काम की खबर! मोहनियां में अब घर बैठे होगी एक्स-रे जांच, अनुमंडलीय अस्पताल को मिली पोर्टेबल मशीन, गांव-गांव पहुंचेगी टीम
बेलौड़ी गांव में पोर्टेबल एक्सरे से होता जांच | Prabhat Khabar Network
मोहनियां अनुमंडलीय अस्पताल को एक आधुनिक पोर्टेबल एक्स-रे मशीन मिली है. यह सुविधा विशेष रूप से बुजुर्गों और गंभीर रूप से बीमार मरीजों के लिए वरदान साबित होगी, जिन्हें अब जांच के लिए दूर नहीं जाना पड़ेगा. स्वास्थ्य विभाग की टीम सीधे गांवों में पहुंचकर जरूरतमंदों की एक्स-रे जांच करेगी.
Kaimur News: मोहनियां अनुमंडलीय अस्पताल को आधुनिक पोर्टेबल एक्स-रे मशीन उपलब्ध कराई गई है, जिससे अब ग्रामीण क्षेत्र के मरीजों को जांच के लिए अस्पताल के चक्कर काटने से मुक्ति मिलेगी. स्वास्थ्य विभाग की विशेष टीम अब इस चलंत मशीन के जरिए सीधे सुदूर गांवों में पहुंचकर जरूरतमंद मरीजों की एक्स-रे जांच करेगी. शुक्रवार को इसकी शुरुआत करते हुए बेलौड़ी गांव में शिविर लगाकर कई मरीजों की मौके पर ही जांच की गई.
गंभीर और बुजुर्ग मरीजों को मिलेगी बड़ी राहत
अस्पताल प्रबंधक विशाल पासवान ने बताया कि पोर्टेबल एक्स-रे सुविधा शुरू होने से विशेषकर उन वृद्ध, दिव्यांग और गंभीर मरीजों को संजीवनी मिलेगी, जिन्हें चलने-फिरने में अत्यधिक कष्ट होता है. अस्पताल तक आने-जाने में असमर्थ रहने वाले मरीजों को अब घर के समीप ही त्वरित जांच की सुविधा मिल सकेगी, जिससे समय पर सही इलाज शुरू हो पाएगा.
जरूरत के अनुसार गांवों में भेजी जाएगी टीम
स्वास्थ्य विभाग की योजना के अनुसार इस आधुनिक मशीन को आवश्यकता और मांग के आधार पर प्रखंड के विभिन्न ग्रामीण इलाकों में भेजा जाएगा. अधिकारियों का कहना है कि ग्रामीण क्षेत्रों में प्राथमिक स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच को मजबूत बनाने की दिशा में यह एक ऐतिहासिक और बेहद प्रभावी कदम है, जिससे दूर-दराज के गरीबों को आर्थिक और शारीरिक दोनों परेशानियों से राहत मिलेगी.
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए