जनप्रतिनिधियों से उम्मीद टूटी तो ग्रामीणों ने खुद संभाली सड़क की कमान, चंदा जुटाकर डलवायी मिट्टी-गिट्टी
सामूहिक रूप से चंदा कर सड़क पर मिट्टी डलवाते स्थानीय लोग | Prabhat Khabar Network
खास चकाई के पोद्दार टोला से कानूनगो बंगला रोड की बदहाली पर ग्रामीणों में भारी नाराजगी है. जनप्रतिनिधियों की उपेक्षा के कारण आजादी के बाद से सड़क पक्की नहीं हो सकी. ग्रामीणों ने चंदा जुटाकर सड़क पर मिट्टी-गिट्टी डलवाकर अस्थायी समाधान किया है, लेकिन पक्की सड़क की मांग पर अड़े हैं.
चंद्रमंडीह : चकाई पंचायत के खास चकाई स्थित पोद्दार टोला से कानूनगो बंगला रोड लंबे समय से बदहाली का शिकार है. ग्रामीणों के अनुसार, आजादी के बाद से अब तक सड़क का पक्कीकरण नहीं हो सका है. बरसात के दिनों में कीचड़ और जलजमाव के कारण इस रास्ते से गुजरना मुश्किल हो जाता है. स्कूली बच्चों से लेकर आम राहगीरों तक को परेशानी झेलनी पड़ती है.
चुनाव में मिलता है आश्वासन, फिर भी नहीं बनी पक्की सड़क
ग्रामीणों का कहना है कि सड़क के पक्कीकरण को लेकर कई बार स्थानीय जनप्रतिनिधियों से मांग की गयी, लेकिन अब तक स्थायी समाधान नहीं हुआ. उनका आरोप है कि चुनाव के समय सड़क निर्माण का आश्वासन दिया जाता है, लेकिन चुनाव के बाद इस दिशा में अपेक्षित पहल नहीं होती.
लगातार बनी समस्या को लेकर ग्रामीणों में नाराजगी है.
ग्रामीणों ने चंदा जुटाकर खुद डलवायी मिट्टी-गिट्टी
सड़क की बदहाली से परेशान ग्रामीणों ने अब खुद पहल की. आपसी सहयोग से चंदा जुटाया गया और ट्रैक्टर से सड़क पर मिट्टी व गिट्टी डलवायी गयी.
ग्रामीणों का कहना है कि यह सिर्फ अस्थायी व्यवस्था है. बरसात में सड़क की स्थिति फिर खराब हो सकती है. स्थायी समाधान के लिए कानूनगो बंगला रोड का पीसीसी निर्माण जरूरी है.
प्रशासन से जल्द पक्की सड़क बनाने की मांग
ग्रामीणों ने प्रशासन और संबंधित जनप्रतिनिधियों से सड़क का जल्द पक्कीकरण कराने की मांग की है. उनका कहना है कि वर्षों पुरानी समस्या का समाधान नहीं हुआ तो वे सामूहिक रूप से जनप्रतिनिधियों के समक्ष अपनी नाराजगी दर्ज कराएंगे.
सड़क निर्माण की मांग करने वालों में अमित दुबे, सुरेश पोद्दार, मिथुन पांडेय, मुकेश ठाकुर, विकास पोद्दार, अवधेश पोद्दार, रंजन शुक्ला, गौरव शुक्ला, चंदन शुक्ला, विवेक पांडेय, कृष्णा पोद्दार, राहुल पोद्दार, राधारमण शुक्ला, मंटू शुक्ला, साजन पांडेय, प्रभु पांडेय, नकुल ठाकुर, उत्तम पांडेय और बंटी पांडेय समेत अन्य ग्रामीण शामिल हैं.
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए