पिकलबॉल चैंपियनशिप में जहानाबाद के खिलाड़ियों ने जीते चार स्वर्ण समेत पांच पदक
खिलाड़ियों को सम्मानित करते डीएम | Prabhat Khabar Network
जहानाबाद के खिलाड़ियों ने 11वीं बिहार राज्य स्तरीय पिकलबॉल चैंपियनशिप में शानदार प्रदर्शन किया है. अंडर-14 वर्ग में ओम राज और ज्योति राज ने स्वर्ण पदक जीतकर जिले का नाम रोशन किया है.
Pickleball Championship in Jehanabad : जहानाबाद पटना के परसा बाजार स्थित लगून वाटर पार्क के पिकलबॉल क्लब में 12 एवं 13 सितंबर को बिहार पिकलबॉल संघ के तत्वावधान में आयोजित 11वीं बिहार राज्य स्तरीय पिकलबॉल चैंपियनशिप में जहानाबाद के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया. जिले के खिलाड़ियों ने विभिन्न स्पर्धाओं में चार स्वर्ण और एक रजत समेत पांच पदक अपने नाम किए. खिलाड़ियों की इस उपलब्धि पर जिला पदाधिकारी छिरिङ वाई भूटिया ने उन्हें सम्मानित कर उत्साहवर्धन किया.
10 खिलाड़ियों ने लिया प्रतियोगिता में हिस्सा
प्रतियोगिता में अंडर-14, अंडर-16, अंडर-19 एवं सीनियर आयु वर्ग के पुरुष एवं महिला वर्ग में सिंगल्स, डबल्स और मिक्स्ड डबल्स स्पर्धाओं का आयोजन किया गया. जहानाबाद से कुल 10 खिलाड़ियों ने प्रतियोगिता में हिस्सा लिया. टीम कोच के रूप में रोहन कुमार तथा टीम प्रभारी के रूप में वरीय खिलाड़ी पीयूष कुमार मौजूद रहे.
ओम राज और ज्योति राज ने जीता स्वर्ण
अंडर-14 बालक सिंगल्स में जहानाबाद के ओम राज ने स्वर्ण पदक हासिल किया. वहीं अंडर-14 बालिका सिंगल्स में ज्योति राज ने स्वर्ण पदक अपने नाम किया.
अंडर-14 बालक डबल्स में अंकित एवं सिद्धार्थ की जोड़ी ने पटना के खिलाड़ियों को पराजित कर स्वर्ण पदक जीता. अंडर-14 मिक्स्ड डबल्स में अंकित कुमार गौरव एवं ज्योति राज की जोड़ी ने भी स्वर्ण पदक हासिल किया.
अंडर-16 डबल्स में मिला रजत
अंडर-16 बालक डबल्स स्पर्धा में जहानाबाद के अंकित एवं ओम राज की जोड़ी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए रजत पदक प्राप्त किया. इस तरह जहानाबाद के खिलाड़ियों ने प्रतियोगिता में कुल पांच पदक हासिल किए.
डीएम ने खिलाड़ियों को दी शुभकामनाएं
जिला पदाधिकारी छिरिङ वाई भूटिया ने पदक विजेता खिलाड़ियों को उनकी उपलब्धि पर बधाई दी और उनका उत्साहवर्धन किया. उन्होंने खिलाड़ियों को भविष्य में भी बेहतर प्रदर्शन करते हुए जिले और बिहार का नाम रोशन करने के लिए शुभकामनाएं दीं.
खिलाड़ियों के प्रदर्शन की बिहार पिकलबॉल एसोसिएशन के महासचिव रंजन कुमार गुप्ता सहित संघ के पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने भी सराहना की. संघ के पदाधिकारियों ने खिलाड़ियों को आगे भी इसी तरह उत्कृष्ट प्रदर्शन करने के लिए प्रोत्साहित किया.
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए