भभुआ में कूड़ा उठाने वाले ट्रैक्टर ने सात साल की बच्ची को रौंदा, वाराणसी में इलाज के दौरान मौत, चालक गिरफ्तार

Updated:
विज्ञापन

घटना के बाद जुटी लोगों की भीड़

WhatsApp चैनल से जुड़ेंगूगल पर प्रभात खबर चुनें

भभुआ में एक हृदय विदारक घटना में कूड़ा उठाने वाले ट्रैक्टर की चपेट में आने से सात वर्षीय बच्ची की मौत हो गई. वाराणसी में इलाज के दौरान बच्ची ने दम तोड़ा. पुलिस ने शराब के नशे में धुत ट्रैक्टर चालक को गिरफ्तार किया है.

विज्ञापन

भभुआ के वार्ड संख्या आठ स्थित छावनी मुहल्ले में शनिवार शाम हुए सड़क हादसे में गंभीर रूप से घायल सात वर्षीय बच्ची की वाराणसी ट्रॉमा सेंटर में इलाज के दौरान मौत हो गयी. बच्ची पढ़कर अपने घर लौट रही थी, इसी दौरान नगर पर्षद के कूड़ा उठाने वाले ट्रैक्टर ने उसे अपनी चपेट में ले लिया था. हादसे के बाद गंभीर हालत में बच्ची को पहले सदर अस्पताल भभुआ लाया गया, जहां से बेहतर इलाज के लिए वाराणसी रेफर कर दिया गया था.

विज्ञापन

मृत बच्ची की पहचान वार्ड संख्या आठ निवासी मुन्ना राईन की सात वर्षीय बेटी एलिजा के रूप में हुई है. बच्ची की मौत की खबर मिलते ही परिजनों और स्थानीय लोगों में आक्रोश फैल गया. मामले में पुलिस ने ट्रैक्टर चालक अमर को गिरफ्तार कर लिया है. पुलिस के अनुसार, चालक के शराब के नशे में होने की पुष्टि हुई है.

पढ़कर घर लौट रही थी बच्ची, तभी हुआ हादसा

बताया गया कि शनिवार शाम करीब पांच बजे एलिजा पढ़कर घर लौट रही थी. इसी दौरान छावनी मुहल्ले में नगर पर्षद के कूड़ा उठाने वाले ट्रैक्टर के चालक ने बच्ची को टक्कर मार दी. हादसे में बच्ची गंभीर रूप से घायल हो गयी.

घटना के बाद आसपास के लोग मौके पर जुट गये और बच्ची को इलाज के लिए सदर अस्पताल भभुआ पहुंचाया गया. इमरजेंसी में तैनात डॉक्टर ने बच्ची की गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे बेहतर इलाज के लिए देर शाम हायर सेंटर रेफर कर दिया.

वाराणसी ट्रॉमा सेंटर में इलाज के दौरान तोड़ा दम

परिजन गंभीर रूप से घायल बच्ची को इलाज के लिए वाराणसी ट्रॉमा सेंटर लेकर गये. वहां चिकित्सकों की निगरानी में बच्ची का इलाज चल रहा था, लेकिन इलाज के दौरान उसकी मौत हो गयी.

बच्ची की मौत के बाद ट्रॉमा सेंटर में ही पंचनामा की कार्रवाई की गयी. इसके बाद पोस्टमार्टम कराया जा रहा है. घटना की जानकारी मिलने के बाद स्थानीय लोगों में आक्रोश और बढ़ गया.

मौके पर पहुंचे एसडीएम, ईओ और साइबर डीएसपी

घटना के बाद लोगों के आक्रोश को देखते हुए भभुआ एसडीएम अमित कुमार, साइबर डीएसपी नीतू सिंह और नगर पर्षद के कार्यपालक पदाधिकारी संजय उपाध्याय मौके पर पहुंचे. अधिकारियों ने लोगों से बात कर स्थिति की जानकारी ली.

अधिकारियों की ओर से चालक के खिलाफ कार्रवाई करने और बच्ची के इलाज का खर्च दिलाने का भरोसा दिया गया. वहीं पुलिस ने ट्रैक्टर चालक अमर को गिरफ्तार कर लिया है. उसके शराब के नशे में होने की पुष्टि भी हुई है. हादसे के बाद छावनी मुहल्ले में लोगों के बीच घटना को लेकर आक्रोश है. स्थानीय लोग घटना के जिम्मेदार चालक के खिलाफ कार्रवाई की मांग कर रहे हैं.

आपके शहर में

विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन