सिपाही भर्ती परीक्षा को लेकर जहानाबाद प्रशासन अलर्ट, केंद्रों पर मोबाइल जैमर और बायोमेट्रिक सत्यापन होगा अनिवार्य
परीक्षा को लेकर बैठक करते अधिकारी
Bihar Police Constable Exam : 28 जून 2026 को आयोजित होने वाली बिहार सिपाही भर्ती परीक्षा को लेकर जहानाबाद प्रशासन ने संयुक्त ब्रीफिंग आयोजित की. जिले के 10 परीक्षा केंद्रों पर 5,328 अभ्यर्थी परीक्षा देंगे. परीक्षा को कदाचारमुक्त बनाने के लिए मोबाइल जैमर, सीसीटीवी, बायोमेट्रिक सत्यापन और कड़े सुरक्षा इंतजाम किए गए हैं.
जहानाबाद से मृत्युंजय कुमार की रिपोर्ट
Bihar Police Constable Exam : 28 जून को आयोजित होने वाली सिपाही भर्ती परीक्षा के सफल, निष्पक्ष एवं कदाचारमुक्त संचालन को लेकर जिला पदाधिकारी छिरिड़ वाई भूटिया एवं पुलिस अधीक्षक कोटा किरण कुमार की संयुक्त अध्यक्षता में समाहरणालय स्थित ग्राम प्लेक्स भवन में प्रतिनियुक्त दंडाधिकारियों, पुलिस पदाधिकारियों, केंद्राधीक्षकों एवं संबंधित विभागीय अधिकारियों के साथ विस्तृत बैठक आयोजित की गई.
10 केंद्रों पर 5328 अभ्यर्थी देंगे परीक्षा
बैठक में बताया गया कि जिले में कुल 10 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, जहां 5328 अभ्यर्थी परीक्षा देंगे. परीक्षा 28 जून को एकल पाली में दोपहर 12:00 बजे से 2:00 बजे तक आयोजित होगी. अभ्यर्थियों का प्रवेश सुबह 10:00 बजे से शुरू होगा, जबकि 11:00 बजे के बाद किसी भी अभ्यर्थी को परीक्षा केंद्र में प्रवेश की अनुमति नहीं होगी.
बायोमेट्रिक सत्यापन और मोबाइल जैमर की रहेगी व्यवस्था
जिला पदाधिकारी ने निर्देश दिया कि परीक्षा का आयोजन केंद्रीय चयन पर्षद के दिशा-निर्देशों के अनुरूप शांतिपूर्ण एवं पारदर्शी तरीके से कराया जाए. सभी केंद्रों पर बायोमेट्रिक सत्यापन, फ्रिस्किंग, मोबाइल जैमर तथा सीसीटीवी कैमरों की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए. साथ ही पेयजल, शौचालय, प्रकाश एवं अन्य मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने को कहा गया.
कदाचार रोकने के लिए सख्त निगरानी के निर्देश
पुलिस अधीक्षक कोटा किरण कुमार ने कहा कि प्रतिरूपण, कदाचार एवं इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों के दुरुपयोग को रोकने के लिए अभ्यर्थियों की सघन जांच की जाए. परीक्षा केंद्रों के अलावा रेलवे स्टेशन और आसपास के क्षेत्रों में भी पर्याप्त संख्या में दंडाधिकारी एवं पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया, ताकि अभ्यर्थियों को किसी प्रकार की परेशानी न हो.
सुबह 9 बजे तक केंद्रों पर पहुंचेंगे अधिकारी
जिला पदाधिकारी ने सभी प्रतिनियुक्त दंडाधिकारियों एवं पुलिस पदाधिकारियों को सुबह 9:00 बजे तक अपने-अपने परीक्षा केंद्रों पर पहुंचने का निर्देश दिया. नोडल पदाधिकारी को परीक्षा पूर्व सभी केंद्रों का निरीक्षण कर तैयारियों का सत्यापन कराने तथा केंद्राधीक्षकों से सीसीटीवी, मोबाइल जैमर और अन्य व्यवस्थाओं की रिपोर्ट प्राप्त करने को कहा गया.
नियंत्रण कक्ष रहेगा सक्रिय
परीक्षा के दौरान प्रभावी निगरानी एवं शिकायतों के त्वरित निष्पादन के लिए अनुमंडल कार्यालय, जहानाबाद में जिला नियंत्रण कक्ष कार्यरत रहेगा. परीक्षा से संबंधित किसी भी सूचना या शिकायत के लिए दूरभाष संख्या 06114-223013 जारी किया गया है.
जिले में सिपाही भर्ती परीक्षा के लिए कुल 10 परीक्षा केन्द्र बनाए गए हैं, जिसमे 5328 परीक्षार्थी शामिल होगें….
(1) मुरलीधर इंटर स्कूल, राजा बाजार, जहानाबाद
(2) प्रतिभा पल्लवन मेमोरियल स्कूल, बेंकटेश्वर नगर, अरवल रोड, जहानाबाद
(3) आदर्श मध्य विद्यालय, ऊँटा, जहानाबाद
(4) गौतम बुद्ध इंटर स्कूल, जहानाबाद
(5) हाई स्कूल हाटी, काको
(6) उत्क्रमित उच्च विद्यालय, डेलसा
(7) रामकृष्ण परमहंस विद्यालय, नियर साई मंदिर, जहानाबाद
(8) ब्रिलियंट पब्लिक स्कूल, निजामुद्दीनपुर, काको रोड, जहानाबाद
(9) राज्य संपोषित बालिका इंटर स्कूल, नियर गांधी मैदान, जहानाबाद
(10) श्री रामकृष्ण (एस. आर. के.) +2 स्कूल, पंडूई, जहानाबाद शामिल हैं.
बैठक में शामिल अधिकारी
बैठक में जिला पदाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक के साथ साथ अपर समाहर्ता सह जिला लोक शिकायत निवारण पदाधिकारी राजीव कुमार, अपर समाहर्ता (विभागीय जांच) विनय कुमार ,अनुमंडल पदाधिकारी राजीव कुमार सिन्हा, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, मनीष कुमार चौधरी, सिविल सर्जन, सहायक निदेशक जिला सामाजिक सुरक्षा कोषांग पूनम कुमारी सहित सभी परीक्षा केन्द्रों के केन्द्राधीक्षक / दंडाधिकारी/ पुलिस पदाधिकारी उपस्थित थे.
इसे भी पढ़ें : पटना जंक्शन पर जाली नोट दिखाकर यात्रियों को बनाते थे शिकार, गिरोह का सरगना दिल्ली से गिरफ्तार, कई साथियों की तलाश जारी
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Nikhil Anurag
मूलतः निखिल अनुराग. पेशे से पत्रकार. बुद्ध की धरती पर जन्म. बिहार का सबसे नवीनतम जिला (अरवल) से ताल्लुक. पढ़ाई की शुरूआत गांव से ही. फिर पलायन कर गंगा के तट पटना पहुंचा. ज्ञान की धरती से कुछ तालीम हासिल कर राष्ट्रीय राजधानी की ओर कूच. पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएट ( माखनलाल पत्रकारिता विश्वविद्यालय). नोएडा की धरती पर विद्वतजन से कुछ न कुछ सीखा. करंट अफ़ेयर्स, राजनीति, खेल, अंतरराष्ट्रीय संबंध, गाँव, खेत-किसान पसंदीदा टॉपिक. स्कूल, कॉलेज युनिवर्सिटी में यूथ से गपशप करना एनर्जी का अतिरिक्त स्रोत. साल 2020 में नोएडा से शुरू हुई इस लेखन यात्रा कलम, डेस्कटॉप, लैपटॉप के की-बोर्ड से होते हुए स्मार्ट फोन तक पहुंच गयी. ज्यों-ज्यों उम्र बढ़ रही है, सीखने, पढ़ने, लिखने की भूख भी बढ़ रही है. नोएडा में टीवी न्यूज में काम करने के बाद हिंदुस्तान ग्रूप होते हुए बिहार, झारखंड की सबसे पसंदीदा अखबार प्रभात खबर में कार्यरत. हां एक बात और... पढ़ने-लिखने की जिज्ञासा कभी खत्म नहीं होगी. साहित्य में बेहद दिलचस्पी.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










