य विभाग ने लोगों से घर और आसपास साफ-सफाई बनाए रखने, जलजमाव वाली जगहों को मिट्टी से भरने तथा वहां केरोसिन, डीजल या जला हुआ मोबिल डालने की सलाह दी है. पूरे शरीर को ढकने वाले कपड़े पहनने और सोते समय मच्छरदानी का नियमित उपयोग करने पर भी जोर दिया गया है. साथ ही नालियों की नियमित सफाई करने और डीडीटी छिड़काव के दौरान स्वास्थ्य कर्मियों का सहयोग करने की अपील की गई है.
सरकारी अस्पतालों में मुफ्त जांच और इलाज
डॉ. चौधरी ने कहा कि बुखार आने पर लापरवाही न करें. सबसे पहले गांव की आशा कार्यकर्ता या नजदीकी सरकारी अस्पताल से संपर्क करें. सरकारी अस्पतालों में मलेरिया की जांच और उपचार की सुविधा पूरी तरह निःशुल्क उपलब्ध है. समय पर जांच और इलाज कराने से गंभीर जटिलताओं से बचा जा सकता है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










