कैमूर में विवाहिता की संदिग्ध मौत, पिता ने पट्टीदारों पर पीट-पीटकर हत्या का लगाया आरोप
पोस्टमार्टम हाउस में रोते बिलखते परिजन | Prabhat Khabar Network
Kaimur News : कैमूर के दुमदुमा गांव में विवाहिता की संदिग्ध मौत. पिता ने पट्टीदारों पर हाथ-पैर बांधकर लाठी-डंडे से पीटकर हत्या करने का गंभीर आरोप लगाया है.
Kaimur News : मंगलवार की देर रात कुढ़नी थाना क्षेत्र के दुमदुमा गांव में एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से सनसनी फैल गयी. मृतका के पिता ने बेटी के पट्टीदारों पर हाथ-पैर बांधकर लाठी-डंडे से बेरहमी से पीट-पीटकर हत्या करने का आरोप लगाया है. मृतका की पहचान आशा देवी, पति वकील चौहान के रूप में हुई है.
बेटी के शरीर पर मिले चोट के निशान
बुधवार को भभुआ सदर अस्पताल स्थित पोस्टमार्टम हाउस पहुंचे मृतका के पिता हाकिम चौहान ने बताया कि उनकी बेटी आशा की शादी करीब 15 वर्ष पहले दुमदुमा गांव निवासी वकील चौहान से हुई थी. उसका पति हैदराबाद में मजदूरी करता है और वहीं रहकर परिवार का भरण-पोषण करता है. मंगलवार की रात आशा घर में अकेली थी. इसी दौरान गांव के पट्टीदार बलिराम चौहान, टप्पू, पप्पू, सतीश सहित अन्य लोगों द्वारा उसके साथ मारपीट किये जाने का आरोप है.
हाथ-पैर बांधकर लाठी-डंडे से पिटाई का आरोप
मृतका के पिता के अनुसार, आरोपितों ने आशा के हाथ-पैर बांध दिये और लाठी-डंडे से उसकी बेरहमी से पिटाई की, जिससे उसकी मौत हो गयी. घटना की जानकारी उन्हें देर रात ग्रामीणों के माध्यम से मिली. सूचना मिलने के बाद जब वे दुमदुमा पहुंचे, तो बेटी के हाथ-पैर समेत शरीर के कई हिस्सों पर चोट के निशान दिखाई दिये.
सास-ससुर दूसरे घर में सोये थे, जांच की मांग
हाकिम चौहान ने बताया कि आशा के सास-ससुर पास के दूसरे घर में सोये हुए थे. उन्होंने कहा कि घटना के समय वहां क्या हुआ, इसकी भी पुलिस को जांच करनी चाहिए. घटना के बाद से गांव में तरह-तरह की चर्चाएं हैं. मायके पक्ष के लोग आशा की मौत को सामान्य नहीं मान रहे हैं और मामले की गहराई से जांच की मांग कर रहे हैं.
पति हैदराबाद में करता है मजदूरी
आशा की शादी करीब डेढ़ दशक पहले हुई थी. परिवार के भरण-पोषण के लिए उसका पति वकील चौहान हैदराबाद में मजदूरी करता है. पत्नी की मौत की खबर मिलने के बाद उसके परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है. वहीं, मायके पक्ष के लोग घटना की वास्तविक वजह सामने लाने के लिए पुलिस जांच की मांग कर रहे हैं.
Also Read : बक्सर में सेवा संकल्प अभियान को लेकर भाजपा ने की कार्यशाला, कार्यकर्ताओं को सौंपी जिम्मेदारी
पोस्टमार्टम रिपोर्ट से स्पष्ट होगा मौत का कारण
इस संबंध में कुढ़नी थानाध्यक्ष आनंद कुमार ने बताया कि मृतका के पिता की ओर से अभी तक थाने में कोई लिखित आवेदन नहीं दिया गया है. पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भभुआ सदर अस्पताल भेजा है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारण का पता चल सकेगा. थानाध्यक्ष ने कहा कि मौत हत्या है या आत्महत्या, यह पोस्टमार्टम रिपोर्ट से स्पष्ट होगा. आवेदन प्राप्त होने के बाद मामले में आरोपितों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जायेगी.
Also Read : बक्सर के पुराना भोजपुर में वाहन जांच अभियान, 11 हजार रुपये जुर्माना वसूला
पुलिस जांच के बाद सामने आयेगी मौत की वजह
फिलहाल विवाहिता की मौत को लेकर हत्या के आरोप ने पूरे गांव को झकझोर दिया है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि आशा देवी की मौत के पीछे आखिर क्या वजह थी.
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए