बंद मकान का ताला तोड़ लाखों की चोरी, जेवर-नकदी के साथ चावल और गेहूं के बोरे भी ले गये चोर
जहानाबाद शहर के विष्णुगंज मोहल्ले में एक बंद मकान से चोरों ने लाखों रुपये के कीमती सामान पर हाथ साफ कर दिया. सोने-चांदी के जेवरात, नकदी, कपड़े और अनाज भी चोरी हुए. पुलिस मामले की जांच कर रही है.
Jehanabad News : जहानाबाद शहर के विष्णुगंज मोहल्ले में चोरों ने एक बंद मकान का ताला तोड़कर लाखों रुपये के सामान पर हाथ साफ कर दिया. चोरों ने घर में रखे सोने-चांदी के जेवरात, नकदी, कीमती कपड़े और बर्तन के साथ चावल व गेहूं के बोरे भी चोरी कर लिये. घटना की जानकारी मिलने के बाद मोहल्ले में हड़कंप मच गया. सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी है.
पुराना मकान खाली रहता था
पीड़ित मकान मालिक पंकज कुमार ने बताया कि वह डीलर का काम करते हैं. भाइयों के बीच आपसी बंटवारे के बाद उनका पुराना मकान लंबे समय से खाली रहता था. परिवार के सदस्य पास के ही किराये के मकान में रहते हैं. हालांकि, जरूरी कामकाज के लिए पुराने मकान में सुबह-शाम आना-जाना होता था.
दरवाजे और कमरों के ताले तोड़कर घुसे चोर
बताया गया कि इसी दौरान चोरों ने मकान के मुख्य दरवाजे और अंदर के कमरों के ताले तोड़ दिये. इसके बाद घर में रखी अलमारी, तिजोरी और बक्सों को खंगालकर कीमती सामान लेकर फरार हो गये.
पत्नी के घर पहुंचने पर खुला चोरी का राज
चोरी की घटना का खुलासा पंकज कुमार की पत्नी सुनीता कुमारी के घर पहुंचने पर हुआ. उन्होंने देखा कि मकान के दरवाजे और अलमारी के ताले टूटे हुए हैं. अंदर जाने पर सामान बिखरा पड़ा था. जांच करने पर तिजोरी और बक्से में रखे सोने-चांदी के आभूषण और नकदी गायब मिले.
जेवर और नकदी के साथ अनाज भी ले गये
चोरों ने घर में रखे कपड़े, बर्तन और अन्य घरेलू सामान भी चोरी कर लिये. इतना ही नहीं, घर में रखे चावल और गेहूं के बोरे भी चोर अपने साथ ले गये. चोरी गये सामान का पूरा ब्योरा जुटाया जा रहा है.
सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस
घटना की सूचना मिलने पर थाना प्रभारी उमेश कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का जायजा लिया. पुलिस ने आसपास के मकानों और दुकानों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालना शुरू कर दिया है. साथ ही स्थानीय लोगों से भी पूछताछ की जा रही है.
आवेदन के आधार पर दर्ज होगी प्राथमिकी
थाना प्रभारी उमेश कुमार ने बताया कि पीड़ित परिवार से लिखित आवेदन लिया जा रहा है. आवेदन के आधार पर प्राथमिकी दर्ज करने की प्रक्रिया चल रही है. पुलिस चोरी गये सामान का ब्योरा जुटाने के साथ घटना में शामिल लोगों की पहचान करने में लगी है. मामले में जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जायेगी.
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए