कभी बास्केटबॉल खेलती दिखीं, अब क्लासरूम में छात्रों के बीच बैठकर पढ़ाई सुनती नजर आईं जहानाबाद DM
छात्रों के बीच पिछली बेंच पर बैठकर कक्षा में चल रही पढ़ाई को ध्यान से सुनतीं जहानाबाद डीएम छिरिङ वाई भूटिया. फोटो - X
जहानाबाद की DM छिरिङ वाई भूटिया एक बार फिर अपने अनोखे अंदाज के लिए चर्चा में हैं. इस बार वह स्कूल के औचक निरीक्षण के दौरान बच्चों के साथ पीछे की बेंच पर बैठकर उनकी पढ़ाई सुनती नजर आईं. निरीक्षण में कई खामियां भी सामने आईं.
Jehanabad DM Tshering Y Bhutia : जहानाबाद जिले की डीएम छिरिङ वाई भूटिया के स्कूलों के निरीक्षण का अंदाज अक्सर चर्चा का विषय बनता रहा है. कभी वह बच्चों के साथ बास्केटबॉल खेलती नजर आती हैं तो कभी महिलाओं के साथ दौड़ प्रतियोगिता में रनिंग करती दिखती हैं.
अब उनका स्कूल के क्लास रूम में बच्चों के साथ पीछे की बेंच पर बैठकर पढ़ाई देखने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है. दरअसल, डीएम छिरिङ वाई भूटिया जिले के मुरलीधर हाई स्कूल का औचक निरीक्षण करने पहुंची थीं.
स्कूल पहुंचने पर उन्होंने एक कक्षा में शिक्षक को बच्चों को गणित पढ़ाते देखा. इसके बाद वह बिना किसी औपचारिकता के कक्षा में गईं और बच्चों के साथ पीछे वाली बेंच पर बैठ गईं. उन्होंने पूरी कक्षा के दौरान शिक्षक के पढ़ाने के तरीके और बच्चों की पढ़ाई को ध्यान से देखा.

डीएम ने छात्रों से बातचीत कर उनकी शैक्षणिक स्थिति को भी समझने की कोशिश की. उन्होंने विषय से जुड़े सवाल पूछे और यह जानने की कोशिश की कि बच्चे कक्षा में पढ़ाई को कितना समझ पा रहे हैं.
उनका फोकस इस बात पर रहा कि शिक्षक किस तरह पढ़ा रहे हैं और छात्र उस पढ़ाई को किस तरह ग्रहण कर रहे हैं.
निरीक्षण में कमियां उजागर
औचक निरीक्षण के दौरान स्कूल की शिक्षा व्यवस्था में कई खामियां भी सामने आईं. जीवविज्ञान और भौतिकी प्रयोगशाला के शिक्षक डीएम के सवालों का संतोषजनक जवाब नहीं दे सके.

वहीं, स्कूल में करीब 1200 छात्रों का नामांकन होने के बावजूद निरीक्षण के दौरान सिर्फ करीब 300 छात्र ही उपस्थित मिले. कम उपस्थिति को लेकर जिलाधिकारी नाराज नजर आईं और व्यवस्था में तत्काल सुधार के निर्देश दिए.
निरीक्षण के दौरान वित्तीय और प्रशासनिक स्तर पर भी कई कमियां सामने आईं. प्रधानाध्यापक की ओर से कैश बुक, विकास मद और छात्र कोष से संबंधित रिकॉर्ड निरीक्षण के समय प्रस्तुत नहीं किए गए. विद्यालय प्रबंध समिति की बैठकें नियमित रूप से नहीं होने पर भी डीएम ने नाराजगी जताई.
पहले भी अपने अलग अंदाज के लिए चर्चा में रही हैं डीएम
यह पहला मौका नहीं है जब जिलाधिकारी छिरिङ वाई भूटिया का स्कूल निरीक्षण का अलग अंदाज चर्चा में आया हो. जून महीने में जहानाबाद की डीएम का पदभार संभालने के बाद भी वह अपने निरीक्षण के दौरान बच्चों के बीच अलग अंदाज में नजर आई थीं.

काजीसराय के उत्क्रमित उच्च विद्यालय के निरीक्षण के दौरान उन्होंने पहले स्कूल की शैक्षणिक व्यवस्था का जायजा लिया था. इसके बाद वह सीधे खेल मैदान में पहुंच गई थीं और छात्राओं के साथ बास्केटबॉल खेलती नजर आई थीं.
उन्होंने छात्राओं को बास्केटबॉल की तकनीक सिखाने के साथ खुद भी जमकर पसीना बहाया था. इस दौरान उन्होंने बच्चों को पासिंग, कोर्ट पोजीशनिंग और खेल की बेसिक बारीकियों के बारे में भी समझाया था.
इसके अगले दिन वह होरिलगंज के कन्या मध्य विद्यालय पहुंची थीं. यहां उन्होंने स्कूली सुविधाओं का फीडबैक लेने के साथ मिड-डे मील की गुणवत्ता भी जांची थी. इसके लिए वह बच्चों के साथ जमीन पर बैठकर खाना खाती नजर आई थीं.
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए