जहानाबाद: शराब बरामदगी और हेराफेरी के आरोप में जांच करने पटना से पहुंची उच्चस्तरीय टीम, टाइगर मोबाइल जवानों से घंटों पूछताछ

Updated:
विज्ञापन

नगर थाने की तस्वीर | Prabhat Khabar Network

जहानाबाद में शराब बरामदगी और हेराफेरी के आरोपों की जांच के लिए पटना से टीम पहुंची. पुलिसकर्मियों से घंटों पूछताछ की गई, मामले की जांच जारी है.

विज्ञापन

Jehanabad News: जहानाबाद नगर थाना क्षेत्र अंतर्गत ठाकुरबाड़ी पानी टंकी के समीप हुई शराब बरामदगी की कार्रवाई में पुलिस महकमे की भूमिका पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं. शराब तस्करों से कथित सांठगांठ, जब्त शराब की मात्रा में हेराफेरी, तस्कर की बाइक छोड़ने और अवैध वसूली के गंभीर आरोपों की जांच के लिए शनिवार को पटना से एक उच्चस्तरीय जांच टीम जहानाबाद पहुंची. पटना से आई टीम ने नगर थाना परिसर में घंटों डेरा डालकर छापेमारी की कार्रवाई में शामिल पुलिस अधिकारियों और टाइगर मोबाइल के जवानों को बारी-बारी से बुलाकर कड़ी पूछताछ की.

आपके शहर में

विज्ञापन

तस्कर की बाइक छोड़ने और अवैध वसूली के लगे हैं आरोप

मामले के संबंध में मिली जानकारी के अनुसार, दो दिन पूर्व ठाकुरबाड़ी पानी टंकी इलाके में एक शिकायतकर्ता की निशानदेही पर पुलिस टीम ने छापेमारी कर शराब की खेप बरामद की थी. आरोप है कि इस कार्रवाई के दौरान पुलिस ने शराब तस्कर की मोटरसाइकिल को मौके पर ही छोड़ दिया था. बाद में शिकायतकर्ता द्वारा वरीय अधिकारियों से शिकायत किए जाने पर बाइक को जब्त कर थाने लाया गया. इसके साथ ही आरोप लगाया गया है कि पुलिसकर्मियों ने जब्त शराब की वास्तविक मात्रा में हेराफेरी की और तस्कर को बचाने के एवज में कथित तौर पर मोटी रकम की वसूली की.

जहानाबाद एसपी ने एसडीपीओ के नेतृत्व में गठित की जांच कमेटी

मामले की शिकायत पटना मुख्यालय तक पहुंचने के बाद इसे बेहद गंभीरता से लिया गया और जांच टीम भेजी गई. इधर, जहानाबाद के पुलिस अधीक्षक (एसपी) कोटा किरण कुमार ने भी मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (एसडीपीओ) के नेतृत्व में एक अलग जांच कमेटी गठित की है. पुलिस द्वारा घटनास्थल और आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं, ताकि छापेमारी के दौरान पुलिसकर्मियों और संदिग्ध व्यक्तियों की वास्तविक गतिविधियों का पता लगाया जा सके.

जांच रिपोर्ट के आधार पर होगी कड़ी विभागीय कार्रवाई

मामले पर जहानाबाद एसपी कोटा किरण कुमार ने बताया कि पटना से आई जांच टीम ने पूरी प्रक्रिया की पड़ताल की है और उसकी रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है. उन्होंने स्पष्ट किया कि स्थानीय स्तर पर भी एसडीपीओ के नेतृत्व में जांच कमेटी गठित की गई है. एसपी ने कहा कि जांच में यदि किसी भी पुलिस पदाधिकारी या जवान की संलिप्तता या लापरवाही सामने आती है, तो उनके खिलाफ सख्त विभागीय और कानूनी कार्रवाई की जाएगी. फिलहाल जांच जारी है और किसी पुलिसकर्मी पर आधिकारिक तौर पर आरोप साबित होने या कार्रवाई की सूचना सामने नहीं आई है.


विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन