कैमूर : गोबरछ की मुख्य सड़क जलजमाव से बनी तालाब, गड्ढों में गिरकर घायल हो रहे राहगीर
क्षतिग्रस्त सड़क पर जलजमाव के बीच परिचालन करते लोग | Prabhat Khabar Network
Kaimur News : कैमूर जिले के भगवानपुर प्रखंड में गोबरछ गांव की मुख्य सड़क जलजमाव के कारण तालाब बन गई है. हाइवा ट्रकों के आवागमन से सड़क की हालत खराब होने के बाद बारिश ने स्थिति और बिगाड़ दी है. स्थानीय लोग जल्द मरम्मत की मांग कर रहे हैं.
Kaimur News : जिले के भगवानपुर प्रखंड अंतर्गत गोबरछ गांव की मुख्य सड़क इन दिनों जलजमाव के कारण तालाब में तब्दील हो गयी है. सड़क पर बड़े-बड़े गड्ढों में बारिश का पानी भर जाने से राहगीरों और वाहन चालकों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है. पानी भरने के कारण सड़क और गड्ढों के बीच अंतर करना भी मुश्किल हो गया है.
हाइवा ट्रकों के आवागमन से सड़क हुई जर्जर
ग्रामीणों के अनुसार, हाईवे एक्सप्रेस के निर्माण कार्य में लगी पीएनसी कंपनी के हाइवा ट्रकों के लगातार आवागमन से सड़क पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गयी है. इसके बाद हुई बारिश से सड़क पर बने गड्ढों की स्थिति और गंभीर हो गयी. गड्ढों में पानी भरने के बाद राहगीरों के लिए सड़क पर सुरक्षित आवागमन करना मुश्किल हो गया है.
अब तक दर्जनों हादसे होने का ग्रामीणों का दावा
स्थानीय लोगों का कहना है कि इस सड़क पर अब तक दर्जनों से अधिक हादसे हो चुके हैं, जिनमें कई लोग घायल भी हुए हैं. बाइक सवार अक्सर पानी से भरे गड्ढों में गिरकर घायल हो रहे हैं. कई बार ई-रिक्शा भी जलजमाव वाले गड्ढों में पलट चुका है, जबकि अन्य वाहन गड्ढों में फंस जाते हैं.
Also Read : चक्की सीएचसी में सफाई व्यवस्था पर सवाल, पांच कर्मियों के काम करने के बावजूद रजिस्टर में नौ की हाजिरी
शनिवार को बाइक और ई-रिक्शा पलटे
ग्रामीणों के अनुसार, शनिवार को भी एक बाइक और ई-रिक्शा जलजमाव वाले गड्ढे में पलटकर गिर गये. हालांकि, दोनों वाहनों पर सवार लोग बाल-बाल बच गये. गोबरछ गांव निवासी विक्की कुमार ने बताया कि उनका घर जलजमाव वाले स्थान के सामने है. उन्होंने कई बार लोगों को गड्ढे में गिरने के बाद मदद कर बाहर निकाला है.
अधिकारियों की गाड़ियां भी गुजरती हैं, फिर भी नहीं हुई मरम्मत
ग्रामीणों का कहना है कि इसी रास्ते से प्रशासन के अधिकारियों की गाड़ियां भी आती-जाती हैं. इसके बावजूद अब तक सड़क की मरम्मत नहीं करायी गयी है. लोगों ने जर्जर सड़क और जलजमाव की समस्या से जल्द निजात दिलाने की मांग की है.
Also Read : हेठुआ गांव में बाबा गणिनाथ गोविंद जी महाराज का 15वां पूजनोत्सव धूमधाम से संपन्न
जल्द करायी जायेगी सड़क की मरम्मत : डीएम
इस संबंध में डीएम कुमार अनुराग ने बताया कि वे भी एक बार इस रास्ते से गुजरे हैं और सड़क की जर्जर स्थिति देखी है. मामले को लेकर संबंधित अधिकारी को जानकारी दी गयी है. जल्द ही संबंधित विभाग से समन्वय कर सड़क की मरम्मत करायी जायेगी, ताकि लोगों को आवागमन में राहत मिल सके और दुर्घटनाओं पर रोक लगायी जा सके.
Also Read : डुमरांव के लेखक मुरली मनोहर श्रीवास्तव की पुस्तक ‘मोदी युग का भारत’ का लोकार्पण
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए