अरवल में कायाकल्प अभियान के तहत हर पंचायत में चुने जाएंगे 10 प्राथमिकता वाले कार्य
बैठक करतीं डीएम | Prabhat Khabar Network
अरवल जिले में सार्वजनिक परिसंपत्तियों के रखरखाव, मरम्मत और सौंदर्यीकरण के लिए कायाकल्प अभियान चलाया जा रहा है. इस अभियान के तहत प्रत्येक ग्राम पंचायत में 10 प्राथमिकता वाले कार्यों का चयन किया जाएगा, ताकि आम नागरिकों को बेहतर जनसुविधाएं मिल सकें. यह अभियान 31 मार्च 2027 तक चलेगा.
Arwal News : अरवल जिला पदाधिकारी अमृषा बैंस के मार्गदर्शन में जिले में कायाकल्प अभियान का प्रभावी क्रियान्वयन किया जा रहा है. अभियान का मुख्य उद्देश्य जिले में उपलब्ध सार्वजनिक परिसंपत्तियों का अनुरक्षण, आवश्यक मरम्मत, सुदृढ़ीकरण एवं सौंदर्यीकरण सुनिश्चित करना है. इसके साथ ही आवश्यकता के अनुसार नई आधारभूत संरचनाओं का निर्माण कर आम नागरिकों को बेहतर जनसुविधाएं उपलब्ध कराने पर जोर दिया जा रहा है.
सार्वजनिक परिसंपत्तियों के रखरखाव पर जोर
कायाकल्प अभियान के तहत जिले के विद्यालयों, स्वास्थ्य संस्थानों, आंगनबाड़ी केंद्रों, पेयजल परिसंपत्तियों, गली-नाली, सामुदायिक भवनों समेत अन्य सार्वजनिक परिसंपत्तियों से संबंधित जरूरी कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर चिन्हित कर क्रियान्वित किया जाएगा.
विद्यालयों में सुधारी जाएंगी सुविधाएं
विद्यालयों में भवन, वर्ग-कक्ष, किचन शेड एवं शौचालयों की आवश्यक मरम्मत के साथ जरूरत के अनुसार अतिरिक्त वर्ग-कक्ष एवं अन्य आधारभूत संरचनाओं का निर्माण कराया जाएगा. उपलब्ध सुविधाओं को बेहतर बनाते हुए विद्यार्थियों के लिए सुरक्षित और अनुकूल शैक्षणिक वातावरण विकसित करने पर विशेष ध्यान दिया जाएगा.
स्वास्थ्य संस्थानों और आंगनबाड़ी केंद्रों का होगा कायाकल्प
स्वास्थ्य संस्थानों में आवश्यक मरम्मत, साफ-सफाई, सौंदर्यीकरण एवं अन्य जरूरी सुविधाओं को सुदृढ़ किया जाएगा, ताकि मरीजों को बेहतर और सुगम स्वास्थ्य सेवाएं मिल सकें.
इसी तरह आंगनबाड़ी केंद्रों के अनुरक्षण, मरम्मत, साफ-सफाई एवं सौंदर्यीकरण के साथ आवश्यक आधारभूत सुविधाओं को भी मजबूत किया जाएगा. आवश्यकता के अनुसार आंगनबाड़ी केंद्रों से जुड़े अन्य जरूरी कार्यों को भी प्राथमिकता में शामिल किया जाएगा.
पेयजल और जनोपयोगी कार्यों पर भी फोकस
ग्रामीण क्षेत्रों में पेयजल परिसंपत्तियों के समुचित अनुरक्षण, पेयजल से संबंधित शिकायतों के त्वरित निष्पादन तथा आवश्यक योजनाओं को प्राथमिकता के आधार पर पूरा कराने पर जोर दिया गया है. इसके अलावा सामुदायिक भवन, शौचालय, विद्यालय की चहारदीवारी, अतिरिक्त वर्ग-कक्ष, किचन शेड और स्वास्थ्य केंद्रों सहित स्थानीय जरूरत से जुड़े छोटे लेकिन जनोपयोगी कार्यों को भी अभियान में प्राथमिकता दी जाएगी.
हर पंचायत में 10 प्राथमिकता वाले कार्य
प्रत्येक ग्राम पंचायत में करीब 10 प्राथमिकता वाले कार्यों के चयन पर विशेष जोर दिया गया है. योजनाओं के चयन में स्थानीय आवश्यकता, जनहित और आम नागरिकों को मिलने वाले प्रत्यक्ष लाभ को प्राथमिकता दी जाएगी. संबंधित विभागों के बीच समन्वय और उपलब्ध संसाधनों के अभिसरण के माध्यम से कार्यों का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाएगा.
31 मार्च 2027 तक चलेगा अभियान
कायाकल्प अभियान का संचालन 17 सितंबर से 31 मार्च 2027 तक किया जाएगा. जिला पदाधिकारी ने सभी संबंधित पदाधिकारियों को अभियान के तहत चिन्हित कार्यों को निर्धारित समयसीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरा कराने का निर्देश दिया है. साथ ही कार्यों की नियमित निगरानी सुनिश्चित करने को कहा गया है.
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए