कैमूर : भभुआ में बरसात के बीच खोदकर छोड़ा मुख्य नाला, जलजमाव से शहरवासी बेहाल

Updated:
विज्ञापन

भभुआ सदर अस्पताल के पास अधूरा पड़ा नाला | Prabhat Khabar Network

भभुआ में बुडको की लापरवाही से बरसात में नाला खुदाई का काम अधूरा पड़ा है, जिससे अस्पताल और कई मोहल्लों में भारी जलजमाव हो गया है। लोग बेहद परेशान हैं।

विज्ञापन

भभुआ शहर में इस बरसात जलजमाव ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी है. शहर के मुख्य नाले का निर्माण कार्य बरसात के दौरान शुरू कर कई जगहों पर नाला खोदकर छोड़ दिया गया है. इसके कारण सदर अस्पताल से स्टेडियम, बेलवातिया चौक और आसपास के कई मोहल्लों में जलजमाव की स्थिति गंभीर हो गयी है. शहरवासियों का कहना है कि इस बार बरसात में अब तक की सबसे खराब स्थिति का सामना करना पड़ रहा है.

आपके शहर में

विज्ञापन

बरसात में शुरू हुआ मुख्य नाले का निर्माण

शहर में मुख्य नाले का निर्माण बुडको की ओर से स्टेडियम से एकता चौक और एकता चौक से कैमूर स्तंभ तक कराया जा रहा है. स्थानीय लोगों का कहना है कि निर्माण कार्य शुरू करने का समय ही सवालों के घेरे में है. बरसात के दौरान नाले की खुदाई शुरू होने से पानी की निकासी प्रभावित हो गयी और कई इलाकों में जलजमाव की समस्या और गंभीर हो गयी.

अधूरे निर्माण से बढ़ी शहरवासियों की परेशानी

शहर में कई जगहों पर मुख्य नाला खोदकर छोड़ दिया गया है. नाला निर्माण की रफ्तार भी काफी धीमी बतायी जा रही है. कैमूर स्तंभ की ओर से शुरू किए गए नाला निर्माण में अब तक करीब 100 मीटर काम होने की बात कही जा रही है. वहीं, स्टेडियम की ओर से शुरू हुआ निर्माण सदर अस्पताल तक पहुंचा है, लेकिन बीच-बीच में काम अधूरा है. इससे पानी की निकासी बाधित हो रही है.

सदर अस्पताल से बेलवातिया तक जलजमाव

नाला निर्माण के कारण सदर अस्पताल से स्टेडियम जाने वाले रास्ते, बेलवातिया चौक सहित कई मोहल्लों में पानी जमा है. सदर अस्पताल परिसर में भी जलजमाव की समस्या बनी हुई है. स्थानीय लोगों के साथ अस्पताल प्रबंधन भी पानी निकासी को लेकर परेशान है. नाला खोदकर छोड़ दिए जाने के कारण बारिश का पानी आसानी से बाहर नहीं निकल पा रहा है.

नगर परिषद भी जलजमाव से परेशान

नाला निर्माण की वजह से नगर परिषद की परेशानी भी बढ़ गयी है. नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी संजय उपाध्याय ने बताया कि सदर अस्पताल समेत कई मोहल्लों में पानी जमा है. नगर परिषद की टीम वैकल्पिक व्यवस्था से पानी निकालने का प्रयास कर रही है. उन्होंने बताया कि बुडको के कनीय अभियंता से लगातार बात की जा रही है, लेकिन आधे-अधूरे नाला निर्माण और खुदाई के कारण समस्या बनी हुई है.

अधिकारियों की शिकायत के बाद भी नहीं सुधरी स्थिति

नगर परिषद के अधिकारियों के अलावा सदर अस्पताल के अधिकारी भी जलजमाव की समस्या को लेकर शिकायत कर चुके हैं. बताया गया कि दो दिन पहले डीएम ने सदर अस्पताल का निरीक्षण किया था. इस दौरान जलजमाव की स्थिति देखने के बाद उन्होंने निर्माण कार्य से जुड़े विभाग से बात करने की बात कही थी. इसके बावजूद स्थिति में अपेक्षित सुधार नहीं हुआ है. स्थानीय लोगों ने नाला निर्माण की गुणवत्ता और कार्य की गति को लेकर भी कई बार सवाल उठाये हैं.

बुडको के अधिकारियों पर मनमानी का आरोप

शहरवासियों का आरोप है कि निर्माण कार्य में लापरवाही के कारण उनकी परेशानी लगातार बढ़ रही है. लोगों का कहना है कि यदि बरसात से पहले नाला निर्माण पूरा नहीं किया जा सकता था तो खुदाई का काम शुरू करने का निर्णय क्यों लिया गया. अधूरे निर्माण के बीच नाला खोदकर छोड़ देने से जल निकासी व्यवस्था पूरी तरह प्रभावित हो गयी है.

बारिश थमने के बाद काम शुरू करने का दावा

बुडको के परियोजना निदेशक चंद्रदीप कुमार ने बताया कि उन्हें कई जगह नाला खोदकर छोड़ने की जानकारी नहीं है. उन्होंने कहा कि अगर ऐसा किया गया है तो तत्काल संबंधित अधिकारियों से बात की जाएगी. परियोजना निदेशक के अनुसार, बरसात शुरू होने के कारण फिलहाल काम बंद है और बारिश खत्म होने के बाद निर्माण कार्य दोबारा शुरू किया जाएगा. हालांकि, बरसात के दौरान नाला खुदाई और निर्माण कार्य शुरू किए जाने के सवाल पर उन्होंने कोई स्पष्ट जवाब नहीं दिया.

सासाराम: कौरहा झरना में बढ़ा जलस्तर, गुप्ता धाम जाने का रास्ता बंद, वन विभाग ने जारी की चेतावनी


विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन