कैमूर: 31 जुलाई की डेडलाइन बीतते ही दो पैक्स पर कार्रवाई की तैयारी, चावल नहीं जमा करने पर FIR के आदेश

नुआंव प्रखंड की अखिनी और अकोल्ही पैक्स समितियों द्वारा चावल जमा नहीं करने पर प्रशासन सख्त, गोदाम जांच के बाद FIR दर्ज करने का आदेश जारी।
Kaimur News : सरकार की ओर से निर्धारित 31 जुलाई की समय-सीमा समाप्त होते ही नुआंव प्रखंड की अखिनी और अकोल्ही पैक्स प्रशासन के निशाने पर आ गई हैं. किसानों से खरीदे गए धान के एवज में निर्धारित मात्रा का चावल भारतीय खाद्य निगम (एफसीआई/एसएफसी) में जमा नहीं करने पर जिला सहकारिता पदाधिकारी (डीसीओ) ने दोनों समितियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई का निर्देश दिया है. आदेश के बाद दोनों पैक्स समितियों में हड़कंप मच गया है.
गोदाम की होगी जांच, धान नहीं मिला तो होगी FIR
जिला सहकारिता पदाधिकारी ने प्रखंड सहकारिता पदाधिकारी को दोनों पैक्स के गोदामों की भौतिक जांच करने का निर्देश दिया है. यदि जांच के दौरान शेष चावल के अनुपात में गोदाम में धान उपलब्ध नहीं पाया जाता है तो संबंधित पैक्स अध्यक्ष, प्रबंधक एवं कार्यकारिणी समिति के सदस्यों के विरुद्ध स्थानीय थाने में प्राथमिकी दर्ज कर विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी.
अखिनी पैक्स पर 942.50 क्विंटल चावल जमा करना बाकी
जानकारी के अनुसार खरीफ विपणन मौसम में अखिनी पैक्स ने 128 किसानों से 9,063 क्विंटल धान की खरीद की थी. इसके बदले समिति को 21.25 लॉट (6,162.50 क्विंटल) चावल जमा करना था, लेकिन अब तक केवल 18 लॉट (5,220 क्विंटल) चावल ही जमा कराया गया है. यानी 3.25 लॉट (942.50 क्विंटल) चावल अभी भी जमा किया जाना शेष है.
अकोल्ही पैक्स पर 652.50 क्विंटल चावल बाकी
अकोल्ही पैक्स ने 140 किसानों से 12,489 क्विंटल धान खरीदा था. समिति को 29.25 लॉट (8,482.50 क्विंटल) चावल जमा करना था, लेकिन 31 जुलाई तक केवल 27 लॉट (7,830 क्विंटल) चावल ही जमा कराया गया. इस प्रकार 2.25 लॉट (652.50 क्विंटल) चावल अब भी जमा करना बाकी है.
रविवार को होगी जांच : BCO
प्रखंड सहकारिता पदाधिकारी मकसूद आलम ने बताया कि जिला सहकारिता पदाधिकारी के निर्देशानुसार रविवार को दोनों पैक्स के गोदामों की जांच की जाएगी. यदि जांच में शेष चावल के अनुरूप धान उपलब्ध नहीं मिला तो संबंधित पैक्स अध्यक्ष, प्रबंधक एवं कार्यकारिणी समिति के सदस्यों के खिलाफ स्थानीय थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई जाएगी.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










