अंचल अधिकारी और बीडीओ को सौंपा मांग पत्र, स्मार्ट मीटर समेत इन मुद्दों पर उठायी आवाज
धरना पर बैठे | Prabhat Khabar Network
बिहार के घोसी में खेत एवं ग्रामीण मजदूर यूनियन ने 14 सूत्री मांगों को लेकर प्रखंड कार्यालय पर धरना दिया। सरकार से गरीबों के अधिकारों की रक्षा की मांग की गई।
Jehanabad News : जहानाबाद में बिहार प्रांतीय खेत एवं ग्रामीण मजदूर यूनियन की घोसी अंचल कमिटी की ओर से बुधवार को घोसी प्रखंड-सह-अंचल कार्यालय के समक्ष एक दिवसीय धरना दिया गया. धरने की अध्यक्षता कॉमरेड उपेंद्र दास ने की. इस दौरान यूनियन के कार्यकर्ताओं ने केंद्र और राज्य सरकार की नीतियों के खिलाफ आवाज बुलंद करते हुए गरीब, भूमिहीन, खेत मजदूर और कमजोर वर्गों की समस्याओं के समाधान की मांग की.
आपके शहर में
सालों भर रोजगार और न्यूनतम मजदूरी की मांग
धरने को संबोधित करते हुए खेत मजदूर यूनियन के जिला सचिव कॉमरेड रामप्रसाद पासवान ने कहा कि गरीबों और मजदूरों के अधिकारों की रक्षा के लिए सरकार को ठोस कदम उठाने चाहिए. किसान नेता कॉमरेड जगदीश प्रसाद, कॉमरेड महेंद्र राम, कॉमरेड प्रेमप्रकाश सिंह, कॉमरेड बुधेश पासवान, कॉमरेड इसराफिल, कॉमरेड अजु दास, कॉमरेड कृष्णा दास और कॉमरेड फुला देवी ने भी विचार रखे. वक्ताओं ने मजदूरों को सालों भर रोजगार उपलब्ध कराने, न्यूनतम मजदूरी लागू करने और भूमिहीन परिवारों को आवास के लिए जमीन उपलब्ध कराने की मांग की.
14 सूत्री मांग पत्र सौंपा
धरना समाप्त होने के बाद यूनियन की ओर से अंचल अधिकारी और प्रखंड विकास पदाधिकारी को 14 सूत्री मांग पत्र सौंपा गया. इसमें मनरेगा कानून को प्रभावी ढंग से लागू करने, बी.वी. राम कानून को रद्द करने, भूमिहीनों को आवास के लिए पांच डिसमिल जमीन देने और पर्चाधारियों को दखल-कब्जा दिलाने की मांग की गयी. बिना वैकल्पिक व्यवस्था के गरीबों के घर उजाड़ने पर रोक लगाने की भी मांग उठायी गयी.
राशन, पेंशन और समर्थन मूल्य का मुद्दा उठाया
मांग पत्र में राशन कार्ड में हुई कटौती में सुधार, होल्डिंग टैक्स और पानी टैक्स पर रोक, सामाजिक सुरक्षा पेंशन पांच हजार रुपये प्रतिमाह करने तथा कृषि फसलों के समर्थन मूल्य की सरकारी गारंटी देने की मांग की गयी. साथ ही पेयजल और नल-जल की समुचित व्यवस्था की मांग भी रखी गयी.
स्मार्ट मीटर खत्म करने की मांग
यूनियन ने खेत मजदूरों को वर्ष भर काम देने, चारों लेबर कोड रद्द करने, कच्ची सड़कों का पक्कीकरण, स्मार्ट मीटर समाप्त करने और नियमित बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने की मांग की. सभी गरीब परिवारों को पक्का मकान देने तथा घोसी पोखरा पर बसे भूमिहीनों को आवासीय पर्चा देने की मांग भी शामिल रही. महिलाओं, कमजोर वर्गों और अल्पसंख्यक वर्गों पर हो रहे अत्याचार पर रोक लगाने की मांग के साथ धरना समाप्त हुआ.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए