जहानाबाद में भतीजे की हत्या के बाद चाचा पर भी हमला, इलाज के दौरान मौत, गुस्साए परिजनों ने पटना - गया एनएच किया जाम
Published by : Karuna Tiwari Updated At : 08 Jun 2026 9:11 AM
घटना के बाद के हालात
Jahanabad News: भतीजे की हत्या के एक महीने बाद चाचा मुन्ना कुमार की भी गोली मारकर हत्या कर दी गई. पटना में इलाज के दौरान मौत के बाद आक्रोशित परिजनों ने टेहटा के पास NH-22 जाम कर पुलिस पर लापरवाही का आरोप लगाया. परिजनों का कहना है कि गोलू हत्याकांड के मुख्य गवाह मुन्ना कुमार को आरोपियों ने सुनियोजित तरीके से निशाना बनाया.
Jahanabad News: (संजय अनुराग की रिपोर्ट)
जहानाबाद जिले में एक ही परिवार पर लगातार दूसरी बड़ी वारदात ने सनसनी फैला दी है. भतीजे शिवम उर्फ गोलू की हत्या के मामले में न्याय की लड़ाई लड़ रहे उसके चाचा मुन्ना कुमार की भी गोली मारकर हत्या कर दी गई. रविवार की शाम अपराधियों द्वारा गोली मारे जाने के बाद गंभीर रूप से घायल मुन्ना कुमार को पहले जहानाबाद सदर अस्पताल और फिर बेहतर इलाज के लिए पटना रेफर किया गया था, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई.
इलाज के दौरान मौत के बाद फूटा परिजनों का गुस्सा
मुन्ना कुमार की मौत की खबर मिलते ही परिजनों और ग्रामीणों का आक्रोश भड़क उठा. गुस्साए लोगों ने टेहटा के समीप राष्ट्रीय राजमार्ग-22 को जाम कर दिया और पुलिस प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की. प्रदर्शनकारी एसपी को मौके पर बुलाने तथा आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं.
पुलिस पर लापरवाही का आरोप
परिजनों का आरोप है कि मुन्ना कुमार अपने भतीजे शिवम उर्फ गोलू की हत्या के बाद लगातार आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग कर रहे थे. उन्होंने भेलावर थाना से लेकर डीएसपी स्तर तक कई बार गुहार लगाई थी, लेकिन पुलिस ने कोई ठोस कार्रवाई नहीं की. उनका कहना है कि यदि गोलू के हत्यारों को समय रहते गिरफ्तार कर लिया जाता तो आज मुन्ना कुमार की जान नहीं जाती.
घात लगाकर अपराधियों ने बरसाई थीं गोलियां
जानकारी के अनुसार, रविवार की शाम मुन्ना कुमार जहानाबाद से अपने गांव निसरपुरा लौट रहे थे. जैसे ही वे ओकरी थाना क्षेत्र के कोईरी बीघा गांव के पास ईंट भट्ठे के समीप पहुंचे, पहले से घात लगाए हथियारबंद अपराधियों ने उन्हें चारों ओर से घेर लिया और ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी. गोली उनके सीने में लगी, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए.
भतीजे की हत्या के एक महीने बाद चाचा बने निशाना
मुन्ना कुमार के छोटे भाई सुभाष कुमार के पुत्र शिवम उर्फ गोलू की 15 मई को बेरहमी से पिटाई की गई थी. गंभीर रूप से घायल गोलू की 17 मई को इलाज के दौरान मौत हो गई थी. गोलू पेशे से डेकोरेशन का काम करता था. इस हत्याकांड में नामजद आरोपियों पर अब मुन्ना कुमार की हत्या का भी आरोप लग रहा है.
मुख्य गवाह और पैरवीकार होने के कारण बनाया गया टारगेट
स्थानीय लोगों और परिजनों का आरोप है कि मुन्ना कुमार गोलू हत्याकांड के मुख्य गवाह और केस के प्रमुख पैरवीकार थे. इसी वजह से अपराधियों ने उन्हें रास्ते से हटाने की साजिश रची और घात लगाकर हमला किया. घटना के बाद पूरे इलाके में भय और तनाव का माहौल बना हुआ है.
जाम हटाने में जुटी पुलिस, इलाके में बढ़ाई गई चौकसी
मुन्ना कुमार की मौत के बाद टेहटा के समीप सड़क जाम की सूचना पर पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे. पुलिस परिजनों और ग्रामीणों को समझाकर जाम समाप्त कराने का प्रयास कर रही है. वहीं आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है. समाचार प्रेषण तक सड़क जाम जारी था और स्थिति तनावपूर्ण बनी हुई थी.
ALSO READ: जहानाबाद में पिछले महीने भतीजे की हुई थी हत्या, आज चाचा को भी मार दी गोली; हालत नाजुक!
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Karuna Tiwari
करुणा तिवारी पत्रकारिता में अपने करियर की शुरुआत Doordarshan Bihar के साथ की. 8 वर्षों तक टीवी और डिजिटल माध्यम में सक्रिय रहने के बाद, वर्तमान में वह प्रभात खबर डिजिटल, बिहार टीम के साथ कंटेंट राइटर के रूप में कार्यरत हैं. उन्हें बिहार की राजनीति, ग्राउंड रिपोर्टिंग और सामाजिक मुद्दों में विशेष रुचि है. अपने काम के प्रति समर्पित करुणा हर दिन कुछ नया सीखने और बेहतर करने की कोशिश करती हैं.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










