जहानाबाद सूफी महोत्सव में निजामी बंधु देंगे विशेष प्रस्तुति, स्थानीय कलाकारों से मांगे प्रस्ताव
बैठक में शामिल डीएम
जहानाबाद में सूफी महोत्सव का आयोजन किया जा रहा है, जिसकी तैयारियां तेज हो गई हैं. इस महोत्सव में प्रसिद्ध निजामी बंधु अपनी विशेष प्रस्तुति देंगे. साथ ही, स्थानीय कलाकारों को अपनी प्रतिभा दिखाने का सुनहरा अवसर मिलेगा.
Sufi Festival: जिले की समृद्ध सांस्कृतिक परंपरा एवं सूफियाना विरासत को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से सूफी महोत्सव के आयोजन की तैयारियां तेज कर दी गयी हैं. महोत्सव को भव्य, गरिमापूर्ण एवं गुणवत्तापूर्ण बनाने के लिए जिला पदाधिकारी छिरिड़ वाई भूटिया की अध्यक्षता में समाहरणालय स्थित सभा कक्ष में निविदा में चयनित एजेंसियों के साथ बैठक की गयी. बैठक में महोत्सव के सांस्कृतिक कार्यक्रमों के आयोजन, कलाकारों की सहभागिता तथा कार्यक्रम की गुणवत्ता सहित विभिन्न बिंदुओं पर विस्तृत विचार-विमर्श किया गया.
निजामी बंधु देंगे विशेष प्रस्तुति
बैठक में निर्णय लिया गया कि सूफी महोत्सव में देश के सुप्रसिद्ध सूफी एवं कव्वाली कलाकार निजामी बंधु विशेष प्रस्तुति देंगे. उनकी प्रस्तुति महोत्सव के प्रमुख आकर्षणों में शामिल होगी.
स्थानीय कलाकारों को मिलेगा मंच
महोत्सव को स्थानीय प्रतिभाओं से जोड़ने तथा जिले के कलाकारों को अपनी कला एवं प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर देने के उद्देश्य से स्थानीय एवं राज्य स्तरीय कलाकारों से भी सूफी गायन एवं संबंधित सांस्कृतिक विधाओं में प्रस्तुति के लिए प्रस्ताव आमंत्रित किये गये हैं. इच्छुक कलाकार अपना प्रस्ताव 16 सितंबर तक जिला कला एवं संस्कृति शाखा में उपलब्ध करा सकते हैं.
प्राप्त प्रस्तावों के आधार पर सांस्कृतिक कार्यक्रम के लिए कलाकारों के चयन की अग्रेतर कार्रवाई की जायेगी.
गुणवत्ता और समयबद्धता पर जोर
जिला पदाधिकारी ने चयनित एजेंसी को आयोजन से संबंधित सभी कार्यों में गुणवत्ता, समयबद्धता एवं बेहतर प्रबंधन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया. उन्होंने कहा कि आयोजन को सांस्कृतिक गरिमा के अनुरूप सफलतापूर्वक संपन्न कराने के लिए सभी तैयारियां बेहतर तरीके से पूरी की जाएं.
जिला प्रशासन ने जिले के प्रतिभाशाली एवं इच्छुक कलाकारों से अपील की है कि वे इस महत्वपूर्ण सांस्कृतिक आयोजन में अपनी सहभागिता के अवसर का लाभ उठाते हुए निर्धारित समय-सीमा के भीतर अपना प्रस्ताव उपलब्ध कराएं. सूफी महोत्सव न केवल सूफियाना संगीत एवं संस्कृति का उत्सव होगा, बल्कि स्थानीय कलाकारों को प्रतिष्ठित मंच प्रदान करने की दिशा में भी महत्वपूर्ण पहल साबित होगा.
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए