कैमूर: कुदरा में ऑटो स्टैंड पर यात्रियों से उलझ रहे दो पियक्कड़ गिरफ्तार, डायल 112 की टीम ने भेजा जेल
हिरासत में शराबी. | Prabhat Khabar Network
कैमूर के कुदरा ऑटो स्टैंड पर शराब पीकर यात्रियों से हंगामा कर रहे दो युवकों को पुलिस ने पकड़ लिया. आपातकालीन नंबर पर मिली सूचना के बाद डायल 112 की टीम ने मौके पर पहुंचकर उन्हें दबोच लिया.
Kaimur News: जिले के कुदरा थाना क्षेत्र अंतर्गत सकरी मोड़ स्थित ऑटो स्टैंड के पास शराब के नशे में धुत होकर यात्रियों से उलझना और हंगामा करना दो युवकों को भारी पड़ गया. शराबबंदी कानून के तहत चलाए जा रहे विशेष अभियान के दौरान पुलिस ने दोनों पियक्कड़ों को रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया. पकड़े गए आरोपियों की पहचान पचपोखरी गांव निवासी सुग्रीव राम के पुत्र मनीष कुमार और मोकरम गांव निवासी बाबूलाल नट के पुत्र रवींद्र नट के रूप में की गई है.
ऑटो स्टैंड पर यात्रियों से कर रहे थे बदसलूकी
घटना के संबंध में बताया जाता है कि शुक्रवार को सकरी मोड़ स्थित ऑटो स्टैंड पर दोनों युवक अत्यधिक शराब के नशे में पहुंचे थे. वहां वे बेवजह यात्रियों और स्थानीय दुकानदारों से गाली-गलौज करते हुए उलझने लगे, जिससे स्टैंड पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया. दोनों की इस अराजक हरकत को देखकर मौके पर मौजूद एक जागरूक नागरिक ने तत्काल आपातकालीन नंबर डायल 112 पर फोन कर पुलिस को मामले की जानकारी दे दी.
डायल 112 की टीम ने मौके पर दबोचा
सूचना मिलते ही डायल 112 की पुलिस गश्ती टीम बिना देर किए मौके पर पहुंच गई. पुलिसकर्मियों को देखते ही उपद्रव कर रहे दोनों पियक्कड़ों ने भागने की कोशिश की, लेकिन जवानों ने घेराबंदी कर दोनों को धर दबोचा. इसके बाद पुलिस टीम दोनों आरोपियों को हिरासत में लेकर सीधे कुदरा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंची, जहां चिकित्सकों द्वारा उनकी मेडिकल जांच कराई गई.
मेडिकल जांच में शराब पीने की पुष्टि, भेजे गए जेल
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में ब्रेथ एनालाइजर और डॉक्टरी परीक्षण के दौरान दोनों युवकों के शरीर में अत्यधिक मात्रा में शराब के सेवन की पुष्टि हुई. मेडिकल जांच रिपोर्ट आने के बाद कुदरा थाना पुलिस ने मद्यनिषेध एवं उत्पाद अधिनियम की सुसंगत धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की. सभी आवश्यक कागजी प्रक्रिया पूरी करने के बाद दोनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में न्यायालय भेज दिया गया.
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए