जहानाबाद में बीबीएम कॉलेज के पास दर्दनाक हादसा: ट्रैक्टर पलटने से दो किशोरों की मौत, गांव में पसरा मातम

सांकेतिक तस्वीर
बीबीएम कॉलेज ओकरी के पास बुधवार रात एक भीषण सड़क हादसा हुआ, जिसमें ट्रैक्टर पलटने से 15 वर्षीय रोशन कुमार और 10 वर्षीय रॉकी कुमार की मौके पर ही मौत हो गई. यह घटना जिसने भी सुनी, स्तब्ध रह गया.
बीबीएम कॉलेज ओकरी के समीप बुधवार की रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में दो बच्चों की मौत हो गई. हादसे में बंछीली गांव निवासी रोशन कुमार (15 वर्ष) और रॉकी कुमार (10 वर्ष) की जान चली गई. घटना रात करीब 8 बजे की बताई जा रही है.
गड्ढे में पलटा ट्रैक्टर, दबने से हुई मौत
जानकारी के अनुसार, दोनों बच्चे एक ट्रैक्टर पर सवार होकर जा रहे थे. ट्रैक्टर चालक वाहन चला रहा था. बीबीएम कॉलेज के पास सड़क पर चढ़ने के दौरान चालक ने वाहन से नियंत्रण खो दिया, जिससे ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर सड़क किनारे गड्ढे में पलट गया. इस हादसे में ट्रैक्टर पर बैठे दोनों बच्चे नीचे दब गए और घटनास्थल पर ही उनकी मौत हो गई.
जेसीबी की मदद से निकाला गया शव
घटना के बाद आसपास के लोग मौके पर जुट गए. ग्रामीणों ने काफी मशक्कत के बाद जेसीबी की मदद से ट्रैक्टर के नीचे दबे दोनों बच्चों को बाहर निकाला और तत्काल ओकरी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया. जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद दोनों को मृत घोषित कर दिया.
पुलिस ने शव को भेजा पोस्टमार्टम के लिए
हादसे की सूचना मिलते ही ओकरी थाना प्रभारी सुमन जी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे. पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जहानाबाद भेज दिया. पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपने की प्रक्रिया की गई.
परिजनों में मचा कोहराम, जांच में जुटी पुलिस
दो बच्चों की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई. गांव में भी शोक का माहौल है. ओकरी थाना प्रभारी ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है और हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










