ePaper

जिले भर में हर्षोल्लास व सौहार्द के साथ मनी होली, कड़ी सुरक्षा में शांतिपूर्वक संपन्न हुआ पर्व

Updated at : 05 Mar 2026 4:07 PM (IST)
विज्ञापन
जिले भर में हर्षोल्लास व सौहार्द के साथ मनी होली, कड़ी सुरक्षा में शांतिपूर्वक संपन्न हुआ पर्व

छिटपुट घटनाओं को छोड़ शहर सहित पूरे जिले में धूमधाम से लोगों ने मनाया होली का त्योहार

विज्ञापन

फोटो 9 कुर्ता फाड़ होली के बाद होली गीतों पर थिरकते युवा 10 रंगों की मस्ती में सराबोर युवतियां 11 होली में मुखौटा लगाकर घूम रहे युवक हर ओर रंग-गुलाल व उमंग में सराबोर रहे लोग = छिटपुट घटनाओं को छोड़ शहर सहित पूरे जिले में धूमधाम से लोगों ने मनाया होली का त्योहार = शहर में पैदल गश्त लगाने के बाद शहर के एकता चौक पर जमें रहे डीएम व एसपी भभुआ सदर. जिले भर में रंगों का पर्व होली आपसी सौहार्द के बीच बुधवार को हर्षोल्लास के साथ संपन्न हो गया. इस दौरान छिटपुट घटनाओं व आपसी विवाद को लेकर मारपीट को छोड़ हर तरफ शांति रही व जिलेवासियों ने एक बार फिर आपसी भाईचारे का संदेश देते हुए पर्व मनाया. होली व रमजान के चल रहे महीने के बीच बुधवार को जिले भर में सुरक्षा व्यवस्था काफी सख्त रही. जिला प्रशासन खासकर डीएम नितिन कुमार सिंह व एसपी हरिमोहन शुक्ल के एक्टिव रहने से कहीं पर भी कोई अप्रिय घटना नहीं हुई. पर्व को संपन्न कराने के लिए जगह-जगह तैनात मजिस्ट्रेट के साथ मातहत अधिकारी व जवान काफी सक्रिय दिखे. इसके पूर्व दो मार्च को होलिका दहन शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हो जाने के बाद बुधवार को शहर सहित पूरे जिले में शांतिपूर्वक व हर्षोल्लास के साथ होली भी संपन्न हो गया. होली के दिन भभुआ व मोहनिया शहर में भी शहरवासी होली के उल्लास व उमंग में सराबोर दिखे. शहर के सभी चौक-चौराहों पर युवाओं की टोली निकलकर एक-दूसरे को रंगों से सराबोर करते दिखी. होली पर सबसे ज्यादा मस्ती बच्चों ने की. नन्हें हाथों में पिचकारी व रंग लेकर वे दिन भर घर-आंगन व गली में धमाचौकड़ी करते नजर आये. वहीं युवाओं, महिलाओं व बुजुर्गों ने भी रंग-अबीर उड़ाते हुए एक-दूसरे को होली की बधाई दी. महिलाओं ने भी जमकर होली का आनंद लिया. इस दौरान रंगों में इस कदर उनका शरीर सराबोर रहा कि उन्हें पहचानना मुश्किल हो गया. इसके पूर्व दो मार्च की देर रात शहर सहित भभुआ प्रखंड के 212 स्थानों पर पूरे हर्षोल्लास व श्रद्धा-भक्ति के साथ होलिका दहन किया गया. कहीं रेन डांस, तो कहीं हुई कपड़ा फाड़ होली बुधवार को अहले सुबह से ही डीजे की धुन पर गली-कूचों में होली का उत्साह व रंगत छा गयी थी. सुबह से ही बच्चों व युवाओं की टोली मस्ती में डूबने-उतराने लगी. जैसे-जैसे सूर्य की किरणें चढ़ती गयीं, युवा व बच्चे रंग-पिचकारी लेकर एक-दूसरे पर रंग उड़ेलने लगे व गले मिलकर बधाई दी. कहीं रेन डांस हुआ, तो कहीं मस्ती में उत्साहित होकर युवाओं ने एक-दूसरे के कपड़े भी फाड़ दिये. कई युवाओं ने अजब-गजब वेश बनाकर पूरे शहर में घूमते हुए होली के रंग में डूबकर मस्ती की. शहर के एकता चौक, पटेल चौक, पुराना चौक, सब्जी मंडी, पूरब मुहल्ला, मदरसा चौक व वन विभाग सहित अन्य चौक-चौराहों पर युवा संगीत की धुन पर थिरकते रहे. दोपहर बाद रंग खेलने के उपरांत लोग घर-घर जाकर एक-दूसरे को पर्व की बधाई व शुभकामनाएं देने लगे. शाम में अबीर-गुलाल लेकर लोग दोस्तों व पड़ोसियों के घर पहुंचे. देर शाम तक अबीर-गुलाल की होली खेलकर लोगों ने एक-दूसरे को बधाई दी व घर पर बनाये गये लजीज व्यंजनों का लुत्फ उठाया. देर शाम बड़ी संख्या में शहरवासियों ने परिवार के साथ देवी मंदिर पहुंचकर पूजा-अर्चना भी की. शराब के शौकीनों के फेर में लगी रही पुलिस होली के दिन व पर्व से एक दिन पहले टाउन थाने की पुलिस शहर में शराब के शौकीनों व धंधेबाजों के फेर में दर-दर की खाक छानती रही. इस दौरान कई जगहों से शराब के शौकीन धरे भी गये. हालांकि धंधेबाज पुलिस की लगातार गश्ती व छापेमारी के भय से खुलेआम शराब बेचने की हिम्मत नहीं जुटा सके. होली के दिन शहर के 20 संवेदनशील स्थानों पर पुलिस अफसर व जवानों के साथ शांति समिति के लोग व मजिस्ट्रेट भी मुस्तैद रहे. शांतिपूर्वक संपन्न हुआ होली का पर्व होली के त्योहार पर शहर सहित जिलेभर में कुछ छिटपुट घटनाओं को छोड़ दिया जाये तो प्रशासनिक प्रतिबद्धता व कड़ाई के चलते कहीं से किसी अप्रिय घटना की सूचना नहीं आयी. डीएम नितिन कुमार सिंह व एसपी हरिमोहन शुक्ल होली के दिन भभुआ व मोहनिया शहर में गश्त लगाते हुए लोगों से शांतिपूर्ण तरीके से होली मनाने की अपील करते रहे. इस दौरान डीएम व एसपी शहर के एकता चौक पर बैठकर जिला नियंत्रण कक्ष सहित अन्य माध्यमों से हर जगह की पल-पल की जानकारी लेते रहे. इस दौरान एसडीएम अमित कुमार, एसडीपीओ भभुआ मनोरंजन भारती, नगर थानाध्यक्ष मुकेश कुमार व डीआइयू प्रभारी इंस्पेक्टर अवधेश कुमार भी दल-बल के साथ मुस्तैद दिखे. हालांकि होली के दिन भभुआ व मोहनिया अनुमंडल में कुछ जगहों पर मारपीट की घटनाएं हुई, लेकिन अन्य कहीं से भी किसी अप्रिय घटना की सूचना नहीं है. पर्व को लेकर शहर के चौक-चौराहों व अन्य स्थानों पर दंडाधिकारियों के साथ पुलिस बल की तैनाती की गयी थी. सभी मजिस्ट्रेट पुलिस जवानों के साथ अपने कर्तव्य स्थल पर तैनात रहे.

विज्ञापन
VIKASH KUMAR

लेखक के बारे में

By VIKASH KUMAR

VIKASH KUMAR is a contributor at Prabhat Khabar.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन