कैमूर: अमांव पैक्स चुनाव में नामांकन ने पकड़ी रफ्तार, निवर्तमान अध्यक्ष समेत तीन ने ठोकी दावेदारी

1 अध्यक्ष प्रत्यासी को पावती रसीद देते सहायक निर्वाचन पदाधिकारी 2 अध्यक्ष प्रत्यासी का फूल माला से स्वागत करते समर्थक | Prabhat Khabar Network
कैमूर जिले के अमांव पंचायत में पैक्स समिति के पुनर्गठन की नामांकन प्रक्रिया दूसरे दिन भी जारी रही. अध्यक्ष पद के लिए तीन और सदस्य पद के लिए 11 प्रत्याशियों ने पर्चा दाखिल किया. 1 अगस्त को मतदान और मतगणना होगी.
Kaimur News : कैमूर जिला के रामपुर प्रखंड क्षेत्र की अमांव पंचायत में पैक्स समिति के पुनर्गठन को लेकर चल रही नामांकन प्रक्रिया के दूसरे दिन मंगलवार को भी प्रत्याशियों और समर्थकों की अच्छी-खासी भीड़ रही. दूसरे दिन अध्यक्ष पद के लिए तीन तथा सदस्य पद के लिए 11 अभ्यर्थियों ने नामांकन पत्र दाखिल किया.
निवर्तमान अध्यक्ष समेत तीन ने भरा पर्चा
पंचायत सरकार भवन बेलांव के सभाकक्ष में सहायक निर्वाचन पदाधिकारी सह प्रखंड कृषि पदाधिकारी अनिल कुमार मौर्य की देखरेख में सुबह 11 बजे से दोपहर तीन बजे तक नामांकन प्रक्रिया चली. अध्यक्ष पद के लिए निवर्तमान पैक्स अध्यक्ष सुधाकर मिश्रा, प्रभाकर मिश्रा और सत्येंद्र सिंह ने नामांकन दाखिल किया.
सदस्य पद के लिए 11 उम्मीदवार मैदान में
सदस्य पद के लिए सामान्य वर्ग से पांच पुरुष और दो महिला, पिछड़ा वर्ग से एक पुरुष, अति पिछड़ा वर्ग से एक महिला तथा अनुसूचित जाति/जनजाति वर्ग से एक पुरुष और एक महिला सहित कुल 11 उम्मीदवारों ने नामांकन किया.
दो दिनों में 28 नामांकन
पहले दिन अध्यक्ष पद के लिए दो तथा सदस्य पद के लिए 12 उम्मीदवारों ने नामांकन किया था. इस प्रकार दो दिनों में अब तक अध्यक्ष पद के लिए कुल पांच और सदस्य पद के लिए 23 प्रत्याशी चुनाव मैदान में उतर चुके हैं.
नामांकन के बाद समर्थकों ने किया स्वागत
नामांकन के बाद बाहर निकले प्रत्याशियों का समर्थकों ने फूल-मालाओं से स्वागत किया और जीत के नारे लगाए. पंचायत सरकार भवन परिसर पूरे दिन चुनावी माहौल और गहमागहमी से गुलजार रहा.
एक अगस्त को मतदान, उसी दिन मतगणना
सहायक निर्वाची पदाधिकारी सह बीएओ अनिल कुमार मौर्य ने बताया कि नामांकन प्रक्रिया शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई. नामांकन पत्रों की जांच के बाद वैध उम्मीदवारों की सूची जारी की जाएगी. उन्होंने बताया कि एक अगस्त 2026 को मतदान होगा और उसी दिन बेलांव पंचायत सरकार भवन में मतगणना कर परिणाम घोषित किया जाएगा.
प्रशासन ने निष्पक्ष और शांतिपूर्ण चुनाव के लिए सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं. मतदान केंद्रों पर दंडाधिकारी और पुलिस बल की तैनाती की जाएगी. वहीं, गांव में पैक्स चुनाव को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं और किसान अपने हितों को ध्यान में रखकर मतदान करने की बात कह रहे हैं.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










