जहानाबाद में फेल हो रही ऑटो कलर कोडिंग व्यवस्था, निर्धारित रूट छोड़ सभी मार्गों पर दौड़ रहे वाहन

Jehanabad traffic: जहानाबाद में ऑटो और ई-रिक्शा के लिए शुरू की गई कलर कोडिंग योजना उम्मीदों पर खरी नहीं उतर पा रही है. निर्धारित रूटों की अनदेखी और बिना कोडिंग वाले वाहनों के परिचालन से यातायात व्यवस्था अस्त-व्यस्त हो गई है.
Jehanabad traffic: शहरी क्षेत्र की यातायात व्यवस्था को सुगम और व्यवस्थित बनाने के उद्देश्य से लागू की गई ऑटो और ई-रिक्शा की कलर कोडिंग योजना का अपेक्षित लाभ नहीं मिल पा रहा है. जिला प्रशासन की ओर से निर्धारित रूटों के अनुसार वाहनों का परिचालन सुनिश्चित करने की योजना फिलहाल धरातल पर सफल होती नहीं दिख रही है.
जिला स्तरीय समिति ने काको मोड़ से एरकी, काको मोड़ से घोषी मोड़ और काको मोड़ से राजा बाजार तक तीन रूट निर्धारित करते हुए कलर कोडिंग योजना के तहत 173 ऑटो और ई-रिक्शा के परिचालन का निर्णय लिया था. चयनित वाहनों की कलर कोडिंग भी कर दी गई थी, लेकिन इसके बावजूद निर्धारित रूटों पर वाहनों का संचालन नहीं हो रहा है.
निर्धारित रूट छोड़ सभी मार्गों पर चल रहे ऑटो
कलर कोडिंग किए गए ऑटो चालक निर्धारित रूटों का पालन करने के बजाय पूर्व की तरह सभी मार्गों पर परिचालन कर रहे हैं. वहीं, यात्री भी निर्धारित रूट के ऑटो को छोड़कर दूसरे रूट के वाहनों में यात्रा कर रहे हैं. इससे लोगों में भ्रम की स्थिति बनी हुई है कि किस रंग के ऑटो से किस मार्ग की यात्रा करनी है.
यातायात व्यवस्था को सुव्यवस्थित करने के उद्देश्य से शुरू की गई यह योजना वर्तमान में अव्यवस्था का कारण बनती दिखाई दे रही है. निर्धारित रूट का पालन नहीं होने से शहर की यातायात व्यवस्था पहले की तरह ही प्रभावित बनी हुई है.
बिना कलर कोडिंग वाले सैकड़ों ऑटो सड़कों पर
शहरी क्षेत्र में बड़ी संख्या में ऐसे ऑटो भी परिचालित हो रहे हैं, जिनकी कलर कोडिंग नहीं की गई है. इन वाहनों के खुलेआम परिचालन के कारण निर्धारित रूट वाले ऑटो चालकों को पर्याप्त यात्री नहीं मिल पा रहे हैं. यही कारण है कि वे भी निर्धारित मार्गों का पालन नहीं कर रहे हैं और अन्य रूटों पर वाहन चला रहे हैं.
बिना कलर कोडिंग वाले वाहनों पर प्रभावी कार्रवाई नहीं होने से योजना की सफलता पर सवाल खड़े हो रहे हैं. इससे शहर की यातायात व्यवस्था को सुधारने का उद्देश्य भी प्रभावित हो रहा है.
निर्धारित रूट पर ही होगा ऑटो का परिचालन : डीटीओ
जिला परिवहन पदाधिकारी अविनाश कुमार ने कहा कि ऑटो परिचालन के लिए रूट निर्धारित कर कलर कोडिंग कराई गई है. जिन ऑटो चालकों ने अब तक अपने वाहनों की कलर कोडिंग नहीं कराई है, वे जल्द इसे पूरा कर लें. निर्धारित रूट पर ही ऑटो का परिचालन सुनिश्चित कराया जाएगा और नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध आवश्यक कार्रवाई की जाएगी.
बंटी यादव मर्डर केस: मुख्य आरोपी रवीश उर्फ बीसी का एनकाउंटर, पुलिस ने पैर में मारी गोली
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










