जहानाबाद में ‘चिकित्सा आपके द्वार’ अभियान शुरू, कैंसर समेत इन बीमारियों की होगी फ्री जांच
कार्यक्रम का शुभारंभ मौके पर उपस्थित डीएम | Prabhat Khabar Network
जहानाबाद में स्वास्थ्य विभाग द्वारा घर-घर निःशुल्क स्वास्थ्य स्क्रीनिंग अभियान शुरू, 30 वर्ष से अधिक आयु के लोगों को मिलेगा गंभीर रोगों का उपचार।
Healthcare at Your Doorstep : जहानाबाद में गंभीर एवं गैर-संचारी रोगों की समय पर पहचान और समुचित उपचार सुनिश्चित करने के उद्देश्य से स्वास्थ्य विभाग द्वारा संचालित ‘जांच एवं उपचार-चिकित्सा आपके द्वार’ अभियान का बुधवार को शुभारंभ किया गया. जिला पदाधिकारी छिरिङ वाई भूटिया ने समाहरणालय स्थित ग्राम प्लेक्स भवन से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से कार्यक्रम में भाग लिया.
आपके शहर में
30 वर्ष से अधिक उम्र के लोगों की घर-घर होगी जांच
अभियान के तहत 30 वर्ष एवं उससे अधिक आयु के लोगों की घर-घर जाकर नि:शुल्क स्वास्थ्य स्क्रीनिंग की जाएगी. स्वास्थ्यकर्मी लोगों की जांच कर गैर-संचारी रोगों के संभावित लक्षण और जोखिम कारकों की पहचान करेंगे. जांच के दौरान बीमारी की पुष्टि होने पर मरीजों को आवश्यकतानुसार आगे की जांच, उपचार और अन्य स्वास्थ्य सेवाओं से जोड़ा जाएगा. पात्र मरीजों को नि:शुल्क दवाएं भी उपलब्ध करायी जाएंगी.
कैंसर समेत कई गंभीर बीमारियों की होगी स्क्रीनिंग
अभियान के दौरान मधुमेह, उच्च रक्तचाप, मुंह का कैंसर, स्तन कैंसर और सर्वाइकल कैंसर के साथ हृदय रोग, सांस एवं फेफड़ों से संबंधित बीमारियों तथा फैटी लिवर की भी स्क्रीनिंग की जाएगी. घर-घर स्वास्थ्य जांच के अलावा जिले के सभी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, अतिरिक्त प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र और आयुष्मान आरोग्य मंदिरों में भी आवश्यक जांच और उपचार की सुविधा उपलब्ध रहेगी.
तीन महीने तक चलेगा अभियान
‘चिकित्सा आपके द्वार’ अभियान 2 सितंबर से 30 नवंबर तक संचालित किया जाएगा. अभियान के दौरान जहानाबाद जिले में 30 वर्ष एवं उससे अधिक आयु के करीब 7 लाख 78 हजार 500 लोगों की स्क्रीनिंग करने और आवश्यकता के अनुसार उपचार सुनिश्चित करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है.
समय पर बीमारी की पहचान पर जोर
वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के दौरान अधिकारियों ने कहा कि गंभीर और गैर-संचारी रोगों की प्रारंभिक अवस्था में पहचान होने से समय पर उपचार शुरू किया जा सकता है और गंभीर स्वास्थ्य जटिलताओं को काफी हद तक रोका जा सकता है. आर्थिक, सामाजिक या अन्य कारणों से नियमित स्वास्थ्य जांच नहीं करा पाने वाले लोगों तक घर-घर स्क्रीनिंग के माध्यम से स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच सुनिश्चित करना अभियान का प्रमुख उद्देश्य है.
स्वास्थ्य सुविधाएं घर के करीब पहुंचाने का लक्ष्य
स्वास्थ्य विभाग के पदाधिकारियों ने बताया कि अभियान का उद्देश्य गंभीर एवं गैर-संचारी रोगों की समय रहते पहचान करना, मरीजों को आवश्यक उपचार एवं स्वास्थ्य सेवाओं से जोड़ना और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सुविधाओं को आमजन के घर के निकट उपलब्ध कराना है.
कार्यक्रम के शुभांरभ के दौरान ये रहे मौजूद
शुभारंभ कार्यक्रम में प्रभारी सिविल सर्जन-सह-अपर मुख्य चिकित्सा पदाधिकारी मीना कुमारी, एनसीडीओ डॉ. दिनेश कुमार, जिला कार्यक्रम प्रबंधक खालिद हुसैन, जिला एपिडेमियोलॉजिस्ट आलोक कुमार, अमर शहीद जगदेव प्रसाद सदर अस्पताल के प्रभारी अधीक्षक, जिला संचारी रोग पदाधिकारी डॉ. विनोद कुमार सिंह, होमी भाभा कैंसर संस्थान के सदस्य समेत स्वास्थ्य विभाग के पदाधिकारी, चिकित्सक, स्वास्थ्यकर्मी एवं अन्य संबंधित कर्मी मौजूद रहे.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए