करमचट डैम पर देशभक्ति का नजारा, बच्चों ने बनाई कैमूर की आकृति और बीच डैम में लहराया विशाल तिरंगा

Updated:
विज्ञापन

हर घर तिरंगा में शामिल लोग | Prabhat Khabar Network

कैमूर के करमचट डैम पर हर घर तिरंगा अभियान के तहत भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई। स्कूली बच्चों ने कैमूर की आकृति बनाकर देशभक्ति का संदेश दिया।

विज्ञापन

80वें स्वतंत्रता दिवस के पूर्व ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत बुधवार को कैमूर-रोहतास सीमा पर स्थित रामपुर प्रखंड के भीतरीबांध पंचायत के करमचट डैम यानी दुर्गावती जलाशय परियोजना पर भव्य कार्यक्रम आयोजित किया गया. कार्यक्रम में बड़ी संख्या में अधिकारी, जनप्रतिनिधि, शिक्षक और स्कूली बच्चे शामिल हुए. तिरंगा यात्रा और विभिन्न गतिविधियों ने करमचट डैम को देशभक्ति के रंग में रंग दिया.

तिरंगा यात्रा में गूंजे वंदे मातरम् के जयकारे

कार्यक्रम का नेतृत्व नमामि गंगे के डीपीओ मोहन कुमार ने किया. तिरंगा यात्रा में रामपुर बीडीओ ऋतु रंजन कुमार, प्रखंड प्रमुख घूरा सिंह यादव, स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी, जनप्रतिनिधि, पदाधिकारी, कर्मी, बीएलओ और विभिन्न विद्यालयों के शिक्षक व छात्र-छात्राएं शामिल हुए. सभी के हाथों में तिरंगा था और ‘वंदे मातरम्’ तथा ‘भारत माता की जय’ के नारों से पूरा क्षेत्र गूंज उठा.

बच्चों ने तिरंगे से बनाई कैमूर जिले की आकृति

कार्यक्रम के दौरान करमचट डैम रोड पर स्कूली बच्चों ने हाथों में तिरंगा लेकर कैमूर जिले की आकृति बनायी. बच्चों की इस अनूठी प्रस्तुति ने मौके पर मौजूद लोगों का ध्यान आकर्षित किया. तिरंगे के साथ कैमूर की आकृति देखकर वहां मौजूद लोग देशभक्ति की भावना से ओत-प्रोत हो गये.

डैम के बीच नाव से फहराया गया विशाल तिरंगा

कार्यक्रम का सबसे आकर्षक दृश्य करमचट डैम में नौका विहार के दौरान देखने को मिला. बोट के माध्यम से डैम के बीचों-बीच विशाल तिरंगा फहराया गया. पानी के बीच लहराते तिरंगे का दृश्य बेहद मनोहारी रहा. इस खास पल को ड्रोन कैमरे से फोटो और वीडियो में भी कैद किया गया.

देशभक्ति गीतों पर झूमे बच्चे और आम लोग

कार्यक्रम में बच्चों और आम लोगों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया. देशभक्ति गीतों के बीच लोगों ने तिरंगे का सम्मान किया और हर घर तिरंगा अभियान को सफल बनाने का संदेश दिया. आयोजन के दौरान लोगों में खासा उत्साह देखने को मिला.

हर घर तिरंगा अभियान में भाग लेने की अपील

मौके पर पदाधिकारियों ने लोगों से 15 अगस्त को अपने-अपने घरों की छत पर सम्मानपूर्वक तिरंगा फहराने की अपील की. उन्होंने कहा कि ‘हर घर तिरंगा’ अभियान देशभक्ति और राष्ट्रीय एकता की भावना को मजबूत करने का माध्यम है. लोगों से अभियान में बढ़-चढ़कर भाग लेने का आह्वान किया गया.

तिरंगा एकता और अखंडता का प्रतीक

बीडीओ ऋतु रंजन कुमार ने कहा कि तिरंगा देश की एकता और अखंडता का प्रतीक है. इसे हर घर तक पहुंचाना हम सभी की जिम्मेदारी है. प्रखंड प्रमुख घूरा सिंह यादव ने भी लोगों से ‘हर घर तिरंगा’ अभियान में अधिक से अधिक भागीदारी सुनिश्चित करने की अपील की.

कई जनप्रतिनिधि और अधिकारी रहे मौजूद

कार्यक्रम में अनुराज राज, बेलांव पैक्स अध्यक्ष शिव जी सिंह, भीतरीबांध पंचायत के मुखिया श्रीकांत पासवान सहित कई बीएलओ और विभिन्न विद्यालयों के शिक्षक मौजूद रहे. प्रशासन की ओर से कार्यक्रम के दौरान सुरक्षा और यातायात व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम किये गये थे.

गांव-गांव तक पहुंचेगा हर घर तिरंगा का संदेश

आयोजकों ने कहा कि इस तरह के कार्यक्रमों से नई पीढ़ी में देशभक्ति की भावना मजबूत होती है. करमचट डैम पर आयोजित कार्यक्रम के माध्यम से ‘हर घर तिरंगा’ अभियान का संदेश गांव-गांव तक पहुंचाने का प्रयास किया गया. तिरंगा यात्रा, बच्चों की आकर्षक प्रस्तुति और डैम के बीच विशाल तिरंगा फहराने का दृश्य कार्यक्रम का खास आकर्षण रहा.

ALSO READ : PHOTOS: Gen X से Gen Beta तक, पीढ़ियों के ये नाम आए कहां से? X, Y, Z के बाद Alpha और Beta क्यों


विज्ञापन
Raju Kumar

लेखक के बारे में

By Raju Kumar

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन