जहानाबाद: हत्याकांड में फरार पिता-पुत्र के घर ढोल बजाकर चिपकाया इश्तेहार, 15 दिन में सरेंडर नहीं किया तो होगी कुर्की
इश्तेहार चस्पा करती पुलिस | Prabhat Khabar Network
हत्या के मामले में फरार चल रहे पिता-पुत्र के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है. उनके घर पर ढोल-नगाड़े बजाकर इश्तेहार चस्पा किया गया है. उन्हें 15 दिन के भीतर आत्मसमर्पण करने का अल्टीमेटम दिया गया है, अन्यथा संपत्ति कुर्की की कार्रवाई होगी.
Crime News: पटना जिले के लहसुना थाना क्षेत्र में दर्ज हत्या के एक मामले में लंबे समय से फरार चल रहे दो नामजद अभियुक्तों के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कानूनी कार्रवाई की है. लहसुना थाना की पुलिस ने जहानाबाद जिले की पाली थाना पुलिस के साथ संयुक्त कार्रवाई करते हुए काको प्रखंड अंतर्गत मुबारकपुर गांव पहुंचकर पिता-पुत्र के घर पर ढोल-नगाड़े बजाकर विधिवत इश्तेहार चस्पा किया. पुलिस ने पूरे गांव में मुनादी कराकर दोनों को जल्द आत्मसमर्पण करने का अल्टीमेटम दिया.
हत्या के बाद से लगातार फरार चल रहे थे पिता-पुत्र
पुलिस के अनुसार, जिन अभियुक्तों के घर इश्तेहार चिपकाया गया है, उनकी पहचान मुबारकपुर गांव निवासी संजय यादव और उसके पुत्र सोनू कुमार के रूप में हुई है. दोनों आरोपियों के खिलाफ लहसुना थाने में हत्या की प्राथमिकी दर्ज है. वारदात को अंजाम देने के बाद से ही दोनों आरोपी लगातार ठिकाने बदलकर पुलिस की गिरफ्त से बच रहे थे. तमाम संभावित ठिकानों पर छापेमारी के बाद भी जब दोनों हाथ नहीं आए, तो पुलिस ने अदालत से इश्तेहार का आदेश प्राप्त किया.
15 दिनों के अंदर आत्मसमर्पण का अल्टीमेटम
मुबारकपुर गांव पहुंची पुलिस टीम ने ग्रामीणों की मौजूदगी में ढोल बजवाकर मुनादी कराई और मुख्य दरवाजे पर कानूनी नोटिस चस्पा किया. पुलिस ने सार्वजनिक घोषणा करते हुए स्पष्ट चेतावनी दी कि यदि दोनों आरोपी आगामी 15 दिनों के भीतर सक्षम न्यायालय या पुलिस के समक्ष आत्मसमर्पण नहीं करते हैं, तो माननीय न्यायालय से कुर्की-जब्ती का वारंट हासिल कर उनके घर की संपत्ति कुर्क कर ली जाएगी. इस सख्त कार्रवाई के बाद गांव और आसपास के क्षेत्रों में खलबली मची हुई है.
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए