जहानाबाद प्रधान डाकघर को बम से उड़ाने की धमकी, ई-मेल मिलने के बाद सुरक्षा बढ़ी

Author Ashok Jehanabad|Edited by Vivek Ranjan
Updated:
विज्ञापन
डाकघर में आने वाले लोगों की जांच करती पुलिस | Prabhat Khabar Network

डाकघर में आने वाले लोगों की जांच करती पुलिस | Prabhat Khabar Network

जहानाबाद प्रधान डाकघर को बम से उड़ाने की धमकी मिलने से हड़कंप मच गया है। सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है और पुलिस मामले की जांच कर रही है।

विज्ञापन

जहानाबाद: जिले के प्रधान डाकघर को बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद डाक विभाग और जिला प्रशासन में हड़कंप मच गया. धमकी भरा ई-मेल मिलने के बाद डाकघर प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है. वहीं पुलिस ने मौके पर पहुंचकर पूरे परिसर का निरीक्षण किया और मामले की जांच शुरू कर दी है.

गया के माध्यम से मिला धमकी भरा ई-मेल

प्रधान डाकघर के पोस्टमास्टर अर्जुन राम ने बताया कि डाकघर को गया के माध्यम से एक धमकी भरा ई-मेल प्राप्त हुआ है.

ई-मेल में प्रधान डाकघर को बम विस्फोट से उड़ाने और डाक सेवाओं को नुकसान पहुंचाने की धमकी दी गई है. ई-मेल में एक अभिनेत्री द्वारा पैगंबर साहब के संबंध में कथित आपत्तिजनक टिप्पणी किए जाने के विरोध में इस तरह की कार्रवाई करने की बात भी लिखी गयी है.

डाकघर में बढ़ाई गई सुरक्षा व्यवस्था

धमकी मिलने के बाद प्रधान डाकघर प्रशासन पूरी तरह अलर्ट हो गया है. एहतियात के तौर पर डाकघर परिसर में प्रवेश करने वाले लोगों की पहचान की जा रही है.

प्रवेश से पहले आगंतुकों के आधार कार्ड की जांच की जा रही है. इसके अलावा मोबाइल नंबर और अन्य जरूरी जानकारी दर्ज करने के बाद ही लोगों को परिसर में प्रवेश की अनुमति दी जा रही है.

डाकघर कर्मियों को भी सतर्क रहने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत अधिकारियों को देने का निर्देश दिया गया है.

पुलिस ने किया परिसर का निरीक्षण

घटना की सूचना मिलते ही डायल 112 की टीम और स्थानीय थाना पुलिस मौके पर पहुंची. पुलिस ने डाकघर परिसर की जांच की और सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया.

अधिकारियों ने बताया कि अभी तक परिसर से किसी संदिग्ध वस्तु के मिलने की सूचना नहीं है, लेकिन सुरक्षा के लिहाज से पूरे मामले को गंभीरता से लिया जा रहा है.

ई-मेल भेजने वाले की पहचान में जुटी टीम

पोस्टमास्टर अर्जुन राम ने बताया कि धमकी भरे ई-मेल की जानकारी उच्च अधिकारियों को भी दे दी गयी है.

वहीं पुलिस और डाक विभाग की तकनीकी टीम ई-मेल के स्रोत का पता लगाने में जुटी हुई है. आईपी एड्रेस और अन्य डिजिटल साक्ष्यों के आधार पर ई-मेल भेजने वाले की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है.

Also Read: बिहार में ऑनलाइन जुआ खेलने वालों की अब खैर नहीं, विधानसभा से नया कानून पास, दूसरी बार पकड़े गए तो 2 साल की सजा


विज्ञापन
Ashok Jehanabad

लेखक के बारे में

By Ashok Jehanabad

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन