छात्रा की मौत के बाद रणक्षेत्र बना खैरा बाजार, पथराव व तोड़फोड़ के बाद हवाई फायरिंग

Updated:
विज्ञापन

खैरा बाजार में छात्रा की मौत के बाद उग्र प्रदर्शन के दौरान सड़क पर बिखरे पत्थर और तैनात पुलिस बल

WhatsApp चैनल से जुड़ेंगूगल पर प्रभात खबर चुनें

Khaira Student Death Protest: कोचिंग जा रही एक छात्रा की सड़क हादसे में मौत ने गुरुवार को खैरा बाजार को रणक्षेत्र में बदल दिया. सड़क पर पत्थरों का ढेर, पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच टकराव, लगातार पथराव होता रहा. भीड़ को नियंत्रित करने के लिए पुलिस को आत्मरक्षार्थ हवाई फायरिंग भी करनी पड़ी. खैरा बाजार में कई घंटों तक हालात पूरी तरह बेकाबू रहे. हालांकि घटनास्थल पर पुलिस अधिकारियों ने शीघ्र ही स्थिति को नियंत्रण में कर लिया और सड़क पर यातायात को बहाल कराया.

विज्ञापन

जमुई से गुलशन कश्यप की रिपोर्ट:

विज्ञापन

Khaira Student Death Protest: जिले के खैरा बाजार में गुरुवार सुबह एक छात्रा की सड़क हादसे में मौत के बाद लोग आक्रोशित हो गये. देखते ही देखते पूरा बाजार रणक्षेत्र में तब्दील हो गया. आक्रोशित लोगों ने सड़क जाम कर प्रदर्शन शुरू कर दिया और बाद में खैरा थाना पहुंचकर जमकर हंगामा किया. स्थिति इतनी बिगड़ गई कि करीब दो घंटे तक पथराव होता रहा. हालांकि आत्मरक्षार्थ पुलिस को हवाई फ़ाइरिंग करनी पड़ी. घटना के बाद करीब चार घंटे तक मुख्य मार्ग पर यातायात पूरी तरह ठप रहा और पूरा बाजार बंद रहा. पुलिस अधिकारियों ने स्थिति को नियंत्रण में कर लिया और सड़क पर यातायात को बहाल कराया.

कोचिंग जाने के दौरान हुआ हादसा

जानकारी के अनुसार, गुरुवार सुबह करीब सात बजे खैरा बाजार स्थित पंचमंदिर के समीप एक मेटल बोल्डर लदे हाइवा ने साइकिल से कोचिंग जा रही छात्रा को कुचल दिया. टक्कर इतनी भीषण थी कि छात्रा ट्रक के नीचे फंसकर करीब 20 फीट तक घिसटती चली गई. घटनास्थल पर ही उसकी मौत हो गई. हादसे की सूचना मिलते ही परिजन और स्थानीय लोग बड़ी संख्या में मौके पर जुट गए.

सड़क जाम कर शुरू किया विरोध-प्रदर्शन

छात्रा की मौत से आक्रोशित लोगों ने सबसे पहले घटनास्थल पर बांस लगाकर सड़क जाम कर दिया. इसके बाद खैरा-सोनो मोड़ को भी अवरुद्ध कर दिया गया. कुछ ही देर बाद प्रदर्शनकारी खैरा थाना चौक पहुंच गए और वहां भी यातायात बाधित कर दिया. इस दौरान बाजार की अधिकांश दुकानें बंद हो गईं और पूरे इलाके में तनाव का माहौल बन गया.

थाने पर हमला व पुलिस वाहनों में तोड़फोड़ की सूचना

स्थिति तब और बिगड़ गई जब उग्र भीड़ ने खैरा थाना की ओर रुख किया. आरोप है कि कुछ लोगों ने थाना परिसर में घुसकर वाहनों को क्षतिग्रस्त कर दिया और जमकर तोड़फोड़ की. इस दौरान पुलिसकर्मियों और महिला जवानों के साथ धक्का-मुक्की और मारपीट की घटनाएं भी सामने आईं. थाना परिसर और आसपास के इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया.

दो घंटे तक चला पथराव

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच करीब दो घंटे तक लगातार पथराव होता रहा. खैरा हाई स्कूल चौक से लेकर थाना चौक और गोपालपुर मोड़ तक सड़क पर पत्थर ही पत्थर बिखरे नजर आए. हालात बेकाबू होते देख पुलिस को कार्रवाई करनी पड़ी.

कई अधिकारी घायल, अतिरिक्त बल बुलाया गया

घटना के दौरान खैरा अंचलाधिकारी समेत कई पुलिस अधिकारियों और जवानों को चोटें आई हैं. हालात की गंभीरता को देखते हुए जिला मुख्यालय से अतिरिक्त पुलिस बल और एसएसबी के जवानों को मौके पर भेजा गया. इसके बाद एडीएम, एसडीएम, एसडीपीओ, मुख्यालय डीएसपी सहित कई वरिष्ठ अधिकारी घटनास्थल पर पहुंचे और स्थिति को नियंत्रित करने में जुट गए.

परिजनों से बातचीत के बाद शांत हुआ माहौल

वरिष्ठ अधिकारियों ने मृत छात्रा के परिजनों से बातचीत कर उन्हें न्यायोचित कार्रवाई का भरोसा दिलाया. इसके बाद धीरे-धीरे स्थिति सामान्य होने लगी. पुलिस ने उपद्रव और हिंसा में शामिल होने के आरोप में आधा दर्जन लोगों को हिरासत में लिया है. मामले की जांच की जा रही है.

बाजार रहा बंद, यातायात प्रभावित

घटना के बाद कई घंटों तक खैरा बाजार पूरी तरह बंद रहा. मुख्य सड़क पर वाहनों का परिचालन बाधित रहा, जिससे यात्रियों और आम लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा. देर शाम तक प्रशासन स्थिति पर नजर बनाए हुए था.


खैरा में सड़क दुर्घटना में छात्रा की मौत के बाद पुलिस पर पथराव किया गया है. इसके बाद हमें आत्मरक्षार्थ हवाई फायरिंग करनी पड़ी है. पुलिस बल की संख्या काफी कम थी, इस कारण उपद्रवियों को रोकने के लिए फायरिंग करनी पड़ी. फिलहाल सड़क से हाइवा को हटाने का प्रयास किया जा रहा है, ताकि मुख्य मार्ग पर वाहनों का परिचालन शुरू किया जा सके. फिलहाल कुछ लोगों को हिरासत में लिया गया है. प्राथमिकी दर्ज करने की प्रक्रिया की जा रही है .

: विश्वजीत दयाल; एसपी ,जमुई

ALSO READ: साइकिल से पढ़ने जा रही थी मुस्कान, तेज रफ्तार हाइवा ने छीनी जिंदगी

आपके शहर में

विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन