चंद्रमंडीह में आपराधिक घटनाओं के विरोध में तीसरे दिन भी धरना, थानाध्यक्ष के निलंबन की मांग
फोटो- धरना में भाग लेते विभिन्न पार्टी के नेता व कार्यकर्ता | Prabhat Khabar Network
चंद्रमंडीह थाना क्षेत्र में लगातार हो रही आपराधिक घटनाओं के खिलाफ भाकपा माले और आदिवासी संघर्ष मोर्चा का अनिश्चितकालीन धरना तीसरे दिन भी जारी है. प्रदर्शनकारी थानाध्यक्ष के निलंबन और उच्चस्तरीय जांच की मांग कर रहे हैं, जिससे आम लोगों में असुरक्षा का माहौल है.
जमुई. चंद्रमंडीह थाना क्षेत्र में लगातार हो रही आपराधिक घटनाओं पर रोक लगाने और थानाध्यक्ष गजेंद्र कुमार को निलंबित करने की मांग को लेकर भाकपा माले और आदिवासी संघर्ष मोर्चा के नेतृत्व में चल रहा अनिश्चितकालीन धरना बुधवार को तीसरे दिन भी जारी रहा. धरना को इंडियन इंक्लूसिव पार्टी (आईआईपी) और राष्ट्रीय वाहन चालक महासंघ भारत ने भी समर्थन दिया.
आईआईपी नेताओं ने धरना स्थल पर पहुंचकर जताया समर्थन
धरना स्थल पर आईआईपी के जिलाध्यक्ष शंभू कुमार, प्रदेश प्रवक्ता ललन सिंह, व्यवसायिक प्रकोष्ठ के जिलाध्यक्ष दामोदर बरनवाल और प्रदेश महासचिव विशेश्वर तांती सहित अन्य नेता पहुंचे. राष्ट्रीय वाहन चालक महासंघ भारत के अध्यक्ष विनोद यादव उर्फ फुट कपार ने भी धरना स्थल पर पहुंचकर आंदोलन का समर्थन किया.
आम लोगों में असुरक्षा का माहौल होने का दावा
सभा को संबोधित करते हुए आईआईपी जिलाध्यक्ष शंभू कुमार ने कहा कि चंद्रमंडीह थाना क्षेत्र में लगातार आपराधिक घटनाएं हो रही हैं, जिससे आम लोगों में असुरक्षा का माहौल है. उन्होंने जिला प्रशासन और पुलिस अधीक्षक से मामले में कार्रवाई की मांग की. उन्होंने कहा कि मांगों पर कार्रवाई नहीं हुई तो पार्टी सड़क से सदन तक आंदोलन करेगी.
थानाध्यक्ष पर कार्रवाई की मांग
राष्ट्रीय वाहन चालक महासंघ के जिलाध्यक्ष विनोद यादव ने कहा कि प्रशासन को चंद्रमंडीह थाना क्षेत्र में शांति, अमन-चैन और भाईचारा कायम करने के लिए ठोस कदम उठाना चाहिए. उन्होंने थानाध्यक्ष के खिलाफ कार्रवाई की मांग करते हुए कहा कि मांग पूरी नहीं होने पर संघ आंदोलन को और तेज करेगा.
उच्चस्तरीय जांच की मांग
धरना की अध्यक्षता भाकपा माले के युवा नेता कंचन रजक ने की. उन्होंने थाना क्षेत्र में चोरी, डकैती सहित अन्य आपराधिक घटनाओं का उल्लेख करते हुए थानाध्यक्ष के कार्यकाल की उच्चस्तरीय जांच कराने और कार्रवाई की मांग की. उन्होंने कहा कि मांगें पूरी नहीं होने पर भाकपा माले और आदिवासी संघर्ष मोर्चा जिले के सभी प्रखंड मुख्यालयों पर पुलिस पदाधिकारी के खिलाफ पुतला दहन करेगा.
सैकड़ों धरनार्थी रहे मौजूद
मौके पर भाकपा माले के जिला सचिव शंभू शरण सिंह, राज्य कमेटी सदस्य बाबू साहब सिंह, राहुल यादव, कल्लू मरांडी, खूब लाल राणा, जगदीश राणा, नितेश्वर आजाद, मो. हैदर, सलीम अंसारी, करमानी राय, जिब्राइल अंसारी सहित सैकड़ों धरनार्थी मौजूद थे.
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए