जिले में 1.22 लाख जमाबंदियों में सुधार का लक्ष्य, 31 अक्टूबर तक चलेगा विशेष अभियान
समीक्षा बैठक में शामिल डीएम | Prabhat Khabar Network
जहानाबाद में जमाबंदी अद्यतीकरण के लिए एक विशेष अभियान चलाया जा रहा है. इस अभियान का लक्ष्य जिले की 1.22 लाख जमाबंदियों में सुधार करना है. यह अभियान 15 सितंबर से 31 अक्टूबर तक चलेगा, जिसमें त्रुटियों को ठीक किया जाएगा और मृत रैयतों के उत्तराधिकारियों का नामांतरण भी किया जाएगा.
Jehanabad News : जहानाबाद अभियान बसेरा-02 एवं जमाबंदी अद्यतीकरण के लिए संचालित विशेष अभियान की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गयी. बैठक में संबंधित पदाधिकारियों और राजस्व कर्मियों को निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप कार्यों में तेजी लाते हुए सभी कार्यों का समयबद्ध निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया.
15 सितंबर से 31 अक्टूबर तक चलेगा अभियान
बैठक में बताया गया कि जमाबंदी अद्यतीकरण के लिए विशेष अभियान 15 सितंबर से 31 अक्टूबर तक संचालित किया जा रहा है. अभियान के तहत जिले की करीब 1 लाख 22 हजार जमाबंदियों में आवश्यक सुधार का लक्ष्य निर्धारित किया गया है.
डिजिटाइज्ड जमाबंदी पंजी का मूल जमाबंदी पंजी (रजिस्टर-2) की स्कैन प्रति से मिलान किया जायेगा. इस दौरान रैयत का नाम, पिता का नाम, खाता संख्या, खेसरा संख्या, रकबा, लगान राशि सहित अन्य राजस्व विवरणों में पायी जाने वाली त्रुटियों को मूल अभिलेख के अनुरूप सुधारने की कार्रवाई की जायेगी.
मृत रैयतों के उत्तराधिकारियों का होगा नामांतरण
अभियान के तहत मृत जमाबंदी रैयतों की पहचान कर उनके वैध उत्तराधिकारियों के नाम उत्तराधिकार नामांतरण की कार्रवाई सुनिश्चित की जायेगी. विभागीय निर्देश के अनुसार प्रति मौजा, प्रति अंचल अधिकारी प्रति माह न्यूनतम पांच उत्तराधिकार नामांतरण करने का निर्देश दिया गया है.
राजस्व कर्मचारी प्रतिदिन अपने कार्यों की प्रगति का प्रतिवेदन संबंधित अंचल अधिकारी को उपलब्ध करायेंगे. अंचल अधिकारी अभियान की प्रगति से भूमि सुधार उप समाहर्ता एवं अपर समाहर्ता को अवगत करायेंगे.
रैंडम वेरिफिकेशन से जांची जायेगी गुणवत्ता
अभियान की प्रभावी मॉनिटरिंग के लिए अपर समाहर्ता (राजस्व) को जिला नोडल पदाधिकारी बनाया गया है. भूमि सुधार उप समाहर्ता प्रत्येक अंचल के पांच प्रतिशत, अपर समाहर्ता दो प्रतिशत तथा समाहर्ता एक प्रतिशत मामलों का रैंडम वेरिफिकेशन करेंगे. इसके माध्यम से कार्यों की गुणवत्ता की जांच की जायेगी.
20 नवंबर को फिर होगा पर्चा वितरण
बैठक में अभियान बसेरा-02 की भी समीक्षा की गयी. इसके तहत पात्र लाभुकों को 20 नवंबर को दोबारा पर्चा वितरित किया जाना है. इसके लिए संबंधित पदाधिकारियों को पात्र लाभुकों से जुड़ी आवश्यक कार्रवाई और सभी तैयारियां समय पर पूरी करने का निर्देश दिया गया.
ई-मापी में तेजी लाने का निर्देश
बैठक में ई-मापी की प्रगति की भी समीक्षा की गयी. बताया गया कि वर्तमान में प्रत्येक अमीन द्वारा प्रतिदिन न्यूनतम दो मापी की जा रही है. लंबित मामलों के शीघ्र निष्पादन के लिए मापी के कार्य में और तेजी लाने का निर्देश दिया गया. बैठक में राजस्व कर्मचारी, राजस्व अधिकारी, अंचल अधिकारी, राजस्व प्रभारी, भूमि सुधार उप समाहर्ता, अपर समाहर्ता सहित संबंधित पदाधिकारी और कर्मी उपस्थित थे.
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए