गैस की कमी होने की आशंका से घबराये लोग, रिफिल के लिए लगी लंबी लाइन

शहर में एलपीजी वितरक नागा बाबा गोदाम पर सुबह से सिलिंडर लेकर खड़े रहे लोग
= शहर में एलपीजी वितरक नागा बाबा गोदाम पर सुबह से सिलिंडर लेकर खड़े रहे लोग युद्ध की आहट व नयी बुकिंग नीति से मचा हड़कंप, गैस गोदामों पर उमड़ी भारी भीड़ भभुआ सदर. मिडिल ईस्ट में जारी भीषण युद्ध के कारण गैस आपूर्ति प्रभावित होने की आशंका व अब 21 दिनों की अनिवार्य बुकिंग बाध्यता के चलते रविवार को शहर के लोग घबरा गये. सुबह से ही शहर में एलपीजी वितरक नागा बाबा के अखलासपुर स्थित गोदाम पर सिलिंडर रिफिल करवाने के लिए लोगों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी. इस दौरान वहां अफरातफरी का माहौल रहा. रविवार को सिलिंडर लेने पहुंचे अधिकतर लोगों का कहना था कि उनके यहां पहले से ही एक सिलिंडर इस्तेमाल में था, लेकिन उन्होंने दूसरा सिलिंडर भी बुक करा लिया है. लोगों में चर्चा है कि आने वाले समय में युद्ध की वजह से गैस, पेट्रोल व डीजल की आपूर्ति में बड़ा व्यवधान पैदा हो सकता है. रविवार सुबह गोदाम पहुंचे प्रज्ञान सिंह, रविशंकर यादव व राजेश सिंह आदि का कहना था कि आमतौर पर वे सिलेंडर के खाली होने का इंतजार करते हैं, लेकिन युद्ध व अन्य जगहों से मिल रही किल्लत की सूचना पर वे समय से पहले ही रिफिल कराने आये हैं, ताकि आगे कोई दिक्कत न हो. शादी वाले घरों में गैस की हो रही सबसे बड़ी किल्लत शहर में गैस के लिए हो रही मारामारी का एक बड़ा कारण वैवाहिक लग्न भी है. गौरतलब है कि 14 मार्च से पहले काफी जबर्दस्त लग्न है, जिसके चलते हर तरफ सिलिंडर भरवाने की होड़ मची हुई है. इधर, मिडिल ईस्ट में जारी युद्ध व बुकिंग के लिए 21 दिन की बाध्यता ने ग्राहकों की मुश्किलें और बढ़ा दी हैं. जिन रसोई गैस उपभोक्ताओं ने पिछले 20 दिनों के भीतर डिलीवरी ली थी, उनकी दोबारा बुकिंग नहीं हो पा रही है. इसके चलते सबसे अधिक परेशानी उन घरों में हो रही है, जहां शादियां हैं. लोग घबराएं नहीं, पर्याप्त मात्रा में गैस है उपलब्ध शहर की नागा बाबा गैस एजेंसी के प्रोपराइटर प्रतीक सिंह ने बताया कि लोग घबराएं नहीं, क्योंकि सिलिंडर व पेट्रोलियम पदार्थों की कोई किल्लत नहीं है. लोग जमाखोरी या कालाबाजारी न कर सकें, इसके लिए फिलहाल सख्ती बरती गयी है. इसी कारण इंडियन ऑयल, भारत पेट्रोलियम व हिन्दुस्तान पेट्रोलियम के ग्राहकों के लिए दो बुकिंग के बीच 21 दिन का अंतर अनिवार्य कर दिया गया है. उन्होंने स्पष्ट किया कि आपूर्ति सुचारु रूप से जारी रहेगी व घबराने की कोई आवश्यकता नहीं है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




