दुर्गावती-ककरैत मार्ग पर नुआंव और चेहरिया के पास जल्द बनेंगे पुल, बाढ़ के पानी से बंद नहीं होगा यूपी-बिहार का संपर्क
सड़क एवं पुल निर्माण स्थल का निरीक्षण करते हुए | Prabhat Khabar Network
दुर्गावती-ककरैत मार्ग पर सालों से चली आ रही जलभराव की समस्या का समाधान जल्द होने वाला है. स्थानीय विधायक के निरीक्षण के बाद, नुआंव और चेहरिया में नए पुलों का निर्माण कार्य टेंडर प्रक्रिया पूरी होते ही शुरू होगा. इससे बरसात में भी यूपी-बिहार का संपर्क बना रहेगा और यात्रा सुगम होगी.
Kaimur News: रामगढ़ विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत दुर्गावती-ककरैत मुख्य पथ पर सालों से चली आ रही जलभराव की समस्या का स्थायी समाधान जल्द होने जा रहा है. शुक्रवार को स्थानीय विधायक सतीश यादव उर्फ पिंटू ने पथ निर्माण विभाग के कार्यपालक अभियंता, एसडीओ और जेई के साथ नुआंव व चेहरिया में प्रस्तावित पुल निर्माण स्थल का निरीक्षण किया. टेंडर प्रक्रिया पूरी होते ही दोनों स्थानों पर नए पुलों और पहुंच पथ का निर्माण कार्य शुरू कर दिया जाएगा.
बरसात में चार से पांच फीट पानी से बंद होता था रास्ता
दुर्गावती-ककरैत मार्ग सीधे तौर पर बिहार को उत्तर प्रदेश से जोड़ता है, जिससे यहां से भारी संख्या में यात्री और व्यावसायिक वाहन गुजरते हैं. बरसात के मौसम में कर्मनाशा और दुर्गावती नदी के उफनाने पर आदर्श नुआंव पशु मेला के समीप बने छलके पर चार से पांच फीट पानी तेज बहाव के साथ बहने लगता है. इसी तरह चेहरिया बाजार के दक्षिणी छोर पर भी सड़क डूब जाती है, जिससे अंतरराज्यीय आवागमन पूरी तरह ठप हो जाता था.
टेंडर प्रक्रिया पूरी होते ही शुरू होगा निर्माण कार्य
विधायक सतीश यादव ने बताया कि पथ निर्माण विभाग (बिहार सरकार) ने सड़क के कायाकल्प और दोनों महत्वपूर्ण स्थानों पर पुल निर्माण के लिए टेंडर जारी कर दिया है. उन्होंने कहा कि क्षेत्रवासियों की यह मांग वर्षों पुरानी थी, जिसके पूरा होने से अब बरसात के दिनों में भी यूपी, बंगाल, एमपी और नेपाल जाने वाले मुसाफिरों को आवागमन में किसी तरह की बाधा का सामना नहीं करना पड़ेगा.
सिसौड़ा-मुखरांव समेत कई अन्य सड़कों का भी होगा कायाकल्प
विधायक ने बताया कि रामगढ़ विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत सिसौड़ा-मुखरांव पथ में गोरिया नदी पर बने छलके पर भी पुलिया और सड़क निर्माण के लिए टेंडर जारी हो चुका है. इसके अतिरिक्त रामगढ़-बड़ौरा पथ, एनएच-2 डिडखिली-घिनहुपट्टी-नुआंव रोड और पुराना जीटी रोड डिडखिली बाजार सड़क के पुनर्निर्माण की निविदा भी निकाली गई है. प्रशासनिक प्रक्रिया पूरी होते ही इन सभी विकास योजनाओं पर धरातल पर काम शुरू हो जाएगा.
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए