वांछित अपराधी को पकड़ने गयी पुलिस टीम पर जानलेवा हमला, दो एसआइ व सिपाही घायल
Published by :PANKAJ KUMAR SINGH
Published at :20 Apr 2026 6:16 PM (IST)
विज्ञापन

टाउन थाना क्षेत्र के खैरमा गांव में सोमवार को वांछित अपराधी को पकड़ने गयी पुलिस टीम पर जानलेवा हमला कर दिया गया.
विज्ञापन
खैरमा गांव में दबिश के दौरान परिवार व सहयोगियों ने लाठी-डंडा व पत्थर से किया हमला, मुख्य आरोपी समेत पांच गिरफ्तार
जमुई. टाउन थाना क्षेत्र के खैरमा गांव में सोमवार को वांछित अपराधी को पकड़ने गयी पुलिस टीम पर जानलेवा हमला कर दिया गया. इस हमले में दो एसआइ और एक सिपाही गंभीर रूप से घायल हो गये. हालांकि पुलिस ने साहस का परिचय देते हुए मुख्य आरोपी ढेबू यादव उर्फ लालमोहन यादव समेत पांच लोगों को गिरफ्तार कर लिया है. घायलों में टाउन थाना में कार्यरत एसआई सुनील कुमार साह, बिक्रम कुमार और सिपाही रणबीर कुमार शामिल हैं. घायलों को इलाज के लिए तत्काल सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां चिकित्सक डॉ मनीष कुमार द्वारा उनका इलाज किया गया. बताया जाता है कि खैरमा निवासी ढेबू यादव उर्फ लालमोहन यादव पर टाउन थाना में हत्या के प्रयास का मामला दर्ज करवाया गया था. जिसमें वह फरार चल रहा था. टाउन थाना पुलिस को सूचना मिली थी कि वह अपने घर पर आया हुआ है. सूचना के आधार पर उक्त मामले के आइओ एसआइ सुनील कुमार साह के नेतृत्व में पुलिस टीम सादे कपड़ों में खैरमा गांव स्थित चिमनी भट्ठा के समीप पहुंची और ढेबू यादव को दबोच लिया. इसी दौरान आरोपी के परिवार के सदस्य और सहयोगियों ने लाठी-डंडा और ईंट-पत्थर से पुलिस टीम को घेरकर हमला कर दिया. अचानक हुए इस हमले में तीन पुलिस कर्मी घायल हो गये. सदर अस्पताल में पुलिस कर्मियों के इलाज के बाद डॉ मनीष कुमार ने बताया की सभी घायलों की हालत खतरे से बाहर है. पुलिसकर्मियों का सिर फटा है उन्हें सीटी स्कैन के लिए भेजा गया है. रिपोर्ट आने के बाद ही आगे कुछ बताया जा सकेगा. घटना के बाद खैरमा मोहल्ला में तनाव फैल गया. भीड़ को नियंत्रित करने और माहौल शांत करने के लिए पुलिस को हल्का बल भी प्रयोग करना पड़ा. साथ ही खैरमा में विधि व्यवस्था को लेकर एसडीपीओ के निर्देश पर कई थाना की पुलिस बल तैनात किया गया है.हमले की सूचना पर पहुंची पुलिस टीम
टाउन थाना पुलिस पर हमला होने की सूचना मिलते ही टाउन थाना से पुलिस टीम खैरमा पहुंच हमलावरों को खदेड़ना शुरू कर दिया. इस दौरान पुलिस ने कुख्यात अपराधी ढेबू यादव तथा उनके चार सहयोगियों को खेदड़ कर गिरफ्तार कर लिया. बताया जाता है कि गिरफ्तार ढेबू यादव पर जिले के विभिन्न थाना तथा रेल थाना में एक दर्जन से अधिक मामला दर्ज है और सभी मामलों में फरार चल रहा था.सादे लिबास में पुलिस को नहीं पहचान सका आरोपी
गिरफ्तार आरोपी ढेबू यादव ने बताया कि सादे लिबास में पुलिसकर्मियों को पहचान नहीं सका था. उसका कहना है कि सादे कपड़ों में आए लोगों को उसने अपराधी समझ लिया और इसी गलतफहमी में हमला कर दिया. आरोपी ने यह भी कहा कि अगर उसे पता होता कि वे पुलिसकर्मी हैं, तो वह ऐसा कदम नहीं उठाता.एक दर्जन से अधिक मामलों में फरार चल रहे आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम खैरमा गयी थी. पुलिस को देखते ही आरोपी ने अपने सहयोगियों के साथ मिलकर पुलिस टीम पर हमला कर दिया, जिसमें तीन पुलिसकर्मी घायल हो गए. उन्होंने बताया कि पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुये मुख्य आरोपी सहित पांच लोगों को गिरफ्तार कर लिया है. उन्होंने बताया कि कुख्यात ढेबू यादव पर एक दर्जन से अधिक मामले जिले के विभिन्न थाना में दर्ज है. जिसमें हत्या, हत्या का प्रयास, लूट, छीनतई सहित अन्य मामले शामिल हैं. उन्होंने बताया कि पुलिस टीम पर हमला करने वाले अन्य लोगों की गिरफ्तारी को लेकर छापेमारी की जा रही है जल्द ही उन्हें भी गिरफ्तार कर लिया जायेगा.सतीश सुमन, एसडीपीओ
पुलिस टीम पर हमला मामले में प्राथमिकी दर्ज कर ली गयी है. गिरफ्तार अपराधी ढेबू यादव सहित अन्य लोगों को कागजी प्रक्रिया पूरी कर न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया की जा रही है.अमरेंद्र कुमार, टाउन थानाध्यक्षB
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
विज्ञापन
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए
विज्ञापन




