ePaper

Patna-Ranchi Vande Bharat Express: आगे-आगे जनशताब्दी, पीछे-पीछे चल रही थी वंदेभारत, इस दिन होगा उद्घाटन

Updated at : 19 Jun 2023 12:56 AM (IST)
विज्ञापन
Patna-Ranchi Vande Bharat Express: आगे-आगे जनशताब्दी, पीछे-पीछे चल रही थी वंदेभारत, इस दिन होगा उद्घाटन

Patna-Ranchi Vande Bharat Express: रेलवे सूत्रों के अनुसार पटना-रांची वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन की समय-सारिणी तय कर ली गयी है. दूसरी बार सफल ट्रायल के बाद अब रेलवे बोर्ड से ट्रेन चलाने की हरी झंडी मिलेगी. इसके बाद समय-सारिणी की घोषणा की जायेगी

विज्ञापन

Patna-Ranchi Vande Bharat Express: पटना और रांची के बीच चलने वाली वंदे भारत एक्सप्रेस का दूसरा ट्रायल रन रविवार को किया गया. इस ट्रेन को पटना जंक्शन के प्लेटफार्म नंबर आठ से सुबह सात बजे रवाना किया गया. सुबह 6 बजे ही सभी रेलवे कर्मचारी प्लेटफॉर्म नंबर आठ पर उपस्थित हो गये थे. इस बार वंदेभारत को पटना-रांची जनशताब्दी एक्सप्रेस के पीछे-पीछे ले जाया गया. रांची तक ट्रायल रन के दौरान ट्रेन की स्पीड कहीं 61 तो कहीं 110 किलोमीटर प्रति घंटे की रही. हालांकि ट्रेन 30 मिनट लेट हटिया पहुंची. हटिया से ट्रेन दोपहर 3.55 बजे खुली और 10 मिनट पहले 10 बजे पटना पहुंच गयी. संभावना है कि पटना-हटिया वंदे भारत का उद्घाटन 27 जून को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी करेंगे. रांची स्टेशन पर मुख्य समारोह होगा.

ट्रेन के प्लेटफॉर्म से खुलते ही वीडियो व सेल्फी लेने लगे लोग

आठ बोगी वाली वंदे भारत ट्रेन जब प्लेटफार्म पर खड़ी थी तो काफी संख्या में लोग उसे देखने के लिए पहुंचे. ट्रेन खुलने के पहले तक लोगों ने खूब सेल्फी ली. खास कर युवा वर्ग सोशल मीडिया पर ट्रेन के साथ सेल्फी डालने में व्यस्त दिखा.

टीम में दानापुर, गया व डीडीयू मंडल के रेलवे अधिकारियों को लगाया गया

इस ट्रेन में पहले दिन के ट्रायल की तरह मुख्य टिकट निरीक्षक एपी सिंह व उनकी टीम को ड्यूटी पर तैनात किया गया था. इसके अलावा दानापुर मंडल के सहायक वाणिज्य प्रबंधक विश्वनाथ कुमार व सीनियर सीडीओ को भी भेजा गया था. इस बार गया व दीनदयाल उपाध्याय रेल मंडल के अधिकारियों को भी वंदेभारत एक्सप्रेस की टीम में शामिल किया गया था. पटना से सात बजे खुलकर ट्रेन ठीक आठ बजकर 11 मिनट पर गया पहुंच गयी. पटना से गया के बीच कई जगह ट्रेन को काशन नहीं मिल पाया. इसके कारण ट्रेन की गति को 110 से अधिक नहीं की गयी.

15 मिनट पहले पहुंची गया, कोडरमा में 35 मिनट हुई लेट

वंदेभारत ने पटना से गया तक का सफर 15 मिनट पहले ही तक कर लिया था. हालांकि, गया से कोडरमा जाते-जाते यह ट्रेन 35 मिनट लेट हो गयी. ट्रेन लेट होने का मुख्य कारण आगे-आगे जनशताब्दी एक्सप्रेस को चलाना बताया गया. यह ट्रेन दूसरी ट्रायल रन में हटिया पहुंचते-पहुंचते करीब 30 मिनट लेट हो गयी. वहीं वापसी में यह ट्रेन दोपहर 3:55 बजे पर हटिया से खुली. यह ट्रेन गया जंक्शन पर समय से पहुंच गयी.

Also Read: पीएम मोदी इस दिन पटना-रांची वंदे भारत एक्सप्रेस को दिखा सकते हैं हरी झंडी, जल्द जारी होगा शेड्यूल
मंगलवार को छोड़ सप्ताह में 6 दिन चलेगी ट्रेन

रेलवे सूत्रों के अनुसार इस ट्रेन की समय-सारिणी तय कर ली गयी है. दूसरी बार सफल ट्रायल के बाद अब रेलवे बोर्ड से ट्रेन चलाने की हरी झंडी मिलेगी. इसके बाद समय-सारिणी की घोषणा की जायेगी. सूत्रों के अनुसार छह दिनों तक पटना जंक्शन के प्लेटफार्म संख्या आठ से सुबह सात बजे ट्रेन को खोला जायेगा. ट्रेन जहानाबाद 7.35 बजे, गया 8.25 बजे, कोडरमा 9.35 बजे, हजारीबाग 10.33 बजे, बरकाकाना 11.35 बजे, मेसरा 12.20 बजे, रांची एक बजे और 1.20 बजे हटिया पहुंचेगी. वहीं हटिया से यह 3.55 बजे खुलकर 4.10 बजे रांची, 4.35 बजे मेसरा, 5.30 बजे बरकाकाना, 6.30 बजे हजारीबाग, 7.23 बजे कोडरमा, 8.45 बजे गया, 9.28 बजे जहानाबाद और 10.10 बजे पटना वापस पहुंच जायेगी.

विज्ञापन
Prabhat Khabar News Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar News Desk

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन