बिहारशरीफ में मंत्री संजय सिंह टाइगर का अपराधियों को अल्टीमेटम: बोले “बिहार छोड़ें या जहन्नुम जाने को रहें तैयार”
सभा को संबोधित करते मंत्री
Biharsharif BJP News: नालंदा के बिहारशरीफ में भाजपा द्वारा आयोजित विकसित भारत संकल्प सभा में बिहार के उच्च शिक्षा एवं विधि मंत्री संजय सिंह टाइगर ने शिरकत की. उन्होंने मोदी सरकार के 12 साल की उपलब्धियां गिनाते हुए अपराधियों और भ्रष्टाचारियों को सख्त चेतावनी दी. सैकड़ों लोगों ने पार्टी की सदस्यता ली. पढ़ें रिपोर्ट.
Biharsharif BJP News (सुनील कुमार): नालंदा जिला मुख्यालय बिहारशरीफ से कानून-व्यवस्था को लेकर सबसे बड़ी खबर सामने आ रही है. भारतीय जनता पार्टी नालंदा की ओर से शनिवार को आयोजित विकसित भारत संकल्प सभा में सूबे के उच्च शिक्षा एवं विधि मंत्री संजय सिंह टाइगर ने अपराधियों और भ्रष्टाचारियों के खिलाफ तीखा रुख अख्तियार किया है. प्रबुद्ध नागरिकों और कार्यकर्ताओं के महा-जुटान को संबोधित करते हुए मंत्री ने दो टूक लहजे में कहा कि बिहार में अब कानून का राज है, और गड़बड़ी करने वालों को पाताल से भी ढूंढ निकाला जाएगा.
जहन्नुम जाने को तैयार रहें अपराधी
सभा की अध्यक्षता भाजपा जिलाध्यक्ष राजेश कुमार और संचालन जिला महामंत्री वीरेंद्र गोप कर रहे थे. मंच से विरोधियों और समाज के असामाजिक तत्वों पर गरजते हुए मंत्री संजय सिंह टाइगर ने कहा कि बिहार में अब अपराधियों और भ्रष्टाचारियों के लिए कोई जगह नहीं बची है. उन्होंने कड़े शब्दों में चेतावनी देते हुए कहा, “या तो ऐसे लोग बिहार छोड़ दें या फिर जहन्नुम में जाने को तैयार रहें. भ्रष्टाचारी अगर चूहे के बिल में भी जनता की गाढ़ी कमाई का पैसा छुपा कर रखेंगे, तो भी हमारी सरकार उसे ढूंढ निकालेगी और उनकी जगह सीधे जेल की सलाखों के पीछे होगी.”

मोदी सरकार के 12 साल की उपलब्धियां
मंत्री ने अपने संबोधन में केंद्र की मोदी सरकार के पिछले 12 वर्षों के कार्यकाल का पूरा रिपोर्ट कार्ड जनता के सामने रखा. उन्होंने तुलना करते हुए कहा कि साल 2014 से पहले का भारत समस्याओं और घोटालों से घिरा हुआ था, लेकिन आज का भारत वैश्विक मंच पर तेज विकास के पथ पर अग्रसर है. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मजबूत नेतृत्व की बदौलत देश 10वीं पायदान से छलांग लगाकर दुनिया की चौथी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन चुका है, और बहुत जल्द भारत तीसरे स्थान पर काबिज होने जा रहा है.

सैकड़ों प्रबुद्ध जनों ने थामा भाजपा का दामन
इस संकल्प सभा के दौरान बिहारशरीफ के सैकड़ों अधिवक्ताओं, प्रतिष्ठित व्यवसायियों, चिकित्सकों और समाज के विभिन्न जागरूक वर्गों के लोगों ने भाजपा की प्राथमिक सदस्यता ग्रहण की. वरिष्ठ नेताओं ने सभी नए सदस्यों को पार्टी का अंगवस्त्र पहनाकर स्वागत किया. कार्यक्रम स्थल पर केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को दर्शाती एक भव्य चित्र प्रदर्शनी भी लगाई गई, जिसका अवलोकन करने के लिए लोगों की भारी भीड़ उमड़ी.
इस हाई-प्रोफाइल कार्यक्रम में भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष सह क्षेत्रीय प्रभारी बलराम मंडल, प्रदेश प्रवक्ता प्रेम रंजन पटेल, जिला उपाध्यक्ष अरविंद पटेल, शैलेंद्र कुमार, सुधीर कुमार, तेजस्विता राधा और महिला मोर्चा की रुचि श्रीवास्तव सहित सैकड़ों मुख्य पदाधिकारी उपस्थित रहे. कार्यक्रम के सफल समापन पर सतीश कुमार ने सभी कार्यकर्ताओं और आगंतुकों के प्रति धन्यवाद ज्ञापन किया. मंत्री के इस ताबड़तोड़ और सख्त तेवर वाले भाषण की चर्चा इस समय पूरे नालंदा जिले में जोरों पर है.

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










