संपूर्णता अभियान 2.0 की हुई शुरुआत, गोल्ड मेडल प्राप्ति का रखा लक्ष्य

Published by : PANKAJ KUMAR SINGH Updated At : 03 Feb 2026 9:06 PM

विज्ञापन

नीति आयोग की ओर से आकांक्षी प्रखंड के तहत चयनित खैरा प्रखंड में संपूर्णता अभियान 2.0 की शुरुआत की गयी.

विज्ञापन

खैरा . नीति आयोग की ओर से आकांक्षी प्रखंड के तहत चयनित खैरा प्रखंड में संपूर्णता अभियान 2.0 की शुरुआत की गयी. मंगलवार को प्रखंड कार्यालय स्थित सभागार कक्ष में समारोहपूर्वक इस कार्यक्रम की शुरुआत की गयी. कार्यक्रम की शुरुआत प्रखंड प्रमुख बबीता देवी, बीडीओ शेखर सुमन, प्रखंड शिक्षा प्रसार पदाधिकारी महेश प्रसाद सहित अन्य लोगों ने दीप प्रज्वलित कर किया. इस दौरान बेला स्कूल स्थित आदिवासी छात्रावास के छात्र-छात्राओं ने स्वागत गान की प्रस्तुति दी. मौके पर प्रखंड विकास पदाधिकारी ने बताया कि नीति आयोग के द्वारा जमुई जिले को आकांक्षी जिला तथा खैरा प्रखंड को आकांक्षी प्रखंड के रूप में चुना गया था. इसके तहत देश के बाकी अन्य जिले और प्रखंडों के साथ इस प्रखंड को भी विकास के मानकों पर लाने की कोशिश चल रही है. उन्होंने बताया की संपूर्णता अभियान के पहले चरण में छह अलग-अलग इंडिकेटर पर काम करने का निर्देश था. जिसमें तीन इंडिकेटर प्राप्त कर खैरा प्रखंड को सिल्वर मेडल प्राप्त हुआ था. उन्होंने बताया कि इस बार हमारा लक्ष्य है कि हम प्रखंड के सभी इंडिकेटर पर काम कर गोल्ड मेडल हासिल करें. उन्होंने बताया कि इसमें आंगनबाड़ी केंद्र में शौचालय का निर्माण, पानी की व्यवस्था, बच्चों की सेहत का रखरखाव, पशु को मुंहपका, खुरपका का टीकाकरण इत्यादि कुल 6 ऐसे मानक तय किए गए हैं, जिन पर काम किया जाना है. इस दौरान उन्होंने सभी कर्मचारियों को निर्देश दिया कि वह इन सभी दिशा में बेहतर रूप से कम करें. साथ ही उन्होंने सभी पंचायत प्रतिनिधियों से अपील भी किया कि इन इंडिकेटर को पूरा करने में वह सब भी अपना सहयोग करें. मौके पर मौजूद पंचायत प्रतिनिधियों ने भी कहा कि वह इसमें अपनी सहभागिता निभाएंगे, ताकि खैरा प्रखंड को गोल्ड मेडल मिल सके. मौके पर प्रखंड उप प्रमुख रणवीर सिंह, टीवीओ डॉ सुरुचि कुमारी, राजनंदनी कुमारी, पीरामल फाउंडेशन के कौशिक कुमार, पैक्स अध्यक्ष पुरुषोत्तम सिंह, मुखिया प्रभु यादव सहित कई अन्य जनप्रतिनिधि मौजूद रहे.

विज्ञापन
PANKAJ KUMAR SINGH

लेखक के बारे में

By PANKAJ KUMAR SINGH

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन