घर में फंदे से लटका मिला युवक का शव, पत्नी एक दिन पहले लौटी थी जमुई, एफएसएल जांच से खुलेगा मौत का राज
घटनास्थल पर जांच करती पुलिस व ग्रामीणों की भीड़ | Prabhat Khabar Network
Jamui News : जमुई जिले के सोनो थाना क्षेत्र में 35 वर्षीय युवक का शव फांसी के फंदे से लटका मिला, जिससे इलाके में सनसनी फैल गई. मृतक की पहचान मनोज शर्मा के रूप में हुई है. पुलिस पारिवारिक विवाद की आशंका जता रही है और मामले की जांच कर रही है.
Jamui News : जमुई जिले के सोनो थाना क्षेत्र अंतर्गत लोहा गांव के सलैया रोड स्थित एक घर में रविवार सुबह 35 वर्षीय युवक का शव फंदे से लटका मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई. मृतक की पहचान लोहा गांव निवासी मनोज शर्मा, पिता महेंद्र शर्मा के रूप में हुई है. घटना की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल जमुई भेज दिया है. मामले की जांच के लिए एफएसएल टीम ने भी घटनास्थल से वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाए हैं.
बच्चों की नजर पड़ते ही मच गया हड़कंप
जानकारी के अनुसार रविवार सुबह पड़ोस के कुछ बच्चों ने घर के भीतर मनोज शर्मा का शव फंदे से लटकता देखा. बच्चों के शोर मचाने पर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और घटना की सूचना पुलिस तथा स्थानीय जनप्रतिनिधियों को दी. देखते ही देखते पूरे गांव में घटना की खबर फैल गई.
पारिवारिक विवाद की आशंका
स्थानीय लोगों के अनुसार मनोज शर्मा मूल रूप से पश्चिम बंगाल से आकर लोहा गांव में बसे थे. उनकी पत्नी अपनी दो बेटियों के साथ जमुई में रहकर एक निजी अस्पताल में सफाईकर्मी के रूप में काम करती है, जबकि मनोज गांव में मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करते थे. बताया जाता है कि शनिवार को पत्नी दोनों बेटियों के साथ गांव आई थी. पड़ोसियों ने दोनों को दोपहर बाद घर के पास देखा था, लेकिन शाम में पत्नी बच्चों के साथ वापस जमुई लौट गई.
पुलिस हर पहलू से कर रही जांच
प्रारंभिक जांच में पुलिस को आशंका है कि शनिवार शाम पति-पत्नी के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ होगा, जिसके बाद पत्नी के लौट जाने पर मनोज ने फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली. हालांकि पुलिस फिलहाल हर पहलू को ध्यान में रखकर जांच कर रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट तथा एफएसएल जांच का इंतजार कर रही है.
मुखिया ने उठाए सवाल
घटना को लेकर पंचायत के मुखिया जमादार सिंह ने मौत को संदिग्ध बताते हुए निष्पक्ष और गहन जांच की मांग की है. उनका कहना है कि सभी तथ्यों की वैज्ञानिक तरीके से जांच कर सच्चाई सामने लाई जानी चाहिए.
क्या बोले थानाध्यक्ष
सोनो थानाध्यक्ष सह पुलिस निरीक्षक धर्मेंद्र कुमार ने बताया, "प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत होता है. एफएसएल टीम द्वारा साक्ष्य जुटाए गए हैं. पोस्टमार्टम रिपोर्ट और वैज्ञानिक जांच के बाद ही मृत्यु के वास्तविक कारणों का स्पष्ट पता चल सकेगा. पुलिस सभी बिंदुओं पर जांच कर रही है."
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए