जहानाबाद में प्रेम प्रसंग को लेकर बीच सड़क पर हाई वोल्टेज ड्रामा, स्वास्थ्य कर्मी की पत्नी-बेटों पर महिला से मारपीट का आरोप
हाई वोल्टेज ड्रामा के बीच सड़क पर लगी लोगों की भीड़
शहर के अति व्यस्त स्टेशन इलाके में एक स्वास्थ्य कर्मी के प्रेम प्रसंग का मामला सामने आया. पत्नी और बेटों ने विधवा महिला से बीच सड़क पर मारपीट की. पुलिस ने दोनों पक्षों को थाने ले जाकर पूछताछ की.
Jehanabad Love Affair: शहर के अति व्यस्त स्टेशन इलाके के समीप सोमवार को उस समय मजमा लग गया, जब एक स्वास्थ्य कर्मी और विधवा महिला के बीच कथित प्रेम प्रसंग को लेकर स्वास्थ्य कर्मी की पत्नी और बेटों ने महिला के साथ मारपीट शुरू कर दी. बीच सड़क पर मारपीट होते देख राहगीरों और आसपास के लोगों की भीड़ जुट गयी. मामला बढ़ता देख नगर थाने की पुलिस को सूचना दी गयी. पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मामले को शांत कराया और दोनों पक्षों के लोगों को थाने ले जाकर पूछताछ की.
तीन वर्षों से प्रेम प्रसंग चलने की चर्चा
बताया जाता है कि गया मेडिकल कॉलेज के समीप रहने वाले कृष्णानंद कुमार शकूराबाद अस्पताल में स्वास्थ्य कर्मी हैं. उनका पिछले तीन वर्षों से एक विधवा महिला के साथ प्रेम प्रसंग चल रहा था. दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ने के बाद स्वास्थ्य कर्मी ने महिला को अरवल मोड़ के समीप किराये का कमरा दे रखा था. बताया जाता है कि स्वास्थ्य कर्मी महिला के साथ वहां समय गुजारते थे.
परिजनों को पहले ही लग चुकी थी भनक
बताया जाता है कि इस मामले की जानकारी स्वास्थ्य कर्मी के परिजनों को पहले ही हो गयी थी. परिजन पहले भी जहानाबाद पहुंचकर पूरे मामले की रेकी कर चुके थे. इस दौरान महिला को स्वास्थ्य कर्मी के साथ देखे जाने की भी बात सामने आयी थी.
सामान लेने निकली महिला को स्टेशन के पास घेरा
सोमवार को स्वास्थ्य कर्मी की पत्नी और दो बेटे जहानाबाद पहुंचे. महिला जैसे ही सामान लेने के लिए बाजार निकली, परिजनों ने स्टेशन इलाके में उसे घेर लिया और बीच सड़क पर ही उसके साथ मारपीट शुरू कर दी. मारपीट होते देख आसपास के लोगों की भीड़ जुट गयी.
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कुछ लोग महिला को बचाने की कोशिश कर रहे थे. इस दौरान स्वास्थ्य कर्मी के बेटे उनसे भी उलझने लगे. ट्रैफिक व्यवस्था में लगे पुलिसकर्मियों ने भी बीच-बचाव की कोशिश की, लेकिन उनके साथ भी कहासुनी होने लगी.
पुलिस ने दोनों पक्षों को थाने ले जाकर की पूछताछ
बात बढ़ते देख नगर थाने की पुलिस को सूचना दी गयी. सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और मामले को शांत कराया. इसके बाद दोनों पक्षों के लोगों को थाने ले जाया गया, जहां पूछताछ की गयी.
महिला ने आरोप लगाया कि स्वास्थ्य कर्मी की पत्नी और बेटों ने मिलकर उसके साथ मारपीट की और उसका मोबाइल भी छीन लिया. थानाध्यक्ष उमेश प्रसाद ने बताया कि दोनों पक्ष अपने लोग थे. किसी भी पक्ष की ओर से मामले में अब तक लिखित शिकायत नहीं दी गयी है.
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए