जहानाबाद के आपदा प्रबंधन पदाधिकारी बने DSP, रितिक रोशन ने BPSC में हासिल की 215वीं रैंक
रितिक रोशन तेजस्वी
BPSC Result News: जहानाबाद के जिला आपदा प्रबंधन पदाधिकारी रितिक रोशन तेजस्वी ने 70वीं बीपीएससी परीक्षा में 215वीं रैंक हासिल कर डीएसपी पद पर सफलता पाई है. वह मूल रूप से गया जिले के बेलागंज के निवासी हैं. उनकी बड़ी बहन सोनिया राज अरवल में अल्पसंख्यक कल्याण पदाधिकारी हैं. पढ़ें रिपोर्ट.
जहानाबाद के संजय अनुराग की रिपोर्ट
BPSC Result News: जहानाबाद जिला कलेक्ट्रेट और प्रशासनिक महकमे से इस वक्त कर्मठता और लगातार बड़ी सफलता हासिल करने की एक गौरवशाली खबर सामने आई है. जहानाबाद जिले में वर्तमान में तैनात सहायक जिला आपदा प्रबंधन पदाधिकारी रितिक रोशन तेजस्वी ने बिहार लोक सेवा आयोग (BPSC) की 70वीं संयुक्त प्रतियोगिता परीक्षा में शानदार प्रदर्शन किया है. उन्होंने पूरे सूबे में 215वां रैंक लाकर उप पुलिस अधीक्षक (DSP) पद के लिए क्वालीफाई कर लिया है. एक प्रशासनिक पद पर रहते हुए और अपनी सरकारी जिम्मेदारियों को पूरी निष्ठा से निभाते हुए रितिक ने यह बड़ी उपलब्धि हासिल की है, जिससे जिले के प्रशासनिक अधिकारियों और उनके गृह क्षेत्र में हर्ष का माहौल है.

गया के बेलागंज के रहने वाले हैं रितिक, माता-पिता में खुशी
कलेक्ट्रेट गलियारे और पारिवारिक सूत्रों से मिली आधिकारिक जानकारी के अनुसार, रितिक रोशन तेजस्वी मूल रूप से पड़ोसी जिले गया के बेलागंज के रहने वाले हैं. उनके पिता तरुण कुमार गुप्ता बेलागंज बाजार में ही अपना व्यवसाय करते हैं, जबकि उनकी माता नीरू देवी एक कुशल घरेलू महिला हैं. रितिक की प्रारंभिक शिक्षा से लेकर स्नातक (Graduation) तक की पूरी पढ़ाई बेलागंज के ही स्थानीय संस्थानों से संपन्न हुई है, जो यह साबित करता है कि प्रतिभा किसी बड़े शहर की मोहताज नहीं होती.

सहायक जिला आपदा प्रबंधन से सीधे डीएसपी तक का सफर
यह रितिक रोशन तेजस्वी की लगातार दूसरी बड़ी प्रशासनिक सफलता है. इससे पहले उन्होंने 68वीं बीपीएससी परीक्षा को सफलतापूर्वक क्वालीफाई किया था, जिसके बाद उनकी नियुक्ति सहायक जिला आपदा प्रबंधन पदाधिकारी के रूप में हुई थी. वर्तमान में वह इसी पद पर जहानाबाद जिला मुख्यालय में अपनी सेवाएं दे रहे थे. कड़े काम के घंटों के बीच समय निकालकर उन्होंने अपना ध्यान लक्ष्य पर केंद्रित रखा और इस बार सीधे पुलिस महकमे के बड़े पद पर अपना चयन सुनिश्चित कराया.

बड़ी बहन सोनिया राज ने कदम-कदम पर किया मार्गदर्शन
रितिक रोशन तेजस्वी ने अपनी इस महा-सफलता का पूरा श्रेय अपने पूजनीय माता-पिता के आशीर्वाद के साथ-साथ अपनी बड़ी बहन सोनिया राज को दिया है. उनकी बड़ी बहन सोनिया राज वर्तमान में अरवल जिले में अल्पसंख्यक कल्याण पदाधिकारी के पद पर कार्यरत हैं.
रितिक ने बताया कि उनकी अधिकारी बहन ने तैयारी के दौरान कदम-कदम पर उनका उचित मार्गदर्शन किया और हर मुश्किल मोड़ पर उनका हौसला बढ़ाया, जिसके चलते वह आज इस प्रतिष्ठित मुकाम तक पहुंच पाए हैं. उनकी इस कामयाबी पर जहानाबाद और गया के शिक्षाविदों, अधिकारियों और स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने बधाई देते हुए उनके शानदार पुलिसिंग करियर की कामना की है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Aditya Kumar Ravi
बिहार के रहने वाले आदित्य कुमार रवि को पढ़ने-लिखने का बेहद शौक है। वे साहित्य, ग़ज़ल और कविता से गहरा लगाव रखते हैं। किताबों के साथ-साथ वे खेल के भी शौकीन हैं और क्रिकेट में काफी दिलचस्पी रखते हैं। फुर्सत के समय में उन्हें फ़िल्में देखना पसंद है। राजनीति को वे बहुत करीब से देखते और समझते हैं, इसलिए वे खुद को राजनीति का एक समर्पित छात्र मानते हैं। पत्रकारिता आदित्य का जुनून है और वे ज़मीन से जुड़ी खबरों को सामने लाने के लिए ग्राउंड रिपोर्टिंग करना पसंद करते हैं। उन्हें खास तौर पर गहराई से की जाने वाली खोजी खबरों और आंकड़ों पर आधारित डेटा स्टोरीज पर काम करना अच्छा लगता है। इसके अलावा, उन्हें न्यूज़ एंकरिंग और न्यूज़ प्रोडक्शन का भी व्यावहारिक ज्ञान है। आदित्य के पास 'दैनिक भास्कर' के साथ काम करने का अनुभव है। फिलहाल, वे 'प्रभात खबर' में कंटेंट राइटर के तौर पर काम कर रहे हैं, जहाँ फील्ड से आने वाली खबरों को संवारने और उन्हें वेबसाइट पर पाठकों तक पहुँचाने की जिम्मेदारी वे बखूबी निभाते हैं।
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










